Begin typing your search...

Dhurandhar 2 के मेकर्स ने क्यों चुनी 19 मार्च की तारीख? इस बार Netflix पर नहीं JioHotstar पर होगी रिलीज

आदित्य धर की जासूसी थ्रिलर 'धुरंधर 2: द रिवेंज'19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म थिएटर रन के बाद जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी और इसे कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा.

dhurandhar 2 the revenge release date ott platform box office details
X
( Image Source:  Youtube: JioStudios )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय

Updated on: 4 Feb 2026 2:14 PM IST

आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' (Dhurandhar: The Revenge) इस साल की सबसे ज्यादा इंतजार वाली फिल्मों में से एक है. यह फिल्म पहले भाग 'धुरंधर' की कहानी को आगे बढ़ाती है. पहली फिल्म पिछले साल दिसंबर में सिनेमाघरों में आई थी और उसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इतनी कमाई की कि वह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई. लोगों को उम्मीद है कि दूसरा भाग पहले से भी ज्यादा सफल होगा और फिर से इतिहास रच देगा.

पहली फिल्म 'धुरंधर' ने सिनेमाघरों में धमाल मचा दिया था. इसने भारत में लगभग 1050 करोड़ रुपये से ज्यादा और विदेशों में 290 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. कुल मिलाकर दुनिया भर में इसकी कमाई 1300 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गई. यह फिल्म रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े कलाकारों से सजी थी. निर्देशक आदित्य धर ने इसे जासूसी एक्शन थ्रिलर के रूप में बनाया, जो पाकिस्तान में एक भारतीय जासूस की कहानी पर आधारित है. इसकी सफलता के कारण अब सीक्वल 'धुरंधर 2: द रिवेंज' को लेकर लोगों में बहुत जोश है. निर्माता मानते हैं कि यह फिल्म मार्च में रिलीज होने पर पहले भाग जितनी या उससे भी ज्यादा कमाई कर सकती है.

रिलीज डेट और प्लेटफॉर्म की जानकारी

'धुरंधर 2: द रिवेंज' का टीज़र हाल ही में जारी हुआ है. इसमें पता चला है कि यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. रिलीज की तारीख बहुत अच्छी चुनी गई है क्योंकि उस दिन ईद, गुड़ी पड़वा और उगादी जैसे बड़े त्योहार हैं. इससे दर्शकों की भीड़ थिएटरों में आने की उम्मीद है।सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद यह फिल्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी और स्टार गोल्ड चैनल पर भी दिखाई जाएगी. यह पहले भाग से अलग है. पहली फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में आई थी और 8 हफ्ते बाद यानी 30 जनवरी 2026 को नेटफ्लिक्स इंडिया पर स्ट्रीम हुई थी.

स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म में बदलाव क्यों?

पहली फिल्म नेटफ्लिक्स पर आई थी और भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी टॉप 10 में पहुंच गई थी. लेकिन ओटीटी पर कुछ दर्शकों ने शिकायत की कि स्क्रीन रेशियों, रंगों की ग्रेडिंग और कुछ तकनीकी समस्याओं की वजह से देखने का मजा कम हो गया. अब सीक्वल जियोहॉटस्टार पर आने से निर्माताओं को उम्मीद है कि ये समस्याएं दूर होंगी और दर्शकों को बेहतर अनुभव मिलेगा. एक वजह यह भी हो सकती है कि पहली फिल्म की बहुत बड़ी सफलता और सीक्वल के क्रेज को देखते हुए जियोहॉटस्टार ने डिजिटल राइट्स के लिए ज्यादा पैसे दिए होंगे. तीसरी और महत्वपूर्ण वजह यह है कि जियो स्टूडियोज ही 'धुरंधर' सीरीज का प्रोडक्शन हाउस है और जियोहॉटस्टार भी उसी कंपनी के अंदर आता है. पहले भाग में निर्माताओं को बजट रिकवर करने के लिए सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले (नेटफ्लिक्स) को राइट्स बेचने पड़े थे.अब अपनी ही कंपनी के प्लेटफॉर्म पर फिल्म आने से वे रिलीज की तारीख और अन्य चीजें खुद बेहतर तरीके से कंट्रोल कर पाएंगे.

ज्यादा भाषाओं में रिलीज और कॉम्पिटिशन

इस बार 'धुरंधर 2' को हिंदी के अलावा तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा. इससे साउथ इंडिया में भी ज्यादा दर्शक जुड़ेंगे. लेकिन कॉम्पिटिशन भी कड़ा है. 19 मार्च को ही यश की कन्नड़ फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल' रिलीज हो रही है. 10 अप्रैल को आदिवी शेष की 'डकैत: ए लव स्टोरी' और 17 अप्रैल को सलमान खान की 'बैटल ऑफ गलवान' आएगी. फिर भी, पहले भाग की सफलता को देखते हुए 'धुरंधर 2' पर सबसे ज्यादा नजरें टिकी हैं.

म्यूजिक में भी बड़ा बदलाव

पहली फिल्म का म्यूजिक शशवत सचदेव ने बनाया था और सारेगामा ने उसे प्रेजेंट किया था वह गाने बहुत हिट हुए थे. लेकिन अब सीक्वल का संगीत टी-सीरीज (भूषण कुमार) द्वारा प्रेजेंट किया जाएगा. खबरों के अनुसार, टी-सीरीज ने म्यूजिक राइट्स के लिए 27 करोड़ रुपये दिए हैं। टी-सीरीज की यूट्यूब पर बहुत बड़ी पहुंच है और वह मार्केटिंग में भी बहुत मजबूत है. इससे फिल्म को ज्यादा प्रमोशन मिलेगा. हालांकि, सारेगामा छूटने से पुराने कुछ क्लासिक गानों का इस्तेमाल शायद न हो पाए, जैसे पहले भाग में हुआ था. लेकिन टी-सीरीज के पास भी पुराने गानों का अच्छा कलेक्शन है.

Ranveer Singhbollywood
अगला लेख