Begin typing your search...

'मुझ पर भूत का साया', लैडिंग से पहले यात्री ने की इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, किया अनोखा दावा

बीते दिन इंडिगो की फ्लाइट से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां पर लैंडिग के 15 मिनट बाद एक युवक इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश करने लगा और फिर उनसे दावा किया कि उस पर भूत का साया था जिसके बाद फ्लाइट में हलचल मच गई.

मुझ पर भूत का साया, लैडिंग से पहले यात्री ने की इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, किया अनोखा दावा
X
( Image Source:  ANI )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी2 Mins Read

Published on: 29 March 2026 8:07 PM

शनिवार 28 मार्च की रात एक इंडिगो फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक यात्री ने लैंडिंग से ठीक पहले इमरजेंसी एग्जिट दरवाजा खोलने की कोशिश कर दी. हालात इतने गंभीर हो गए कि पायलट को तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए लैंडिंग टालनी पड़ी. बाद में जब यात्री से पूछताछ हुई तो उसने चौंकाने वाला दावा किया. उस पर 'भूत सवार' था.

बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इस फ्लाइट में सवार अन्य यात्रियों के लिए यह सफर डरावना अनुभव बन गया. हालांकि, क्रू मेंबर्स और पायलट की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई और विमान सुरक्षित उतार लिया गया.

फ्लाइट में क्या हुआ था?

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-185 बेंगलुरु से शाम करीब 8:15 बजे रवाना हुई थी. उत्तर प्रदेश के मऊ जिले का रहने वाला मोहम्मद अदनान भी उसी फ्लाइट में सवार था. उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद ही उसने पहली बार इमरजेंसी एग्जिट डोर से छेड़छाड़ करने की कोशिश की. कैबिन क्रू ने तुरंत उसे रोकते हुए चेतावनी दी. उस समय अदनान ने इसे गलती बताते हुए माफी मांग ली.

लैंडिंग से ठीक पहले क्यों बढ़ा खतरा?

फ्लाइट के दौरान अदनान कुछ समय तक सामान्य रहा, लेकिन रात करीब 10:20 बजे, जब विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरने ही वाला था और लगभग 500 फीट की ऊंचाई पर था, उसने फिर से इमरजेंसी डोर खोलने की कोशिश की. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत लैंडिंग रोक दी और विमान को दोबारा हवा में घुमाया. इसके बाद गो-अराउंड प्रक्रिया अपनाते हुए विमान को 10:35 बजे सुरक्षित उतारा गया.

यात्रियों का कैसा रहा रिएक्शन?

इस पूरी घटना से विमान में मौजूद यात्री काफी घबरा गए थे. कई लोगों ने क्रू और पायलट की सूझबूझ की तारीफ की, जिन्होंने समय रहते स्थिति को संभाल लिया और बड़ी दुर्घटना टाल दी.

आरोपी ने पूछताछ में क्या कहा?

सुरक्षा एजेंसियों ने लैंडिंग के बाद तुरंत अदनान को हिरासत में ले लिया. एयरपोर्ट पर पूछताछ के दौरान पहले उसने कहा कि उसे समझ नहीं आया कि वह ऐसा क्यों कर रहा था. लेकिन बाद में उसने दावा किया कि उस पर 'भूत का साया' था. पुलिस स्टेशन में पूछताछ के दौरान उसने यह भी कहा कि वह गोवा से छुट्टियां मनाकर लौट रहा था और उसे यह नहीं पता था कि जिस हैंडल को वह खींच रहा है, वह इमरजेंसी एग्जिट डोर का है.

अगला लेख