'बाजीराव मस्तानी' में मस्तानी क्यों नहीं बनीं प्रियंका? दिया जवाब
‘बाजीराव मस्तानी’ में रणवीर सिंह ने पेशवा बाजीराव, प्रियंका चोपड़ा ने उनकी पहली पत्नी काशीबाई और दीपिका पादुकोण ने दूसरी पत्नी मस्तानी का किरदार निभाया था।

संजय लीला भंसाली बॉलीवुड के उन चुनिंदा फिल्ममेकर्स में से एक हैं जो कम लेकिन मजबूत और सफल फिल्में बनाते हैं। बेमिसाल स्टारकास्ट, शानदार सेट और कारीगरी किए गए कॉस्ट्यूम्स, ये उनकी फिल्मों की पहचान हैं। ऐसा ही उनकी एक फिल्म है 'बाजीराव मस्तानी' जो 2015 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को लेकर जब प्रियंका चोपड़ा से सवाल किया गया कि दीपिका की जगह उन्होंने मस्तानी का किरदार क्यों नहीं निभाया तो ऐक्ट्रेस ने हमेशा की तरह अपने जवाब से सभी की बोलती बंद कर दी।
पुराना वीडियो हो रहा वायरल
बता दें, ‘बाजीराव मस्तानी’ में रणवीर सिंह ने पेशवा बाजीराव, प्रियंका चोपड़ा ने उनकी पहली पत्नी काशीबाई और दीपिका पादुकोण ने बाजीराव की दूसरी पत्नी मस्तानी का किरदार निभाया था और फिल्म सुपरहिट हुई थी। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक पत्रकार ने प्रियंका चोपड़ा से पूछा कि उन्होंने फिल्म में मस्तानी का किरदार क्यों नहीं निभाया? या क्या संजय लीला भंसाली ने उन्हें मस्तानी बनने के लिए कहा था?
रोल के लिए भेजे गए ढेर सारे फूल
प्रियंका ने इस सवाल के जवाब में कहा, 'काशीबाई के रोल के लिए मुझे इतने सारे फूल भेजे गए हैं कि मेरा घर एक गार्डन जैसा लग रहा है। आपने फिल्म देखी है? मैं क्यों करती? काशी पसंद नहीं आई क्या? मेरा घर देखना गार्डन बन गया है।' प्रियंका के इस जवाब ने लोगों की बोलती ही बंद कर दी। फिल्म में प्रियंका के रोल का स्क्रीन टाइम कम होने के बावजूद लोगों ने उनके कैरेक्टर को बेहद पसंद किया। फिल्म में उनका डायलॉग 'आप हमसे हमारी जान मांग लेते हम खुशी-खुशी दे देते, पर आपने तो हमसे हमारा गुरूर ही छीन लिया' काफी फेमस हुआ।
फिल्म छोड़ना चाहती थीं प्रियंका
फिल्म में प्रियंका के को-स्टार रणवीर सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि शूटिंग शुरू होने के 3 दिन बाद ही प्रियंका फिल्म को छोड़ना चाहती थीं। प्रियंका सेट पर शूट के दौरान रोने लगी थीं क्योंकि वह संजय के डायरेक्शन स्टाइल से बेखबर थीं। प्रियंका ने अपने किरदार को लेकर कहा था कि काशीबाई उनका उस वक्त का सबसे मुश्किल किरदार था। उन्होंने ट्वीट के जरिए लोगों से रोल के बारे में शेयर करते हुए लिखा था, 'शूटिंग के दौरान चीजें कम पता चलती थीं लेकिन जब मैं बेड पर आती थी तो उस वक्त मुझे एहसास होता था कि मैं कितनी ज्यादा थक गई हूं।'