सब्सक्रिप्शन होने के बाद भी OTT प्लेटफॉर्म पर नहीं देख पाएंगे फिल्म ‘रामायण’, खरीदना पड़ेगा ये एक्सेस
5 नवंबर को रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ थिएटर में रिलीज होने वाली है. इसके बाद जल्द ही यह फिल्म जियोहॉटस्टार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी.
रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है. रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म को लेकर लगातार चर्चा हो रही है और इसी बीच मेकर्स ने इसकी ओटीटी रिलीज को लेकर भी बड़ा ऐलान कर दिया है.
फिल्म के थिएटर में रिलीज होने के बाद दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे. लेकिन इसके लिए आपको पे-पर-व्यू ऑप्शन चुनना होगा, जिसके लिए अलग से पैसे देने पड़ सकते हैं. वहीं, मेकर्स ने इस प्लेटफॉर्म को चुनने की वजह बताते हुए कहा कि ‘रामायण’ जैसी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कहानी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना उनका मकसद है.
किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आएगी ‘रामायण’?
हाल ही में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी फिल्म के प्रमोशन के लिए हैदराबाद पहुंचे थे, जहां एक खास इवेंट हुआ. इसके बाद चेन्नई में फिल्म के गानों को लॉन्च किया गया. इसी बीच मेकर्स ने यह भी बताया कि सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद ‘रामायण’ जियो हॉटस्टार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देखने को मिलेगी.
जियोहॉटस्टार को ही क्यों चुना गया?
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा का कहना है कि ‘रामायण’ को बड़े पर्दे पर देखने का मजा ही अलग होगा. उन्होंने दर्शकों से इसे आईमैक्स 3डी में देखने की बात भी कही. लेकिन देश में हर किसी के लिए सिनेमाघर जाकर फिल्म देखना आसान नहीं है. इसलिए मेकर्स चाहते हैं कि यह कहानी ओटीटी के जरिए लोगों के घरों तक भी पहुंचे. नमित ने बताया जियोहॉटस्टार खेल और मनोरंजन के जरिए देशभर के लोगों को जोड़ता है. इसी वजह से फिल्म के लिए इस प्लेटफॉर्म को चुना गया, ताकि सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें.
कैसे देख पाएंगे ओटीटी पर ये फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिनेमाघरों में रिलीज का समय पूरा होने के बाद ‘रामायण’ जियोहॉटस्टार पर पे-पर-व्यू ऑप्शन के जरिए देखी जा सकेगी. इसका मतलब है कि फिल्म देखने के लिए दर्शकों को अलग से पैसे देकर इसे खरीदना पड़ सकता है. यानी सिर्फ ओटीटी का सब्सक्रिप्शन होने से फिल्म देखने की सर्विस मिले, यह जरूरी नहीं है. हालांकि, इसे खरीदने की कीमत से जुड़ी बाकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
कितने दिन बाद होगी स्ट्रीम?
हिंदी और दूसरी फिल्मों को आमतौर पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद 8 हफ्ते यानी 56 दिन तक ओटीटी पर नहीं लाया जाता है. इस दौरान फिल्म सिर्फ सिनेमाघरों में देखी जा सकती है. इसके बाद ही उसे ऑनलाइन देखने के लिए रिलीज किया जाता है.




