ये इंडिया है बाबू, हर जगह वेटिंग है... किस पर है Divyenndu की Waiting Hai की कहानी, कौन सा स्कैम आएगा सामने
रेलवे टिकट की वेटिंग लिस्ट भारतीय यात्रियों के लिए रोजमर्रा की परेशानी है, लेकिन अब यही समस्या एक बड़े रहस्य और घोटाले की कहानी बन गई है. प्राइम वीडियो की आने वाली सीरीज़ ‘वेटिंग है’ का टीज़र दर्शकों को रेलवे सिस्टम की उस दुनिया में ले जाता है, जहां आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए इंतजार करना पड़ता है, जबकि कुछ एजेंटों को आसानी से सीट मिल जाती है.
रेलवे की वेटिंग लिस्ट में टिकट फंसना भारतीय यात्रियों के लिए कोई नई बात नहीं है. लेकिन अब इसी आम परेशानी को एक दिलचस्प रहस्य और घोटाले की कहानी में बदलकर पेश किया जा रहा है. प्राइम वीडियो ने अपनी आने वाली सीरीज ‘वेटिंग है’ का टीजर जारी कर दिया है. सीरीज़ में कॉमेडी, रेलवे की अव्यवस्था और एक बड़े टिकट घोटाले की जांच देखने को मिलेगी.
सीरीज की कहानी सुगम मिश्रा नाम के एक नए-नवेले रेलवे पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है. इस रोल में अभिनेता दिव्येंदु नजर आएंगे. सुगम के लिए रेलवे सिस्टम का पहला अनुभव ही परेशानी भरा होता है, जब उनका टिकट वेटिंग लिस्ट में चला जाता है. लेकिन जल्द ही उन्हें पता चलता है कि टिकट की यह समस्या सिर्फ संयोग नहीं है.
वेटिंग लिस्ट के पीछे दिखा बड़ा खेल
जांच के दौरान सुगम को एक अजीब पैटर्न नजर आता है. आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, जबकि कुछ एजेंटों को आसानी से सीट मिल जाती है. इस अंतर पर शक होने के बाद सुगम पूरे मामले की तह तक जाने का फैसला करते हैं. उनकी जांच धीरे-धीरे एक बड़े नेटवर्क और कथित टिकट घोटाले की ओर बढ़ती है.
हैकर और पुलिस के बीच दिलचस्प टकराव
कहानी में भुवन अरोड़ा एक हैकर की भूमिका में नजर आएंगे. तकनीक की मदद से जांच को आगे बढ़ाने वाला यह किरदार सुगम के सामने नई चुनौती खड़ी करता है. दोनों के बीच टकराव के साथ कहानी एक तरह के चूहे-बिल्ली के खेल में बदलती दिखाई देती है. हालांकि, आगे चलकर यह सवाल भी उठता है कि दोनों वास्तव में एक-दूसरे के दुश्मन हैं या उनका मकसद एक ही है.
कॉमेडी के साथ दिखेगा रेलवे सिस्टम
टीजर में रेलवे स्टेशन की भीड़, टिकट की जद्दोजहद और कन्फर्म सीट पाने की यात्रियों की बेचैनी को हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाया गया है. सीरीज़ इसी रोजमर्रा की परेशानी को एक बड़े रहस्य से जोड़ती है. कहानी में हास्य के साथ पुलिस जांच और तकनीक का भी अहम रोल देखने को मिलेगा.
सीरीज का डायरेक्शन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर समीर विद्वान्स ने किया है. इसमें कुमुद मिश्रा, विजय मौर्य, हर्षिता गौर, सृष्टि तारे और सुनीता राजवार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. ज्योति देशपांडे और अजय राय इसके प्रोड्यूसर्स हैं.
‘वेटिंग है’ रेलवे टिकट की आम समस्या को एक बड़े घोटाले की कहानी से जोड़ती है. देसी कॉमेडी, रहस्य और पुलिस जांच के इस मिक्स से सीरीज दर्शकों के लिए एक अलग तरह का मनोरंजन पेश करने की कोशिश करती है. यह सीरीज प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगी.




