पंचायत 5 पर आया बड़ा अपडेट, कितना हुआ काम और कितना बाकी, जानें आप कब देख सकेंगे सीरीज
'पंचायत' के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. जितेंद्र कुमार की इस पॉपुलर वेब सीरीज के पांचवें सीजन का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है. डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि 'पंचायत 5' की एडिटिंग जारी है और इसकी रिलीज अक्टूबर या नवंबर 2026 के आसपास हो सकती है. वहीं, चुनाव के बाद फुलेरा के किरदारों की जिंदगी में नए बदलाव देखने को मिलेंगे.
जितेंद्र कुमार की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ का पांचवां सीजन दर्शकों के बीच काफी चर्चा में है. फुलेरा गांव के किरदारों और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी की कहानी ने इस सीरीज को खास पहचान दिलाई है. अब इसके नए सीजन की रिलीज को लेकर डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा ने अहम जानकारी शेयर की है.
दीपक कुमार मिश्रा ने एक इंटरव्यू में बताया कि ‘पंचायत 5’ की एडिटिंग का काम अभी चल रहा है. फिलहाल इसकी रिलीज डेट तय नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि सीजन 5 अक्टूबर या नवंबर 2026 के आसपास रिलीज हो सकता है. हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है.
चुनाव के बाद बदल जाएगी फुलेरा की कहानी
निर्देशक ने नए सीजन की कहानी को लेकर भी संकेत दिए हैं. उन्होंने बताया कि पिछले सीजन में फुलेरा पंचायत के चुनाव हो चुके हैं और प्रधान जी चुनाव हार चुके हैं. अब कहानी इस बात पर आगे बढ़ेगी कि चुनाव के बाद प्रधान जी और गांव के बाकी लोगों की जिंदगी किस तरह बदलती है.
खास तौर पर चुनाव हारने के बाद प्रधान जी की जिंदगी और गांव में उनकी स्थिति को नए सीजन में दिखाया जाएगा. इसके अलावा सीरीज के दूसरे प्रमुख किरदारों की जिंदगी में भी आगे क्या होता है, इस पर कहानी केंद्रित होगी.
क्या सीजन 5 के बाद खत्म होगी सीरीज?
‘पंचायत’ के पांचवें सीजन को लेकर यह सवाल भी उठ रहा था कि क्या यह सीरीज का आखिरी सीजन होगा. इस पर निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने साफ कहा कि ऐसा कुछ नहीं है. यानी दर्शकों को आगे भी फुलेरा गांव और इसके पसंदीदा किरदारों की कहानी देखने को मिल सकती है.
2020 में शुरू हुआ था सफर
‘द वायरल फीवर’ यानी TVF के बैनर तले बनी ‘पंचायत’ साल 2020 में रिलीज हुई थी. कहानी अभिषेक त्रिपाठी की है, जिसका किरदार जितेंद्र कुमार ने निभाया है. नौकरी के सिलसिले में अभिषेक फुलेरा गांव पहुंचता है और वहां ग्राम पंचायत सचिव के तौर पर काम शुरू करता है.
सीरीज में जितेंद्र कुमार के अलावा नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, चंदन रॉय, फैसल मलिक, संविका, दुर्गेश कुमार, अशोक पाठक, सुनीता राजवार और पंकज झा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं. अब फैंस को ‘पंचायत 5’ की आधिकारिक रिलीज डेट का इंतजार है.




