Begin typing your search...

बहन Celina Jaitly से संपर्क नहीं रखना चाहते UAE की जेल में बंद Vikrant Jaitly? दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला

दिल्ली हाई कोर्ट ने सेलिना जेटली की याचिका खारिज कर दी, जो उन्होंने UAE में हिरासत में भाई के लिए दायर की थी. कोर्ट ने माना कि विक्रांत खुद अपनी पत्नी को कानूनी अधिकार दे चुके हैं और बहन से संपर्क नहीं चाहते.

celina jaitly brother uae detention delhi high court dismissed petition
X
( Image Source:  Instagram: celinajaitlyofficial )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Published on: 17 March 2026 12:51 PM

दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली (Celina Jaitly) की एक याचिका को खारिज कर दिया. यह याचिका उन्होंने अपने भाई विक्रांत जेटली के लिए दायर की थी, जो भारतीय सेना के रिटायर्ड मेजर हैं और अभी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में हैं. कोर्ट ने कहा कि विक्रांत अपनी बहन से संपर्क नहीं करना चाहते हैं और उन्होंने अपनी पत्नी चारुल जेटली को ही कानूनी फैसले लेने की जिम्मेदारी दी है. सेलिना ने इस फैसले के बाद इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने भारत सरकार और कोर्ट का बहुत-बहुत शुक्रिया अदा किया.

उन्होंने लिखा कि आज दिल्ली हाई कोर्ट में उनकी याचिका की आखिरी सुनवाई हुई थी. सेलिना ने बताया कि माता-पिता की अनुपस्थिति में उन्हें लगा कि यह उनका फर्ज है कि वे अपने भाई की मदद करें. वे बहुत चिंतित थीं क्योंकि उनका भाई विदेश में है और वहां उसकी सुरक्षा और हालात की जानकारी नहीं मिल रही थी. इसलिए उन्होंने कोर्ट का सहारा लिया ताकि उनके भाई को सही कानूनी मदद और सुरक्षा मिल सके. उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद बहुत मुश्किल दौर से गुजर रही हैं. उनकी अपनी शादी से जुड़ी समस्याएं चल रही हैं और व्यक्तिगत जीवन में भी परेशानियां हैं, लेकिन फिर भी भाई की फिक्र सबसे ऊपर रही. इसी वजह से उन्होंने कोर्ट में याचिका दायर की.

अब तक कितनी मुलाकात

पोस्ट में सेलिना ने विदेश मंत्रालय का भी धन्यवाद किया. कोर्ट में विदेश मंत्रालय ने बताया कि अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने विक्रांत से उनकी गिरफ्तारी के बाद अब तक 9 बार मुलाकात की है. ये मुलाकातें कांसुलर एक्सेस के तहत होती हैं, जिसमें उनकी सेहत और हालात की जानकारी ली जाती है और कानूनी मदद की व्यवस्था की जाती है. इससे सेलिना को थोड़ी राहत मिली है. वे खुश हैं कि भारत सरकार अपने एक पूर्व सैनिक के साथ खड़ी है और उसके हक की रक्षा कर रही है. अपने पोस्ट को खत्म करते हुए सेलिना ने लिखा कि उनका एकमात्र मकसद हमेशा से यही रहा है कि उनके भाई की सुरक्षा बनी रहे, उनकी इज्जत बनी रहे और उन्हें सही तरीके से व्यवहार मिले.

कोर्ट में क्या हुआ था?

सेलिना ने याचिका में कहा था कि उनका भाई 6 सितंबर 2024 से UAE में 'अवैध रूप से अगवा' करके हिरासत में रखा गया है. उन्होंने कोर्ट से गुजारिश की थी कि विदेश मंत्रालय उनकी मदद करे ताकि विक्रांत से संपर्क हो सके, उन्हें अच्छा वकील मिले और उनकी सेहत की नियमित जानकारी दी जाए. लेकिन सोमवार की सुनवाई में कोर्ट ने देखा कि विक्रांत खुद अपनी बहन से बात नहीं करना चाहते. उन्होंने कहा कि कानूनी फैसले उनकी पत्नी लेंगी. जज ने सेलिना के वकील से पूछा, 'अब आपके पास क्या अधिकार बचा है?.' कोर्ट ने फैसला दिया कि याचिका को अब बनाए रखने की कोई जरूरत नहीं है. इसलिए इसे बंद कर दिया गया. कोर्ट ने आदेश दिया कि सरकारी अधिकारी विक्रांत के संपर्क में बने रहेंगे और कानून के मुताबिक जितनी मदद संभव है, वह देते रहेंगे.

विक्रांत जेटली कौन हैं?

विक्रांत भारतीय सेना में मेजर रह चुके हैं. उन्होंने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र की शांति मिशन में भी सेवा दी थी. 2016 से वे UAE में रह रहे थे और वहां मैटीटी ग्रुप नाम की कंपनी में काम करते थे, जो बिजनेस, कंसल्टिंग और रिस्क मैनेजमेंट का काम करती है. पिछले साल सितंबर से वे वहां हिरासत में हैं, यानी अब 1 साल से ज्यादा समय हो गया है. सेलिना ने शुरुआत में MADAD पोर्टल पर शिकायत की थी और दूतावास से मदद मांगी थी, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने कोर्ट का रास्ता अपनाया.

सेलिना जेटली कौन हैं?

सेलिना एक मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री और मॉडल हैं. उन्होंने 2001 में फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीता था और उसी साल मिस यूनिवर्स में चौथी रनर-अप रहीं। वे फिल्मों जैसे 'नो एंट्री', 'अपना सपना मनी मनी', 'गोलमाल रिटर्न्स' और 'थैंक यू' में नजर आई हैं.

bollywood
अगला लेख