रियलिटी शोज का ही हो रियलिटी चेक... क्यों भड़के हुए हैं Sourabh Raaj Jain, कहा- ये मनोरंजन नहीं अत्याचार करते हैं
इन दिनों टीवी पर कई रिएलिटी शो आ रहे हैं. इन पर कमेंट करते हुए टीवी एक्टर सौरभ जैन ने इंस्टा स्टोरी में कहा है कि ये शो मनोरंजन नहीं करते बल्कि इन्हें रिएलिटी चेक की जरूरत है.
सोशल मीडिया आजकल के समय में अपनी बात रखने का सशक्त माध्यम बन गया है. इसी का फायदा उठाते हुए अब टीवी एक्टर सौरभ राज जैन ने रियलिटी टीवी शो पर अपने राय दी है.
इंस्टा स्टोरी पर उन्होंने कहा, 'मुझे इस बारे में चुप रहने के लिए कहा गया था क्योंकि इसका मेरी प्रोफेश्नल लाइफ से कोई लेना-देना नहीं है...लेकिन मुझे इंसानियत के नाते यह कहना ही होगा.... रियलिटी शो को रिएलिटी का सामना करने की जरूरत है....टीआरपी के लिए वे जिस तक गिर रहे हैं, वह भयावह है. यह मनोरंजन नहीं है.'
एक्टर ने दिखाए जा रहे कंटेंट के स्वरूप पर निराशा जताई और ऐसे कार्यक्रमों से जुड़े लोगों की ज़िम्मेदारी पर सवाल उठाए.उन्होंने लिखा, 'यह बीमारी, अत्याचारी,अमानवीय और क्रूर है.ये सब बातें इसमें शामिल हैं... मुझे हैरानी होती है कि ऐसे शो के जाने-माने होस्ट यह सब कैसे होने देते हैं... यह वाकई दुखद है. उम्मीद है कि इंडस्ट्री में बेहतर समझ आएगी... हम किस तरह का बेंचमार्क सेट कर रहे हैं?.'
सौरभ ने आगे लिखा, 'TRP सिर्फ़ टेलीविजन की व्यूअरशिप के लिए होती है, OTT के लिए नहीं. जरा इस बात को समझें... समझदार के लिए इशारा ही काफी है. हालांकि, मेरा मानना है कि प्लैटफॉर्म चाहे कोई भी हो,कंटेंट ऐसा होना चाहिए जो हुनर और कला पर आधारित हो और मनोरंजन के साथ-साथ कुछ वैल्यू भी दे...न कि वही आम बकवास.'
सौरभ ने किसी खास रियलिटी शो का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी ये बातें ऐसे समय में आई हैं जब कई टेलीविज़न रियलिटी शो सोशल मीडिया पर अपने कंटेंट और फॉर्मेट को लेकर आलोचना का सामना कर रहे हैं.दिलचस्प बात यह है कि सौरभ खुद भी रियलिटी टीवी की दुनिया से अनजान नहीं हैं. पिछले कुछ सालों में, उन्होंने 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 11' और 'नच बलिए 9' जैसे पॉपुलर शो में हिस्सा लिया है.




