Begin typing your search...

क्या डॉक्टरों के खिलाफ भड़काएगी सनी देओल की सूर्या, बन सकती है खतरा, सुनवाई करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने क्या लिया एक्शन?

सनी देओल की फिल्म 'सूर्या' का टीजर अब कोर्ट तक पहुंच गया है. चार डॉक्टरों ने आरोप लगाया है कि फिल्म में डॉक्टरों को गलत तरीके से पेश किया गया है. उनका कहना है कि इससे लोगों में डॉक्टरों के खिलाफ गुस्सा बढ़ सकता है.

क्या डॉक्टरों के खिलाफ भड़काएगी सनी देओल की सूर्या, बन सकती है खतरा, सुनवाई करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने क्या लिया एक्शन?
X

सनी देओल की फिल्म 'सूर्या' के टीजर पर विवाद

( Image Source:  instagram: @iamsunnydeol )

बॉलीवुड एक्टर सनी देओल की आने वाली फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' रिलीज से पहले कानूनी विवाद में घिर गई है. फिल्म के टीजर को लेकर चार निजी अस्पतालों के डॉक्टरों ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. डॉक्टरों का आरोप है कि टीजर में मेडिकल पेशे से जुड़े लोगों को गलत तरीके से दिखाया गया है.

इससे समाज में डॉक्टरों के प्रति गुस्सा बढ़ सकता है और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है. याचिका में फिल्म का टीजर हटाने की मांग की गई है. इस मामले में हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार, सेंसर बोर्ड और फिल्म से जुड़े निर्माताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 नवंबर को होगी, जबकि फिल्म 20 नवंबर को रिलीज होने वाली है.

क्या आरोप लगाए गए?

यह याचिका डॉ. निशांत सोनी, डॉ. आशीष तोमर, डॉ. रवि भाटिया और डॉ. शिवम वत्सल ने दाखिल की है. डॉक्टरों का कहना है कि फिल्म के टीजर में निजी अस्पतालों के डॉक्टरों को मरीजों से ज्यादा पैसे वसूलने, बिना जरूरत जांच कराने और कमीशन के लिए दवाइयां लिखने वाला दिखाया गया है.

याचिका के मुताबिक, टीजर में एक मरीज के मामूली इलाज का बिल 5 लाख रुपये बताया जाता है. वहीं, डॉक्टरों को 25 तरह की जांच कराने की सलाह देते हुए दिखाया गया है। इसमें एक डायलॉग भी है, जिसमें कहा गया है कि अस्पतालों के डॉक्टर पर्चे नहीं, बल्कि कमीशन लिखते हैं. डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह के दृश्य पूरे मेडिकल पेशे की छवि खराब करते हैं.

क्यों बढ़ा विवाद?

डॉक्टरों ने अपनी याचिका में कहा है कि इस तरह का कंटेंट लोगों को डॉक्टरों के खिलाफ भड़का सकता है. पहले से ही मरीजों के परिजनों के गुस्से का सामना करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के लिए यह खतरा बढ़ा सकता है. याचिका में सनी देओल की सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया गया है. आरोप है कि एक्टर ने टीजर शेयर करते हुए लिखा था, 'सतर्क रहिए और अगर कुछ गलत हो तो लड़िए. ' डॉक्टरों का कहना है कि सनी के लाखों फॉलोअर्स तक पहुंचने से टीजर का असर और बढ़ सकता है.

किस-किस को मिला हाईकोर्ट का नोटिस?

जस्टिस अमित महाजन की बेंच ने केंद्र सरकार, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC), फिल्म निर्माता MM Moviez और जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज को नोटिस जारी किया है. सभी से मामले में जवाब मांगा गया है. अब 16 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर नजर रहेगी, क्योंकि फिल्म की रिलीज में भी ज्यादा समय नहीं बचा है.

अगला लेख