बहन की मौत, दोस्तों पर शक और जीत का जुनून… स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क में खुलेगा कौन-सा राज, कब और कहां देखें, ऐसा है ट्रेलर
करण जौहर की फ्रेंचाइजी स्टूडेंट ऑफ द ईयर इस बार डार्क और रहस्यमयी अंदाज में लौट रही है. स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क के ट्रेलर में शनाया कपूर जुड़वां बहनों आयशा और अदिति के किरदार में नजर आ रही हैं. बहन की संदिग्ध मौत, स्कूल की दुश्मनी और खतरनाक कॉम्पिटिशन के बीच कातिल की तलाश कहानी को दिलचस्प बनाती है.
करण जौहर की चर्चित फ्रेंचाइजी स्टूडेंट ऑफ द ईयर एक नए और डार्क अंदाज में लौट रही है. इसकी नई सीरीज स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क का ट्रेलर रिलीज हो गया है. इस बार सेंट टेरेसा स्कूल में ग्लैमर, कैंपस रोमांस और कॉम्पिटिशन के साथ मर्डर मिस्ट्री का तड़का भी देखने को मिलेगा. सीरीज में शनाया कपूर लीड रोल में हैं और वह जुड़वां बहनों आयशा मलिक और अदिति का किरदार निभा रही हैं. ट्रेलर से संकेत मिलता है कि स्कूल के प्रतिष्ठित स्टूडेंट ऑफ द ईयर कॉम्पिटिशन के पीछे कई राज छिपे हैं.
ट्रेलर की शुरुआत एक चौंकाने वाली घटना से होती है. सेंट टेरेसा स्कूल की चर्चित स्टूडेंट आयशा मलिक की बॉडी बरामद होती है. उसकी मौत के बाद कहानी उसकी जुड़वां बहन अदिति के इर्द-गिर्द घूमने लगती है. अदिति को लगता है कि आयशा की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि इसके पीछे कोई गहरी साजिश है. वह अपनी बहन की मौत का सच सामने लाने के लिए स्कूल में दाखिल होती है और स्टूडेंट ऑफ द ईयर कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेती है.
जांच के दौरान अदिति को एहसास होता है कि आयशा के करीब रहने वाले लोग भी शक के दायरे में हैं. ट्रेलर में जलन से भरे दोस्तों, रिजेक्टेड लवर और एक साइको रूममेट जैसे किरदारों की झलक दिखाई गई है. हर किसी के पास कुछ छिपाने की वजह हो सकती है. ऐसे में अदिति के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना है कि उसकी बहन के साथ आखिर हुआ क्या था.
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क में स्कूल की चमक-दमक के पीछे छिपी दुश्मनी धोखे और आपसी टकराव को दिखाया गया है. यहां स्टूडेंट ऑफ द ईयर का खिताब सिर्फ लोकप्रियता या प्रतिभा की पहचान नहीं, बल्कि ऐसा मुकाबला बन जाता है जिसमें जीतने की कीमत चुकानी पड़ सकती है.
सीरीज का निर्देशन रीमा माया ने किया है. इसके निर्माता करण जौहर और आदर पूनावाला हैं. इस बार फ्रेंचाइजी को पहले से ज्यादा गंभीर और रहस्यमयी अंदाज में पेश किया गया है. जहां पिछली फिल्मों में कॉलेज लाइफ, दोस्ती, रोमांस और मुकाबले पर जोर था, वहीं नई सीरीज में मर्डर मिस्ट्री कहानी का अहम हिस्सा है.
ट्रेलर ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आयशा की मौत के पीछे कौन है और क्या अदिति अपनी बहन के कातिल तक पहुंच पाएगी. स्कूल के हर किरदार पर शक होने के बीच असली सस्पेंस यही है कि सेंट टेरेसा की चमकती दुनिया के पीछे आखिर कौन-सा सच छिपा है.स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क 13 नवंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.




