Begin typing your search...

सोशल मीडिया से लेकर नेताओं तक के निशाने पर आने वाली हैं Soni Razdan, आखिर क्यों पटाखे चलाने वालों का कहा देश विरोधी?

दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर एक्ट्रेस सोनी राजदान ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जब पटाखों के धुएं से बच्चे बीमार पड़ रहे हैं और लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है, तो एक पटाखा जलाना भी सही नहीं है. सोनी ने इसे राष्ट्रविरोधी बताते हुए लोगों से पटाखों से दूर रहने की अपील की है.

सोशल मीडिया से लेकर नेताओं तक के निशाने पर आने वाली हैं Soni Razdan, आखिर क्यों पटाखे चलाने वालों का कहा देश विरोधी?
X

सोनी राजदान ने दिवाली पर पटाखे जलाने को बताया राष्ट्रविरोधी

( Image Source:  instagram: @sonirazdan )

दिवाली का त्योहार आते ही पटाखे जलाने और प्रदूषण को लेकर बहस शुरू हो जाती है. कोई इसे त्योहार की खुशी का हिस्सा मानता है, तो कोई इससे होने वाले नुकसान पर सवाल उठाता है. अब इस बहस में अभिनेत्री सोनी राजदान भी शामिल हो गई हैं. उन्होंने पटाखे जलाने वालों को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने सबका ध्यान खींचा है. सोनी का कहना है कि दिवाली पर एक पटाखा फोड़ना भी उनके लिए राष्ट्रविरोधी है.

सोनी राजदान ने अपने बयान में बच्चों की सेहत और बढ़ते वायु प्रदूषण का मुद्दा उठाया है. उनका कहना है कि प्रदूषण के कारण छोटे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं और उन्हें स्कूल तक छोड़ना पड़ रहा है. ऐसे में त्योहार के नाम पर पटाखे जलाना सही नहीं है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि दिवाली मनाते समय अपनी और बच्चों की सेहत का भी ध्यान रखें.

सोनी राजदान अपने इस बयान को लेकर निशाने पर आ सकती है. सोशल मीडिया से लेकर राजनेता तक उनको इस बयान के लिए निशाने पर ले सकते हैं. उन्हें कहा जा सकता है कि ऐसा ज्ञान सिर्फ हिंदुओं के त्योहार पर ही क्यों आता है.

क्यों बच्चों की सेहत पर उठाए सवाल?

सोनी राजदान ने मंगलवार देर रात इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की. इसमें उन्होंने लिखा कि छोटे बच्चों के माता-पिता से पूछिए कि वायु प्रदूषण की वजह से उनके बच्चे कितनी परेशानियों का सामना कर रहे हैं. प्रदूषण के कारण बच्चे बीमार पड़ते हैं और कई बार उन्हें स्कूल से छुट्टी लेनी पड़ती है. अभिनेत्री ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में अगर कोई यह मानता है कि दिवाली पर एक पटाखा फोड़ना भी बिल्कुल ठीक है, तो उन्हें यह सोच जीवन, स्वास्थ्य और देश के हितों के खिलाफ लगती है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी और अपने बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए सही फैसला लें. सोनी ने इस पोस्ट पर कमेंट सेक्शन भी बंद कर रखा है, जिससे लोग उस पर रिप्लाई नहीं दे पा रहे हैं.

कौन सी वीडियो को लेकर शुरू हुआ विवाद?

सोनी राजदान का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले एक्ट्रेस दीया मिर्जा का प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की अपील वाला वीडियो विवादों में आ गया था. बीजेपी की आपत्ति के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया था. वीडियो में दीया के अलावा माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे समेत कई जानी-मानी हस्तियां शामिल थीं. हालांकि, बाकी कलाकारों के संदेश मौजूद रहे, लेकिन दीया का वीडियो हटा दिया गया.

क्यों BMC को लगाई गई थी फटकार?

इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई महानगरपालिका के फैसले पर नाराजगी जताई थी. कोर्ट ने कहा कि पर्यावरण का मुद्दा किसी धर्म या जाति से जुड़ा नहीं है. देश का हर नागरिक एक ही हवा में सांस लेता है. अदालत ने यह भी कहा कि अगर वीडियो हटाया गया है तो उसे दोबारा अपलोड करना उचित होगा. इसके एक दिन बाद BMC को दीया मिर्जा का वीडियो फिर से अपलोड करने का आदेश दिया गया. कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद दिवाली पर पटाखे और प्रदूषण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

अगला लेख