Shahid Kapoor की O'Romeo पर बड़ा कानूनी बवाल, ट्रेलर के बाद गैंगस्टर की बेटी ने कोर्ट से मांगी रिलीज पर रोक
शाहिद कपूर की आने वाली फिल्म 'ओ’ रोमियो' पर दिवंगत हुसैन उस्तारा की बेटी ने अनधिकृत बायोपिक का आरोप लगाते हुए कोर्ट से रिलीज पर रोक की मांग की है. मामला अब कला की आज़ादी और किसी की छवि को लेकर कानूनी बहस बन गया है.
शाहिद कपूर की आने वाली फिल्म 'ओ' रोमियो' (O' Romeo) की रिलीज से ठीक पहले एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. फिल्म के रिलीज होने से कुछ दिन पहले, दिवंगत गैंगस्टर हुसैन उस्तारा की बेटी सनोबर शेख ने मुंबई की एक सिविल कोर्ट में याचिका दायर की है. उन्होंने कोर्ट से फिल्म की रिलीज पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है।सनोबर का कहना है कि यह फिल्म उनके पिता हुसैन उस्तारा की अनधिकृत जीवनी (बिना इजाजत की बायोपिक) है. फिल्म में उनके पिता को गलत और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है.
उन्होंने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला और निर्देशक विशाल भारद्वाज ने उनके पिता की जिंदगी पर आधारित यह फिल्म बनाई है, लेकिन परिवार से कोई अनुमति नहीं ली गई. यह सब सिर्फ पैसे कमाने और व्यावसायिक फायदे के लिए किया गया है. सनोबर ने आगे कहा कि फिल्म पूरी तरह से उनके पिता पर आधारित है, जहां उन्हें एक गैंगस्टर के रूप में दिखाया गया है. इससे उनके परिवार, खासकर उनके बच्चों को बहुत नुकसान पहुंच सकता है. याचिका में लिखा है कि फिल्म रिलीज होने से उनके परिवार पर गंभीर असर पड़ेगा.
क्या चाहती है 'माफिया क्वीन'
उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता हुसैन उस्तारा ने मुंबई में अपराध रोकने में पुलिस और खुफिया एजेंसियों की बहुत मदद की थी. वे अपराधियों के खिलाफ थे और शहर को गैंगस्टरों से मुक्त करना चाहते थे. इसलिए उन्हें निगेटिव या गलत तरीके से नहीं दिखाया जाना चाहिए. उनके पास कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था. इससे पहले भी यह मामला गरमा चुका है. पिछले महीने फिल्म के टीजर रिलीज होने के बाद सनोबर ने फिल्ममेकर्स को कानूनी नोटिस भेजा था.
IMDB
2 करोड़ रुपये का मुआवजा
उस नोटिस में उन्होंने कहा था कि फिल्म में उनके पिता का गलत चित्रण किया गया है. उन्होंने 2 करोड़ रुपये का मुआवजा (कंपेंसेशन) मांगा था. बाद में सनोबर ने सीएनएन-न्यूज़18 को दिए इंटरव्यू में कहा, 'ओ रोमियो' मेरे बाबा (पिता) पर आधारित है. टीजर में कहा गया है कि यह एक सच्ची कहानी पर बनी है. मैं उनसे पूछना चाहती हूं कि फिल्म किस शख्स की कहानी पर बनी है? मेरे पिता गैंगस्टर नहीं थे. उन्होंने बहुत से लोगों की मदद की. वे शहर को गैंगस्टरों से मुक्त करना चाहते थे वे अपराधी नहीं थे. फिल्म में उनकी छवि को गलत तरीके से दिखाया गया है.'
क्या है पूरा विवाद
इस पूरे विवाद पर निर्देशक विशाल भारद्वाज ने जवाब दिया है था. ट्रेलर लॉन्च के मौके पर उन्होंने कहा कि उन्होंने हुसैन उस्तारा की बेटी से इजाजत लेने की जरूरत नहीं समझी. वजह यह है कि फिल्म हुसैन जैदी की किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' पर आधारित है. उन्होंने किताब के राइट्स खरीदे हैं. विशाल भारद्वाज ने कहा, 'हुसैन जैदी की किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' है. मैंने उस कहानी के राइट्स लिए हैं और फिल्म बनाई है. किरदार किताब से लिए गए हैं, लेकिन कुछ काल्पनिक हिस्से भी हैं. मुझे यकीन है कि किताब लिखते समय हुसैन जैदी ने सारी इजाजत ले ली होंगी. इसलिए मुझे लगता है कि मुझे अलग से इजाजत लेने की जरूरत नहीं थी. मेरी फिल्म किताब का ही एक हिस्सा है.' फिल्म में शाहिद कपूर मुख्य भूमिका में हैं और यह 13 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है. कोर्ट में इस याचिका पर सुनवाई होने वाली है, जिससे फिल्म की रिलीज पर असर पड़ सकता है. यह विवाद कला की आजादी और किसी की निजी जिंदगी/छवि के बीच का मुद्दा बन गया है.





