Begin typing your search...

Ranbir Kapoor की एनिमल पार्क में Shahid Kapoor की एंट्री! एक्टर ने तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों अटक गया प्लान

शाहिद कपूर ने खुलासा किया है कि 'एनिमल' में 'कबीर सिंह' के कैमियो की प्लानिंग हुई थी, लेकिन डेट्स की वजह से बात नहीं बन पाई। अब फैंस को उम्मीद है कि यह क्रॉसओवर ‘एनिमल पार्क’ में हो सकता है.

kabir singh animal crossover shahid kapoor interview
X
( Image Source:  IMDB )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय

Updated on: 9 Feb 2026 1:13 PM IST

बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म की तैयारियों में बहुत व्यस्त हैं. वे निर्देशक विशाल भारद्वाज की नई फिल्म 'ओ' रोमियो' में काम कर रहे हैं. इस फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी भी लीड रोल में हैं. यह फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, और शाहिद इसके प्रमोशन और अन्य कामों में जुटे हुए हैं.

हाल ही में शाहिद ने एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उनसे रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' और उसके सीक्वल 'एनिमल पार्क' के बारे में बात हुई. खास तौर पर फैंस के बीच यह चर्चा बहुत चल रही है कि क्या कबीर सिंह (शाहिद का किरदार) और एनिमल के रणवीर (रणबीर का किरदार) का कोई क्रॉसओवर यानी दोनों फिल्मों के किरदारों का एक साथ आना संभव है.

कबीर सिंह का कैमियों

शाहिद ने इस बारे में खुलासा किया कि निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने पहले 'एनिमल' फिल्म की शूटिंग के समय उनसे कॉन्टैक्ट किया था. वांगा चाहते थे कि फिल्म में कबीर सिंह का एक छोटा-सा सीन या कैमियो शामिल किया जाए. यह आइडिया उनके दिमाग में फिल्म बनते समय ही आ गया था. शाहिद ने बताया, 'जब एनिमल की शूटिंग चल रही थी, तब संदीप मुझसे मिलने आए थे. वे कह रहे थे कि फिल्म में कबीर का एक सीन होना चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य से यह संभव नहीं हो पाया.'

कारण क्या था?

शाहिद के मुताबिक, दोनों तरफ से डेट्स में समस्या आ गई. साथ ही कुछ और भी मुश्किलें थीं, जिसकी वजह से यह प्लान आगे नहीं बढ़ सका. शाहिद ने कहा, "वे मुझे एक सीन के लिए चाहते थे, लेकिन डेट्स का इश्यू हो गया और कुछ अन्य वजहों से यह नहीं हो पाया।"फिर भी, शाहिद ने यह भी जोड़ा कि कबीर सिंह और एनिमल के किरदार दोनों ही संदीप रेड्डी वांगा के बनाए हुए हैं. यह पूरी दुनिया उनके द्वारा रची गई है. इसलिए भविष्य में अगर कभी ऐसा क्रॉसओवर होता है, तो यह पूरी तरह से निर्देशक संदीप के ऊपर निर्भर करेगा. उन्होंने कहा, 'दोनों किरदार उनके हैं, वो दुनिया उनकी है. तो वे जो चाहेंगे, वही करेंगे. उनके मन में जो आएगा, वही होगा.'

कबीर सिंह वर्सेज एनिमल

अब बात करते हैं इन फिल्मों की. कबीर सिंह साल 2019 में रिलीज हुई थी. इसमें शाहिद कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी और उनके साथ कियारा आडवाणी थी. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट साबित हुई और लोगों ने इसे खूब पसंद किया. लेकिन कुछ लोगों ने फिल्म की आलोचना भी की, क्योंकि उनको लगा कि इसमें महिलाओं के प्रति गलत सोच और पुरुष प्रधान विचारधारा दिखाई गई है. दूसरी तरफ, एनिमल 2023 में आई थी. इसमें रणबीर कपूर, अनिल कपूर, बॉबी देओल, रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी जैसे कलाकार थे. यह फिल्म भी कमाई के मामले में जबरदस्त सफल रही और दर्शकों को बहुत पसंद आई. अब फैंस उत्सुक हैं कि क्या एनिमल पार्क (एनिमल की अगली कड़ी) में कभी कबीर सिंह का किरदार दिख सकता है या नहीं. शाहिद ने कहा कि यह विचार बहुत रोमांचक है, लेकिन यह सब निर्देशक के हाथ में है.

bollywood
अगला लेख