सिकंदर की शूटिंग में दर्द से कराह रहे थे Salman Khan! हर कट के बाद चलती थी फिजियोथेरेपी, दोस्त की मौत का लगा था गहरा सदमा
फिल्म ‘सिकंदर’ की शूटिंग के दौरान सलमान खान गंभीर चोट, दर्द और सुरक्षा खतरों से जूझ रहे थे. को-स्टार विशाल वशिष्ठ ने बताया कि दर्द में होने के बावजूद एक्टर रोज सेट पर पहुंचकर अपने सीन्स पूरे करते थे.
बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान (Salman Khan) ने मेगा-बजट फिल्म 'सिकंदर' (Sikandar) की शूटिंग के दौरान कुछ ऐसा मंजर जिया जिसका खुलासा अब एक एक्टर ने किया है. साल 2024 का आखिरी महीना सलमान खान के लिए किसी भयानक अग्निपरीक्षा से कम नहीं था. एक तरफ जहां लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर होने के कारण उनकी जान पर बन आई थी, वहीं दूसरी तरफ पसलियों की गंभीर चोट ने उन्हें उठने-बैठने तक के लिए मोहताज कर दिया था. लेकिन, इन सबके बावजूद 'सिकंदर' थमा नहीं. लेकिन हाल ही में 'सिकंदर' में सलमान खान के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर चुके एक्टर विशाल वशिष्ठ ने एक इंटरव्यू में उस दौर के खौफनाक पलों को शेयर किया. विशाल ने बताया कि जो कुछ भी मीडिया में चल रहा था, सेट पर उसकी कड़वी सच्चाई साफ देखी जा सकती थी.
विशाल ने बताया कि सलमान मेंटली-इमोशनली और फिजिकली पूरी तरह टूट चुके थे. यह कोई अफवाह या मनगढ़ंत कहानी नहीं थी, हमने अपनी आंखों से भाईजान का वह दर्द देखा है. वह सेट पर बहुत धीरे-धीरे चलते थे और किसी तरह अपने सीन्स को पूरा करते थे. जैसे ही डायरेक्टर ए.आर. मुरूगादॉस 'कट' बोलते, सलमान तुरंत फिजियोथेरेपी के लिए चले जाते थे. उन्हें लगातार मूव करते रहना पड़ता था ताकि उनके शरीर का दर्द थोड़ा कम हो सके.' विशाल ने आगे बताया कि सेट पर माहौल बेहद तनावपूर्ण था. बाहर उनकी जान लेने की धमकियां मिल रही थी और भारी सुरक्षा बल तैनात था, लेकिन सलमान खान हर दिन सेट पर आते रहे. उन्होंने कभी काम से मुंह नहीं मोड़ा.'
घंटों इंतजार करता था पूरा क्रू
एक बड़े स्टार के सेट पर लेट होने या सीन री-शेड्यूल होने पर अक्सर बॉलीवुड में बातें बनने लगती हैं, लेकिन 'सिकंदर' के सेट पर नजारा बिल्कुल अलग था. विशाल वशिष्ठ के मुताबिक, कई बार सपोर्टिव एक्टर्स और पूरे क्रू को घंटों तक सेट पर या अपनी वैनिटी वैन में इंतजार करना पड़ता था. लेकिन सेट पर मौजूद एक-एक शख्स को पता था कि सलमान खान किस दौर से गुजर रहे हैं. पूरी टीम ने उनके प्रति गजब का सम्मान और सहयोग दिखाया. हर कोई समझता था कि जो इंसान ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा है, वह अगर कैमरे के सामने आ रहा है, तो यह सिनेमा के प्रति उसकी दीवानगी ही है.
बाबा सिद्दीकी की हत्या
अक्टूबर 2024 में मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में एनसीपी नेता और सलमान खान के बेहद करीबी दोस्त बाबा सिद्दीकी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस खबर ने न सिर्फ राजनीति बल्कि पूरे बॉलीवुड को हिलाकर रख दिया था. बाबा सिद्दीकी वही शख्स थे, जो हर साल अपनी मशहूर इफ्तार पार्टी में सलमान और शाहरुख खान को एक साथ लाते थे. इस घटना के बाद पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हमलावरों का संबंध कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से था. पूछताछ में यह भी सामने आया कि बाबा सिद्दीकी को सलमान खान के साथ करीबी रिश्तों की वजह से और बिश्नोई समाज के कथित 'काले हिरण' शिकार मामले के बदले के तौर पर निशाना बनाया गया था. इस घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा को बढ़ाकर Y+ कैटेगरी का कर दिया गया, जिसके कारण सेट पर हर वक्त दर्जनों कमांडो और सुरक्षाकर्मियों का कड़ा पहरा रहने लगा.
चेहरे पर साफ दिखती थी घुटन
विशाल वशिष्ठ ने बताया कि फिल्म के भारी-भरकम एक्शन सीन्स को बाद के लिए टालना पड़ा था क्योंकि सलमान खान की पसलियों में गंभीर चोट थी. शुरुआत में केवल घरेलू और इमोशनल सीन्स की शूटिंग की जा रही थी. विशाल ने उस घुटन भरे माहौल को याद करते हुए कहा, "शुरुआती दिनों में तो सलमान भाई के लिए एक साधारण कुर्सी से उठना और बैठना भी एक बड़ी जंग जैसा था. विशाल ने बताया कि उनके लिए बेहद घुटन भरा था जो उनके चेहरे पर साफ दिखता था. लेकिन फिल्म के आखिरी शेड्यूल तक उनकी सेहत में थोड़ा सुधार हुआ, जिसके बाद एक्शन सीक्वेंस पूरे किए गए.




