Rise And Fall 2 House Tour: लोहे का बेड, पुराना टिफिन और टूटी दीवारें, कुछ ऐसा है वर्कर्स एरिया, EXCLUSIVE VIDEO
‘Rise And Fall 2’ का घर इस बार अपनी बनावट को लेकर काफी चर्चा में है. वर्कर्स एरिया की झलक में पुराने टिफिन, लोहे के बेड और टूटी दीवारों वाला अलग ही माहौल देखने को मिल रहा है.
Rise And Fall Season 2’ को लेकर दर्शकों में काफी एक्साइटमेंट है. शो में एक तरफ रूलर्स का आलीशान पेंटहाउस होगा, तो दूसरी ओर वर्कर्स को बेसमेंट में रहना होगा. लेकिन सवाल ये है कि आखिर वर्कर्स का घर अंदर से कैसा दिखता है? ऐसे में स्टेट मिरर हिंदी के जनर्लिस्ट सिद्धांत शो के हाउस टूर पर गए. शो के सेट पर पहुंचने के बाद सामने आई तस्वीरों से इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. यहां हर चीज को इस तरह रखा गया है कि वर्कर्स की जिंदगी का माहौल साफ नजर आए.
यहां सोने के लिए लोहे का बेड है. बिना प्लास्टर वाली दीवारे हैं. इतना ही नहीं, खाने की जगह पर पुराने जमाने के टिफिन और मैस वाली थालियां और अचार की बरनी भी रखी गई है. यानी रूलर्स और वर्कर्स के बीच का फर्क इसी तरह घर के डिजाइन में भी साफ नजर आएगा.
लोहे के बेड और एक गद्दा
वर्कर्स के रहने वाले हिस्से में लोहे के बेड लगाए गए हैं. हर बेड पर सिर्फ एक गद्दा है, हालांकि इसे आरामदायक रखा गया है. बेड पर बिछी चादर और कंबल भी साधारण रखे गए हैं, ताकि पूरे कमरे का लुक मजदूरों के रहने की जगह जैसा लगे. यहां कुल आठ बेड नजर आते हैं, यानी इस हिस्से में आठ कंटेस्टेंट के रहने की व्यवस्था की गई है.
पुराने जमाने का टिफिन और मैस वाली थाली
वर्कर्स के खाने के इंतजाम को भी खास अंदाज दिया गया है. यहां खाना खाने के लिए पुराने समय जैसा टिफिन रखा गया है, जिसमें चार-पांच छोटे डिब्बे होते थे. खाने की टेबल पर अचार की बरनी भी दिखाई देती है. इसके अलावा मैस में इस्तेमाल होने वाली साधारण थालियां रखी गई हैं. यानी खाने की जगह से लेकर बर्तन तक, हर चीज वर्कर्स के सेटअप के हिसाब से तैयार की गई है.
टूटी दीवारें और फटा सोफा
इस कमरे की सबसे खास बात इसकी दीवारें हैं. दीवारों पर प्लास्टर नहीं किया गया है और कई जगह इन्हें टूटा हुआ दिखाया गया है. इससे पूरा कमरा किसी पुराने वर्कर रूम जैसा नजर आता है. कमरे में एक सोफा भी रखा गया है, लेकिन वह भी बिल्कुल नया नहीं दिखता. सोफे की कुछ जगहों से कपड़ा फटा हुआ है.
पुराने संदूक से पूरा हुआ लुक
कमरे के एक कोने में पुराने जमाने का संदूक भी रखा गया है. इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे किसी पुराने घर से उठाकर यहां रख दिया गया हो. सेट की डिजाइन में छोटी-छोटी चीजों का इस्तेमाल करके वर्कर्स की दुनिया को रूलर्स के आलीशान हिस्से से बिल्कुल अलग दिखाया गया है.
कब से शुरू होगा शो?
‘Rise And Fall Season 2’ का प्रीमियर 26 सितंबर 2026 को होगा. शो में रूलर्स और वर्कर्स के बीच पावर का खेल देखने को मिलेगा. रूलर्स आलीशान पेंटहाउस में रहेंगे और गेम से जुड़े अहम फैसले लेंगे, जबकि वर्कर्स बेसमेंट में रहकर टास्क करेंगे. अब देखना होगा कि इस अलग माहौल में कौन अपनी रणनीति से बाजी पलटता है.




