Begin typing your search...

रश्मिका-विजय की पिछले जन्म की शादी! राहुल सांकृत्यान ने बताई Ranabaali वेडिंग पोस्टर के पीछे की कहानी

'रणबाली' के वेडिंग पोस्टर ने फैंस को भावुक कर दिया, खासकर इसलिए क्योंकि यह विजय और रश्मिका की असली शादी के तुरंत बाद जारी हुआ. निर्देशक राहुल सांकृत्यायन ने बताया कि यह तस्वीर किसी मार्केटिंग का हिस्सा नहीं, बल्कि एक अनायास कैद हुआ जादुई पल था.

रश्मिका-विजय की पिछले जन्म की शादी! राहुल सांकृत्यान ने बताई Ranabaali वेडिंग पोस्टर के पीछे की कहानी
X
( Image Source:  X: @Rahul_Sankrityn )
रूपाली राय
By: रूपाली राय5 Mins Read

Published on: 1 March 2026 8:48 PM

इस हफ्ते रिलीज़ हुए एक फिल्म के पोस्टर ने सबके दिलों में बहुत गहरी छाप छोड़ दी है. बात हो रही है 'रणबाली' (Ranabaali) फिल्म की, जिसमें विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना लीड रोल में हैं. इस फिल्म का एक खास वेडिंग पोस्टर सामने आया, जो देखते ही लोगों को बहुत इमोशनल कर गया. लेकिन इस पोस्टर की असली कहानी और भी खास है, जिसे फिल्म के निर्देशक राहुल सांकृत्यायन ने खुद सोशल मीडिया पर शेयर करके सबको बताया. राहुल सांकृत्यायन ने लिखा कि यह पोस्टर कभी भी प्रमोशन के लिए या मार्केटिंग के लिए नहीं बनवाया गया था. यह बस एक खूबसूरत पल था, जो खुद-ब-खुद कैद हो गया.

उन्होंने बताया कि उन्हें पुरानी तस्वीरें बहुत पसंद हैं. 1800 के दशक की वो पुरानी फोटोज़, जिसमें लोग कैमरे के सामने बहुत सादगी से, बिना किसी बनावटी स्माइल या पोज़ के खड़े होते थे. बस अपनी असली उपस्थिति दिखाते थे. निर्देशक ने यही सादगी और सच्चाई को इस पोस्टर में कैद करना चाहा. उन्होंने आगे लिखा कि उस समय (1800 के अंतिम दशक में) जीवन बहुत कठिन था. लोग मेहनत-मजदूरी में लगे रहते थे, लेकिन शादियां बहुत गरिमा और महत्व वाली होती थीं. वे स्थायी और गहरे रिश्ते का प्रतीक होती थीं.

जब सेट पर आए रश्मिका-विजय

जब विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना शादी के पारंपरिक कपड़ों में सेट पर आए, तो कुछ जादू-सा हो गया. निर्देशक ने कोई ड्रामेटिक लाइटिंग, कोई फैंसी बैकग्राउंड या कोई जबरदस्त पोज़ नहीं मांगा. बस एक सादा, शांत माहौल बनाया. दोनों ऐसे लग रहे थे जैसे असल में समय में पीछे चले गए हों. वे एक्टर्स नहीं, बल्कि उस दौर के असली लोग लग रहे थे. फिर जो हुआ, वो पूरी तरह से नेचुरल था कोई प्लानिंग नहीं. बस एक क्लिक में वो तस्वीर कैद हो गई. राहुल ने इसे ऐसे बताया जैसे कोई भूली हुई याद अचानक सामने आ गई हो, जैसे पिछले जन्म की कोई पुरानी स्मृति निकल आई हो और सबसे दिलचस्प बात यह पोस्टर ठीक उसी दिन या उसके आसपास जारी किया गया, जब असल जिंदगी में विजय और रश्मिका की शादी हुई थी.

पिछले जन्म की शादी

उनकी असली शादी 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में हुई थी, और फिल्म का यह वेडिंग पोस्टर दो दिन बाद आया. इस संयोग ने सबको और ज्यादा इमोशनल कर दिया. निर्देशक ने लिखा, 'जब यह उनकी असली शादी से मिलता-जुलता है, तो लगता है जैसे कुछ अरियलस्टिक हो गया हो. कभी-कभी सिनेमा और असली जिंदगी एक-दूसरे की तरफ इशारा करते हैं.' उन्होंने पोस्ट को एक बहुत खूबसूरत लाइन से खत्म किया – 'कुछ रिश्ते इटरनल होते हैं और कभी-कभी मुझे लगता है कि यह उनके पिछले जन्म की शादी की तस्वीर है.'

क्या रहा विजय का रिएक्शन?

यह पोस्ट वायरल हो गया लोगों ने बहुत पसंद किया. फिर विजय देवरकोंडा ने खुद निर्देशक को टैग करके जवाब दिया. उन्होंने लिखा कि इस पोस्ट ने उन्हें बहुत इमोशनल कर दिया. निर्देशक की बारीकियों पर ध्यान देने की कला और लोगों को समझने का तरीका देखकर वे बहुत खुश और इंस्पायर्ड हुए. उन्होंने कहा कि यह कहानी हमारी धरती से जुड़ी है, और वे दोनों इस शानदार फिल्म के सफर में राहुल के साथ पूरी तरह हैं.

किस बारें में है फिल्म?

'रणबाली' एक ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म है, जिसे राहुल सांकृत्यायन ने निर्देशित किया है. यह ब्रिटिश राज के समय की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है, खासकर 1854 से 1878 के बीच की. विजय देवरकोंडा ने रणबाली नाम के एक बहादुर स्वतंत्रता सेनानी का रोल किया है, जबकि रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी जयम्मा बनी हैं. फिल्म में हॉलीवुड एक्टर आर्नोल्ड वोस्लू भी हैं. इस फिल्म का संगीत अजय-अतुल ने कंपोज किया है और गाने रामजोगय्या शास्त्री ने लिखे हैं. इसे मैत्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज़ ने मिलकर बनाया है. फिल्म 11 सितंबर 2026 को तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ पांच भाषाओं में दुनिया भर में रिलीज़ होगी. यह विजय और रश्मिका की तीसरी फिल्म साथ में है. पहले वे 'गीता गोविंदम' (2018) और 'डियर कॉमरेड' (2019) में काम कर चुके हैं. लेकिन अब शादी के बाद यह उनकी पहली फिल्म है, इसलिए फैंस के लिए यह और भी खास है.

bollywood
अगला लेख