Dhurandhar 2 रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर छाई, 50 करोड़ पार एडवांस बुकिंग, टॉप 5 में एंट्री की तैयारी
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाती दिख रही है. एडवांस बुकिंग और पेड प्रीव्यू मिलाकर कमाई 50 करोड़ से ज्यादा पहुंच चुकी है.
आदित्य धर द्वारा निर्देशित जासूसी थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' (Dhurandhar 2) में रणवीर सिंह (Ranveer Singh) लीड रोल निभा रहे हैं. यह फिल्म 19 मार्च को दुनिया भर में रिलीज होने वाली है. रिलीज से अभी चार दिन पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग ने कमाल कर दिया है और बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने लगी है. फिल्म की एडवांस टिकट बिक्री में जबरदस्त तेजी आई है. खासकर शनिवार को ओपनिंग डे (19 मार्च) के लिए बुकिंग शुरू होने के बाद पहले 24 घंटों में ही बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले दिन की बुकिंग में 15 लाख से ज्यादा टिकट बिक गए और कुल 15.74 करोड़ रुपये की कमाई हुई. अगर इसमें से ब्लॉक बुकिंग (लगभग 8 करोड़ रुपये) को हटा दें, तो नेट कमाई 7.80 करोड़ रुपये रहती है. इसमें सबसे ज्यादा कमाई हिंदी वर्जन से आई है. हिंदी में 14.1 लाख टिकट बिके और 7.61 करोड़ रुपये कमाए गए. इसके अलावा स्पेशल फॉर्मेट जैसे डॉल्बी सिनेमा में 107 टिकट बिके (77,750 रुपये) और आईमैक्स में 581 टिकट बिके (6.26 लाख रुपये).
दूसरी भाषाओं में भी अच्छा प्रदर्शन रहा:
- तेलुगु डब वर्जन: 5,250 टिकट बिके, 6.38 लाख रुपये कमाए
- तमिल डब: 3,967 टिकट बिके, 4.56 लाख रुपये (कुछ रिपोर्ट्स में ज्यादा दिखाया गया है)
- मलयालम और कन्नड़ डब वर्जन में कम टिकट बिके, लेकिन कुल मिलाकर योगदान है
पवन कल्याण की फिल्म से टक्कर
तेलुगु वर्जन को पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' से कड़ी टक्कर मिल रही है, जो भी ईद, उगादी और गुड़ी पड़वा पर रिलीज हो रही है. लेकिन 'धुरंधर 2' ने अच्छा मुकाबला किया. एक अच्छी बात यह हुई कि यश की फिल्म 'टॉक्सिक' को खाड़ी देशों में वॉर की वजह से 4 जून तक टाल दिया गया. इससे 'धुरंधर 2' को मिडिल ईस्ट में अच्छा फायदा मिला, जहां यश का बहुत क्रेज है।अभी रिलीज में चार दिन बाकी हैं और हर दिन नए शो बढ़ रहे हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स का कहना है कि पहले दिन की एडवांस बुकिंग में यह टॉप 5 हिंदी फिल्मों में जगह बना सकती है. अभी पांचवें नंबर पर 'एनिमल' है (29.25 करोड़ रुपये एडवांस. इसे पीछे छोड़ने के लिए 'धुरंधर 2' को करीब 14 करोड़ और कमाने होंगे.
टॉप रैंकिंग्स (हिंदी वर्जन की एडवांस बुकिंग):
- पहले नंबर पर केजीएफ: चैप्टर 2 (40.65 करोड़ रुपये)
- दूसरे पर बाहुबली 2 (37.53 करोड़ रुपये)
- तीसरे पर पुष्पा 2 (37.30 करोड़ रुपये)
- चौथे पर जवान (37.24 करोड़ रुपये)
- पांचवें पर एनिमल (29.25 करोड़ रुपये)
क्या है अब तक पेड प्रीव्यू का आकड़ा?
पेड प्रीव्यू शोज में भी धमाल मचा है. अब तक पेड प्रीव्यू से ही 34.80 करोड़ रुपये कमाए जा चुके हैं. ब्लॉक बुकिंग (लगभग 6 करोड़) हटाने पर 29.95 करोड़ रुपये. हिंदी में सबसे ज्यादा 28.98 करोड़. इसमें कुल 6.16 लाख टिकट बिके, ज्यादातर हिंदी में (5.66 लाख). अगर पेड प्रीव्यू और पहले दिन की बुकिंग जोड़ दें, तो कुल 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हो चुकी है और 4 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. ट्रेड में अनुमान है कि जैसे-जैसे रिलीज नजदीक आएगी, शो और बढ़ेंगे, चर्चा बढ़ेगी, और पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 90 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग हो सकती है. कुछ रिपोर्ट्स में वर्ल्डवाइड एडवांस अब 50-60 करोड़ के पार पहुंच चुकी है, और ओपनिंग वीकेंड में 200 करोड़ तक की बात हो रही है. कुल मिलाकर, 'धुरंधर 2' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है और रणवीर सिंह के लिए एक बड़ा धमाका साबित होने वाली है.




