Ramayana का 'जय-जय राम' गाना रिलीज, मनोज मुंतशिर ने शेयर किया आदिपुरुष का 'राम-सिया की करुण कहानी' सॉन्ग, तुलना पर क्या रिएक्शन?
‘रामायण’ का ‘जय-जय राम’ गाना रिलीज होते ही चर्चा में आ गया. इसके तुरंत बाद मनोज मुंतशिर ने ‘आदिपुरुष’ का ‘राम सिया राम’ शेयर किया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर दोनों गानों की तुलना शुरू हो गई और लोगों ने अपनी पसंद बताई.
मनोज मुंतशिर की हालिया एक्स पोस्ट पर भड़के लोग
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ का नया गाना ‘जय-जय राम’ रिलीज हो गया है. गाना सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई. इसी बीच ‘आदिपुरुष’ के गीतकार मनोज मुंतशिर ने अपनी फिल्म का ‘राम सिया राम’ गाना शेयर कर दिया, जिसके बाद दोनों गानों को लेकर तुलना होने लगी.
मनोज मुंतशिर के पोस्ट पर कुछ लोगों ने गाने की तारीफ की, तो कई यूजर्स ने इसे शेयर करने की टाइमिंग पर सवाल उठाए. लोगों ने ‘राम सिया राम’ और ‘जय-जय राम’ के म्यूजिक और भावनाओं की तुलना करते हुए अपनी-अपनी पसंद बताई. इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.
क्या पोस्ट किया मनोज मुंतशिर ने ?
मनोज मुंतशिर ने एक्स पर ‘राम सिया राम’ का लिरिकल वीडियो शेयर किया. इसके साथ उन्होंने राम और सीता की कहानी को बेहद भावुक अंदाज में याद किया. उनका पोस्ट सामने आते ही लोगों का ध्यान गाने से ज्यादा इसके समय पर चला गया. दरअसल, उनका यह पोस्ट ‘रामायण’ के ‘जय-जय राम’ के रिलीज होने के ठीक एक दिन बाद आया था.
क्या है ‘जय-जय राम’ में खास?
‘रामायण’ के ‘जय-जय राम’ गाने में भगवान राम के जीवन और उनकी यात्रा की झलक देखने को मिलती है. गाने का संगीत और भव्य विजुअल्स फिल्म की कहानी को बड़े स्तर पर पेश करने का संकेत देते हैं. गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसके म्यूजिक और भावनात्मक अंदाज को लेकर प्रतिक्रियाएं आने लगीं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी. ऐसे में फिल्म के हर गाने और झलक को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है.
‘राम सिया राम’ की तारीफ भी हुई
हालांकि, हर कमेंट आलोचना वाला नहीं था. कुछ यूजर्स ने माना कि ‘राम सिया राम’ एक शानदार और भावुक गाना था. एक यूजर ने लिखा कि गाना अपने हर पहलू से खूबसूरत था, फैंस ने कमेंट सेक्शन में ‘जय श्री राम’, ‘गूसबंप्स’ और दिल वाले इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी थी. अब ‘जय-जय राम’ के साथ इसकी चर्चा फिर शुरू हुई तो सोशल मीडिया पर लोगों ने दोनों गानों की तुलना करनी शुरू कर दी. कुछ यूजर्स ने ‘राम सिया राम’ को ज्यादा भावुक और भक्ति से जुड़ा बताया, जबकि कुछ को ‘जय-जय राम’ का शांत और अलग अंदाज पसंद आया. एक सोशल मीडिया यूजर ने साफ लिखा कि ‘राम सिया राम’ के बोल और भजन वाला अंदाज ज्यादा बेहतर लगा. वहीं, कुछ लोगों ने नए गाने को भी पसंद किया और कहा कि यह धीरे-धीरे सुनने पर ज्यादा अच्छा महसूस होता है. यानी इस वक्त सोशल मीडिया पर मुकाबला सिर्फ दो गानों का नहीं, बल्कि दो अलग म्यूजिक स्टाइल का भी नजर आ रहा है.
क्यों भड़के सोशल मीडिया यूजर्स?
पोस्ट के कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने मनोज मुंतशिर को उनके पुराने काम की याद दिलाई. एक यूजर ने ‘आदिपुरुष’ को लेकर उन पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि फिल्म के बाद अब ऐसा पोस्ट करना उन्हें सही नहीं लगता. वहीं, दूसरे यूजर ने सीधे पोस्ट की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए लिखा कि “आपकी टाइमिंग सबको समझ आ रही है.” कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अगर ‘आदिपुरुष’ को लेकर इतना विवाद नहीं हुआ होता तो शायद मनोज मुंतशिर को ‘रामायण’ जैसी फिल्म में काम करने का मौका मिल सकता था. एक यूजर ने उन्हें ‘आदिगलती’ का तंज भी दिया.
क्यों आए कुमार विश्वास चर्चा में?
‘जय-जय राम’ के बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं. गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर उनकी पुरानी बातों का भी जिक्र शुरू हो गया. दरअसल, ‘आदिपुरुष’ को लेकर हुए विवाद के दौरान कुमार विश्वास ने फिल्म में रामायण के किरदारों और उनकी प्रस्तुति पर अपनी राय रखी थी. उनके कुछ बयानों को लेकर उस समय सोशल मीडिया पर काफी बहस हुई थी. अब ‘रामायण’ के नए गाने से उनका नाम जुड़ने के बाद यूजर्स उसी पुराने विवाद को फिर याद कर रहे हैं. हालांकि, फिलहाल ‘जय-जय राम’ को लेकर कुमार विश्वास की ओर से कोई नया विवादित बयान सामने नहीं आया है.
क्यों घिरे थे मनोज ‘आदिपुरुष’ को लेकर ?
मनोज मुंतशिर ‘आदिपुरुष’ के गीतकार और डायलॉग राइटर थे. प्रभास स्टारर यह फिल्म रिलीज के बाद काफी विवादों में रही थी। खासकर इसके संवाद और रामायण के पात्रों की प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई थी. अब ‘रामायण’ के नए गाने के बीच ‘राम सिया राम’ शेयर करने से पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
क्या ‘रामायण’ से की गई ‘आदिपुरुष’ की तुलना?
दोनों फिल्मों का विषय भगवान राम की कहानी से जुड़ा होने के कारण तुलना होना स्वाभाविक था. कुछ यूजर्स ने ‘जय-जय राम’ की भव्यता की तारीफ की, तो कुछ लोगों ने ‘राम-सिया की करुण कहानी’ के भावनात्मक पक्ष को याद किया. हालांकि, मनोज मुंतशिर का गाना शेयर करना सीधे तौर पर किसी तुलना या विवाद का हिस्सा है, ऐसा कहना जल्दबाजी होगी। उनके पोस्ट को एक पुराने काम को फिर से याद करने और दर्शकों के साथ साझा करने के तौर पर भी देखा जा सकता है.




