शादी का प्लान, फिर Pratyusha Banerjee ने किया सुसाइड, 10 साल बाद ब्वॉयफ्रेंड राहुल सिंह को कोर्ट ने किया बरी, जानें एक्टर के बारे में
प्रत्यूषा बनर्जी की मौत से जुड़े करीब 10 साल पुराने मामले में राहुल राज सिंह को बॉम्बे हाईकोर्ट ने बरी कर दिया है. राहुल राज एक एक्टर और प्रोड्यूसर हैं, जो कई टीवी सीरियल्स और म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुके हैं.
टीवी की दुनिया में ‘बालिका वधू’ की आनंदी बनकर घर-घर पहचान बनाने वाली प्रत्यूषा बनर्जी की मौत को 10 साल बीत चुके हैं. प्रत्यूषा और राहुल राज सिंह रिलेशनशिप भी थे और वह जल्द ही शादी करने वाले थे. एक्ट्रेस की मौत के बाद राहुल पर उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हुआ और इसके बाद शुरू हुई कानूनी लड़ाई करीब एक दशक तक चली. अब इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले के बाद राहुल राज सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं.
दरअसल, दिंडोशी सेशंस कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद राहुल ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. 30 सितंबर 2026 को अदालत ने उनकी डिस्चार्ज याचिका मंजूर कर ली. ऐसे में प्रत्यूषा की मौत से जुड़े इस पुराने मामले के साथ राहुल राज सिंह का नाम फिर सुर्खियों में है.
कैसे शुरू हुई राहुल और प्रत्यूषा की कहानी?
एक समय राहुल राज सिंह और प्रत्यूषा बनर्जी एक-दूसरे के काफी करीब थे. दोनों ने साल 2015 में सोनी टीवी के रियलिटी शो ‘पावर कपल’ में साथ कदम रखा था. शो के दौरान उनके रिश्ते की झलक भी देखने को मिली और दोनों ने शादी करने की प्लानिंग के बारे में भी बात की थी. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अगले ही साल हालात ने अचानक करवट ले ली.
प्रत्यूषा बनर्जी के साथ क्या हुआ था?
1 अप्रैल 2016 को प्रत्यूषा गोरेगांव वाले घर में मृत पाई गईं. उनकी मौत के बाद राहुल राज सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया. इसके कुछ महीनों बाद जुलाई 2016 में बॉम्बे हाईकोर्ट ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी. करीब दो साल तक चली जांच के बाद अप्रैल 2018 में बंगुर नगर पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल की. इसके बाद राहुल ने अदालत में याचिका दायर कर खुद को इस केस से डिस्चार्ज करने की मांग की.
राहुल पर क्या आरोप लगे थे?
प्रत्यूषा की मौत के बाद इस रिश्ते को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे. उनकी मां ने राहुल राज सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे. उनका दावा था कि राहुल प्रत्यूषा के साथ कथित तौर पर मारपीट करते थे, उन पर जरूरत से ज्यादा कंट्रोल रखते थे और पैसों को लेकर भी उन्हें परेशान किया जाता था. हालांकि, ये आरोप मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई का हिस्सा रहे, इन्हें राहुल के खिलाफ अदालत में साबित तथ्य के तौर पर पेश नहीं किया जा सकता.
राहुल राज ने क्या बताया था?
वहीं राहुल ने इन आरोपों से अलग अपनी कहानी अदालत के सामने रखी. अपनी याचिका में उन्होंने दावा किया कि प्रत्यूषा अपने माता-पिता की लगातार दखलअंदाजी से परेशान थीं. राहुल के मुताबिक, दोनों दिसंबर 2016 में शादी करने की तैयारी कर रहे थे . उन्होंने प्रत्यूषा के साथ हुई आखिरी फोन बातचीत का भी जिक्र किया और दावा किया कि उस दौरान वह उन्हें शांत करने और हिम्मत देने की कोशिश कर रहे थे. राहुल ने इसी बातचीत को अपने पक्ष में अहम आधार बताया.
कोर्ट ने अब क्या फैसला सुनाया?
पहले 2023 में दिंडोशी सेशंस कोर्ट ने राहुल की डिस्चार्ज याचिका खारिज कर दी थी. इसके बाद उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया. अब जस्टिस शिवकुमार जी. डिगे की एकल पीठ ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए उन्हें इस मामले से डिस्चार्ज कर दिया है.
कौन हैं राहुल राज सिंह?
instagram-@rahulrajnaamtosunahoga
instagram-@rahulrajnaamtosunahoga
राहुल राज सिंह सिर्फ प्रत्यूषा के साथ रिश्ते की वजह से ही चर्चा में नहीं रहे. उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी काम किया है. उन्होंने साल 2007 में ‘एक मैं एक तुम’ फिल्म से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया. इसके बाद वह टीवी पर ‘माता की चौकी’, ‘अंबर धारा’ और ‘गणेश लीला’ जैसे शोज में नजर आए. वह ‘पावर कपल’ शो का भी हिस्सा रहे.
क्रिकेट के भी हैं शौकीन
राहुल का जुड़ाव क्रिकेट से भी रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक वह स्टेट लेवल क्रिकेट खेल चुके हैं और महेंद्र सिंह धोनी के साथ भी क्रिकेट खेल चुके हैं. इसके अलावा वह प्रोडक्शन और इवेंट से जुड़े काम भी करते हैं.




