संकट कटै मिटै सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलबीरा... फ्लाइट में आया संकट तो Smit Machchhar पढ़ने लगे हनुमान चालीसा, PM मोदी को बताई पूरी आपबीती
कैप्टन स्मित मच्छार ने पीएम मोदी से बातचीत करके बताया कि कैसे उस वक्त संकट के समय में वे हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे. फिलहाल कैप्टन स्मित यूएई के एक अस्पताल में भर्ती हैं.
flydubai Captain Smit Machchhar
बुधवार को दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की फ्लाइट को क्रैश होने से बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार आज दुनियाभर के लिए हीरों बन गए हैं. उन्होंने अपनी जान पर खेलकर 170 से ज्यादा लोगों की जान बचानें में बड़ी भूमिका निभाई. इस दौरान वे गंभीर रूप से घायल भी हो गए थे. जिसके बाद उनको सऊदी अरब में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
अब कैप्टन स्मित को यूएई शिफ्ट कर दिया गया है. वहीं अब पीएम मोदी ने स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत करके उनका हाल जाना. इस दौरान स्मित ने बताया कि कैसे वे उस वक्त फ्लाइट में हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे.
क्या बोले कैप्टन स्मित?
पीएम मोदी से बात करते हुए फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार ने कहा कि "जब भी मुझे तकलीफ होती है, मैं हनुमान चालीसा का पाठ करता हूं. उस समय भी, मैं बस हनुमान चालीसा का पाठ ही करता रहा. आज, आपकी एक कॉल से मुझे सच में बहुत गर्व महसूस हो रहा है."
पीएम मोदी से बातचीत करते हुए कैप्टन स्मित मच्छार ने उस दिन की घटना को याद करके बताया कि कैसे उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आखिर दम तक लड़े. आगे उन्होंने बताया कि "आप मेरे सबसे बड़े आदर्श हैं. आज आप जिस तरह से मेरा हौसला बढ़ा रहे हैं, उस पर मुझे गर्व है. मुझे कई चोटें आई थीं, लेकिन मैंने खुद से कहा कि मुझे उठना होगा और कुछ करना होगा. उस समय, मैंने कॉकपिट का दरवाज़ा खोलने के लिए खुद को प्रेरित किया."
बातचीत के दौरान क्या-क्या बोले पीएम मोदी?
फ़्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार ने PM मोदी से कहा, "सर, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे आपसे बात करने का मौका मिलेगा." PM ने कैप्टन से कहा, "आपने पूरे देश का मान बढ़ाया है. भारत आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक है. कल आपकी सेहत के लिए पूरे देश में विशेष प्रार्थनाएं की गईं. मैं आपकी देखभाल करने के लिए सऊदी और UAE सरकारों का शुक्रिया अदा करता हूं. मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि जब भी आपको मेरी जरूरत होगी, मैं बस एक फोन कॉल की दूरी पर रहूंगा."
आगे PM मोदी ने फ़्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार से कहा, "आपने दुनिया को दिखाया है कि 'अहिंसा' क्या होती है. मैंने सोशल मीडिया पर कई कमेंट्स पढ़े जिनमें कहा गया था कि अगर हालात कुछ और होते, तो लोग भारत के बारे में क्या कहते? आपने बहुत बड़ा काम किया है और सभी की जान बचाई है." फ़्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार और PM मोदी ने गुजराती भाषा में बातचीत की. PM ने कैप्टन के परिवार और उनके साहस की तारीफ की.




