Begin typing your search...

रिफाइनरी पर हो रही थी बमबारी, लगा एयरलिफ्ट 2 कर रही हूं! दुबई से लौटीं Lara Dutta ने बताया कितने डरावने थे हालात

लारा दत्ता ने खुलासा किया कि दुबई में रहते समय उनके घर के पास लगातार धमाके और लड़ाकू विमानों की आवाजें सुनाई दे रही थीं. डरावने माहौल के बीच उन्होंने कार से लंबा सफर तय कर एयरपोर्ट पहुंचकर भारत वापसी की.

lara dutta stuck in dubai bombing returns india with daughter saira
X
( Image Source:  Instagram: larabhupathi )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय3 Mins Read

Updated on: 13 March 2026 11:43 AM IST

इस महीने की शुरुआत में, बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता (Lara Dutta) ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था. उसमें उन्होंने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव और संघर्ष की वजह से वे अपनी छोटी बेटी सायरा के साथ दुबई में फंस गई हैं. अब अच्छी खबर यह है कि लारा सुरक्षित तरीके से भारत वापस लौट आई हैं.

हाल ही में उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में अपनी इस पूरी यात्रा और डरावने अनुभव के बारे में खुलकर बात की. लारा ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा था जैसे वे फिल्म 'एयरलिफ्ट 2' की शूटिंग कर रही हों जहां लोग वॉर जैसी स्थिति में फंसकर निकलने की कोशिश करते हैं.

दुबई क्यों गई थीं लारा?

लारा ने बताया कि वे दुबई इसलिए गई थीं क्योंकि उनकी बेटी सायरा वहां एक बहुत अच्छे टेनिस कोच से ट्रेनिंग ले रही थी. उनका पति महेश भूपति उस समय किसी काम से लंदन में थे. इसलिए लारा और सायरा दोनों अकेले ही दुबई में रह रही थी. दुबई को वे पिछले कुछ सालों से अपना दूसरा घर जैसा मानती हैं, लेकिन इस बार स्थिति बहुत अलग और डरावनी हो गई.

वापसी की यात्रा कैसी रही?

लारा ने बताया कि वे जिस जगह रह रही थीं, वह जेबेल अली पोर्ट से सिर्फ 10 किलोमीटर दूर थी. उस इलाके में हर रोज बमबारी और हमले हो रहे थे. बहुत डर लग रहा था, लेकिन लारा ने फैसला किया कि वे जोखिम उठाकर भी भारत वापस आएंगी क्योंकि वे अपने पति और परिवार के साथ रहना चाहती थी. वे कार से लगभग दो घंटे चलकर फुजैराह पहुंची. लेकिन मजेदार और डरावनी बात यह थी कि ठीक एक दिन पहले ही फुजैराह पोर्ट और वहां की तेल रिफाइनरी पर भी हमला हुआ था.

'जैसे लगा शूटिंग कर रही हूं'

लारा ने कहा, 'यह सच में बहुत डरावना था. मैं झूठ नहीं बोलूंगी मैं अपने दोस्त और को-एक्टर अक्षय कुमार से मजाक में कह रही थी कि लगता है मैं 'एयरलिफ्ट 2' का हिस्सा बन गई हूं.' एयरपोर्ट पर पहुंचकर भी उन्हें आसपास धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थी. लड़ाकू विमान आसमान में उड़ रहे थे और जोरदार आवाजें आ रही थी. लारा ने एयरलाइंस की भी तारीफ की कि उन्होंने इतनी मुश्किल हालात में भी लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की. उन्होंने यह भी कहा कि इस सारी घटना से उनकी बेटी सायरा को गहरा सदमा लगा होगा. बच्चे के लिए इतना डर और तनाव सहना आसान नहीं है.

अन्य सेलेब्स भी फंसे थे

लारा के अलावा कई अन्य भारतीय हस्तियां भी दुबई में फंस गई थीं, जैसे सोनल चौहान, ईशा गुप्ता और विष्णु मंचू. सोनल और ईशा वापस भारत आ चुकी हैं, लेकिन विष्णु मंचू के बारे में अभी तक कोई नई जानकारी नहीं आई है.

लारा की आने वाली फिल्में

काम की बात करें तो लारा जल्द ही कई बड़ी फिल्मों में नजर आएंगी. इनमें शामिल हैं- वेलकम टू द जंगल, सूर्यास्त और रामायण. फैंस उनके इन नए किरदारों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

bollywood
अगला लेख