12 साल बाद दुल्हन बनेंगी Jennifer Winget, 5 पॉइंट्स में जानें उनके मंगेतर William Ismail से जुड़ी पूरी डिटेल
टीवी इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट की दूसरी शादी की अफवाहें तेजी से वायरल हो रही हैं. रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वह सिंगापुर के बिजनेसमैन विलियम इस्माइल के साथ जल्द शादी कर सकती हैं.
टीवी की 'बेहद' खूबसूरत एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट (Jennifer Winget) एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर एक सिंपल सा कमेंट क्या आया, जेनिफर की शादी की खबरों ने जोर पकड़ लिया. अफवाहों का बाजार गर्म है कि जेनिफर बहुत जल्द सिंगापुर के एक बिजनेसमैन के साथ सात फेरे या यूं कहें कि व्हाइट वेडिंग लेने वाली हैं. कहानी शुरू होती है एक वेडिंग डांस वीडियो से, जिस पर जेनिफर विंगेट ने एक ऐसा कमेंट किया जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया.
इसके बाद से ही खबरें आने लगीं कि जेनिफर, सिंगापुर के बिजनेसमैन विलियम इस्माइल (William Ismail) को डेट कर रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बात सिर्फ डेटिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों इस साल के अंत तक शादी के बंधन में बंध सकते हैं. चर्चा है कि कपल अपनी शादी के लिए सितंबर-अक्टूबर या फिर दिसंबर-जनवरी की तारीखों पर विचार कर रहा है. हालांकि, जेनिफर की तरफ से अभी तक इस पर कोई ऑफिशियल मुहर नहीं लगी है.
आखिर कौन हैं विलियम इस्माइल?
भले ही विलियम का नाम आज भारत की सबसे पॉपुलर टीवी एक्ट्रेसेस में से एक के साथ जुड़ रहा है, लेकिन असल जिंदगी में वह लाइमलाइट से कोसों दूर रहना पसंद करते हैं. आइए जानते हैं उनके बारे में कुछ खास बातें:
1. सोशल मीडिया पर रखते हैं प्राइवेसी
विलियम चमक-धमक की दुनिया से दूर एक सिंपल लाइफ जीते हैं. उनका इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट है, जहां उनके महज 936 फॉलोअर्स हैं और उन्होंने करीब 174 पोस्ट शेयर की हैं.
2. कॉर्पोरेट वर्ल्ड का बड़ा नाम
विलियम का प्रोफेशनल बैकग्राउंड बेहद मजबूत है. उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह वर्तमान में सिंगापुर की कंपनी MHC डिजिटल ग्रुप में 'बिजनेस डेवलपमेंट और ट्रेडिंग' के डायरेक्टर हैं. वह अक्टूबर 2022 से इस पद पर काम कर रहे हैं.
3. रह चुके हैं वाइस प्रेसिडें
इससे पहले वह एक कंपनी में प्रोडक्ट मैनेजर और दूसरी में वाइस प्रेसिडेंट (VP) रह चुके हैं. उन्होंने मशहूर यूबीएस (UBS) इन्वेस्टमेंट बैंक में भी लगभग 10 साल तक अपनी सेवाएं दी हैं. फॉरेक्स मार्केट (विदेशी मुद्रा) और ट्रेडिंग में उन्हें महारत हासिल है.
4. शानदार है एजुकेशन प्रोफाइल
पढ़ाई-लिखाई के मामले में भी विलियम काफी आगे हैं. उन्होंने साल 2002 से 2005 के बीच दुनिया की प्रतिष्ठित यॉर्क यूनिवर्सिटी से 'इकोनॉमिक्स और फाइनेंस' में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
5. पैपराज़ी से रहना चाहते हैं दूर
कपल के करीबी सूत्रों का कहना है कि वह और जेनिफर काफी समय से साथ हैं. जेनिफर ज्यादातर वक्त भी सिंगापुर में ही बिताती थी. हालांकि डेटिंग के समय से ही दोनों पैपराज़ी कैमरों से दूर रहना चाहते है.
कैसी होगी जेनिफर और विलियम की शादी?
सूत्रों के हवाले से मिली खबरों के मुताबिक, जेनिफर और विलियम की शादी ईसाई रीति-रिवाजों के अनुसार हो सकती है. 'हिंदुस्तान टाइम्स' की एक रिपोर्ट के अनुसार, जेनिफर ने अपनी शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं. एक्ट्रेस की वेडिंग प्लानिंग के बारें में बात करें तो, जेनिफर अपनी शादी के लिए वेडिंग वेंडर्स और जरूरी सर्विसेज को शॉर्टलिस्ट कर रही हैं. उन्होंने शादी की थीम के लिए एक खास 'मूड बोर्ड' भी तैयार किया है.
कहां किया था प्रपोज?
कहा जा रहा है कि एक वैकेशन के दौरान विलियम ने जेनिफर को शादी के लिए प्रपोज किया था, जिसके लिए एक्ट्रेस ने तुरंत 'हां' कह दिया. अब दोनों वेडिंग वेन्यू की तलाश में हैं. जेनिफर के करीबी दोस्त, जिनमें जेनेलिया देशमुख और हरलीन सेठी जैसे नाम शामिल हैं, इस पूरी प्लानिंग से अच्छी तरह वाकिफ हैं.
जेनिफर विंगेट की पहली शादी
जो लोग जेनिफर के पास्ट के बारे में नहीं जानते, उन्हें बता दें कि यह जेनिफर की दूसरी शादी होगी. इससे पहले उन्होंने अपने सुपरहिट टीवी शो 'दिल मिल गए' के को-स्टार करण सिंह ग्रोवर से शादी की थी. शो के सेट पर दोनों का प्यार परवान चढ़ा और साल 2012 में दोनों ने शादी कर ली. हालांकि, यह रिश्ता लंबा नहीं चल सका और साल 2014 में दोनों का तलाक हो गया. जेनिफर से अलग होने के बाद करण सिंह ग्रोवर ने बॉलीवुड बिपाशा बसु से शादी कर ली थी.




