Begin typing your search...

बीफ है कि खिचड़ी! The Kerala Story 2 पर Anurag Kashyap का तीखा हमला; फिल्म को बताया- बकवास प्रोपगैंडा

‘द केरल स्टोरी 2' को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा. अनुराग कश्यप ने फिल्म को 'बकवास प्रोपगैंडा' बताते हुए तीखी आलोचना की, जिससे बहस और तेज हो गई है.

बीफ है कि खिचड़ी! The Kerala Story 2 पर Anurag Kashyap का तीखा हमला; फिल्म को बताया- बकवास प्रोपगैंडा
X
( Image Source:  X: @Nher_who, IMDB )
रूपाली राय
By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 22 Feb 2026 11:37 AM IST

इन दिनों 'द केरला स्टोरी 2' (The Kerala Story 2) पर विवाद बढ़ता जा रहा है. अब अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) के बयान ने भी फिल्म को लेकर बुरी तरह से आलोचना की है. हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें मशहूर फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप 'द केरल स्टोरी 2' के बारे में अपनी राय रखते हुए इसे कड़ी आलोचना कर रहे हैं. एक रिपोर्टर ने अनुराग कश्यप से पूछा कि 'द केरल स्टोरी 2' के बारे में उनकी क्या राय है. अनुराग ने बिना किसी लाग-लपेट के जवाब दिया, 'यह एक बकवास प्रोपगैंडा फिल्म है.' उन्होंने कहा कि यह फिल्म लोगों को बांटने और नफरत फैलाने की कोशिश करती है. निर्देशक को उन्होंने 'लालची चाटुकार' तक कह डाला, मतलब ऐसे लोग जो सिर्फ पैसे कमाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं.

फिर मजाकिया अंदाज में उन्होंने एक लाइन कही जो वीडियो में सबसे ज्यादा वायरल हुई 'ऐसे तो लोग खिचड़ी भी नहीं खिलाते जैसा इस फिल्म में बीफ खिला रहे हैं' मतलब फिल्म में एक सीन है जहां कथित तौर पर किसी लड़की को जबरदस्ती बीफ (गोमांस) खिलाया जा रहा है, और अनुराग कह रहे हैं कि यह दृश्य इतना बेस्वाद और बनावटी लगता है कि सादी खिचड़ी से भी बदतर है. यह कमेंट लोगों को हंसाने के साथ-साथ फिल्म की सच्चाई पर सवाल भी उठा रहा है.

क्यों हो रहा है विवाद?

यह सीक्वल 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है. निर्देशक कमाख्या नारायण सिंह हैं और प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह हैं, जो पहले भाग के भी प्रोड्यूसर थे. नई फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया जैसी एक्ट्रेसेस हैं. ट्रेलर में दिखाया गया है कि तीन हिंदू लड़कियां (विभिन्न राज्यों से) मुस्लिम लड़कों से प्यार करती हैं, कन्वर्ट होती हैं और फिर धोखा खाती हैं. एक खास सीन में एक लड़की को जबरदस्ती बीफ खिलाने की बात है, जो बहुत विवाद का कारण बना. केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने ट्रेलर को 'जहर' बताया और कहा कि यह केरल की सेक्युलर इमेज को खराब करने की साजिश है. केरल हाई कोर्ट ने भी फिल्म के सर्टिफिकेट पर नोटिस जारी किए हैं. कई लोग कह रहे हैं कि यह फिल्म सिर्फ राजनीतिक फायदा उठाने और पैसे कमाने के लिए बनाई गई है, खासकर चुनावों के समय. दूसरी तरफ मेकर्स का कहना है कि वे समाज को सच बता रहे हैं और डेमोग्राफी बदलने की साजिश के बारे में जागरूक कर रहे हैं.

अनुराग कश्यप कौन हैं और उनकी राय क्यों मायने रखती है?

अनुराग कश्यप हिंदी सिनेमा के सबसे बोल्ड और अलग सोच वाले डायरेक्टर हैं. उनकी फिल्में जैसे "गैंग्स ऑफ वासेपुर", "ब्लैक फ्राइडे", "देव.डी" और "केनेडी" समाज की कड़वी सच्चाई दिखाती हैं. वे मेंनस्ट्रीम की फिल्मों से अलग रहते हैं और अक्सर सरकार, समाज और बॉलीवुड की गलत चीजों पर खुलकर बोलते हैं. वे पहले भी "द केरल स्टोरी" को प्रोपगैंडा कह चुके हैं, लेकिन बैन का विरोध किया था. उनका मानना है कि फिल्में बैन नहीं होनी चाहिए, लेकिन झूठ और नफरत फैलाने वाली कहानियां भी नहीं बननी चाहिए. इस बार "द केरल स्टोरी 2" पर उनकी टिप्पणी और भी तीखी है, क्योंकि फिल्म रिलीज होने वाली है और विवाद चरम पर है.

bollywood
अगला लेख