सेट पर बुलाया-घंटों इंतजार कराया, चाय-पानी तक नहीं पूछा... स्टंट आर्टिस्ट Geeta Tandon से अनिल कपूर और फराह खान ने क्या कहा?
स्टंट आर्टिस्ट गीता टंडन ने टीवी शो के सेट पर अपने साथ हुए व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि उन्हें और उनके बेटे को घंटों इंतजार करना पड़ा. गीता की शिकायत सामने आने के बाद अनिल कपूर और फराह खान ने माफी मांगते हुए अपनी बात रखी है.
गीता टंडन से 9 घंटे इंतजार कराने पर अनिल कपूर और फराह खान ने मांगी माफी
बॉलीवुड में कैमरे के सामने नजर आने वाले सितारों की खूब चर्चा होती है, लेकिन पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों की मेहनत अक्सर अनदेखी रह जाती है. ऐसा ही एक मामला रियलिटी शो 'इंडिया के टॉप 1%' के सेट से सामने आया है. यहां स्टंट आर्टिस्ट और बॉडी डबल गीता टंडन ने अपने साथ हुए बुरे व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है.
उनका आरोप है कि उन्हें और उनके बेटे को शूटिंग के लिए बुलाकर करीब 9 घंटे तक इंतजार कराया गया. इस दौरान न तो उन्हें ठीक से कोई जानकारी दी गई और न ही चाय-पानी जैसी बुनियादी सुविधा मिली. मामला सामने आने के बाद शो के होस्ट अनिल कपूर और फराह खान ने उनसे माफी मांगी है.
क्या है पूरा मामला?
गीता टंडन के मुताबिक, शो की प्रोडक्शन टीम ने उनसे और उनके बेटे से मेहमान के तौर पर आने के लिए कई बार संपर्क किया था. इसके लिए उन्हें कोई फीस भी नहीं दी जानी थी, लेकिन उन्होंने सोचा कि इससे उन्हें कुछ पहचान मिल सकती है. इसके लिए उन्होंने अपना एक दिन का काम छोड़ा और अपने बेटे को गोवा से वापस बुलाया. गीता ने बताया कि वे दोपहर करीब 12:30 बजे सेट पर पहुंच गई थीं. उन्हें बताया गया था कि कुछ घंटों में शूटिंग हो जाएगी, लेकिन इंतजार बढ़ता ही गया. उनके मुताबिक, उन्हें एक टेंट में बैठा दिया गया, जहां चाय-कॉफी पूछने वाला भी कोई नहीं था.
शूटिंग कब होगी, इसकी जानकारी भी उन्हें नहीं दी जा रही थी. गीता का आरोप है कि जब उन्होंने देरी को लेकर सवाल किया तो प्रोडक्शन मैनेजर ने कथित तौर पर कहा कि अगर उन्हें जाना है तो जा सकती हैं, लेकिन साइन किए बिना नहीं जा सकतीं. आखिरकार रात करीब 9:15 बजे वह अपने बेटे के साथ वहां से चली गईं.
क्यों अनिल कपूर और फराह खान ने मांगी माफी?
गीता की पोस्ट पर अनिल कपूर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें यह जानकर दुख हुआ कि गीता और उनके बेटे को ऐसा अनुभव करना पड़ा. उन्होंने कहा कि वह हमेशा चाहते हैं कि शो से जुड़े हर व्यक्ति को सम्मान और अपनापन मिले. उन्होंने गीता की बात को गंभीरता से लेने की बात भी कही.वहीं, फराह खान ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें पता ही नहीं था कि गीता सेट पर मौजूद हैं. वह उस समय शाम के एपिसोड की शूटिंग में व्यस्त थीं. फराह ने कहा कि अगर उन्हें इसकी जानकारी होती तो वह गीता को अपनी वैन में बैठने के लिए कहतीं. उन्होंने यह भी कहा कि वह और अनिल गीता के काम और मेहनत का बहुत सम्मान करते हैं.
किसने किया गीता का समर्थन?
गीता की पोस्ट के बाद कई कलाकार उनके समर्थन में सामने आए. एक्ट्रेस तिलोत्तमा शोम ने उनकी तारीफ करते हुए बताया कि स्टंट करते समय गीता ने कई बार गंभीर शारीरिक चोटें झेली हैं. भाग्यश्री ने भी कहा कि फिल्म बनाने में कैमरे के सामने और पीछे काम करने वाले सभी लोगों का बराबर योगदान होता है. किसी के साथ भी अपमानजनक व्यवहार नहीं होना चाहिए. वहीं, श्रिया पिलगांवकर ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई.
क्या है 'इंडिया के टॉप 1%' शो?
'इंडिया के टॉप 1%' एक क्विज रियलिटी शो है, जिसमें सवालों के जरिए लोगों की सोचने, समझने और सही जवाब पहचानने की क्षमता परखी जाती है. इस शो को अनिल कपूर होस्ट कर रहे हैं, जबकि फराह खान भी इससे जुड़ी हैं. इसका फॉर्मेट ब्रिटेन के लोकप्रिय शो 'द 1% क्लब' पर आधारित है.




