AI का गलत इस्तेमाल न करें! Aditya Dhar ने सिख सीन विवाद पर जारी किया बयान, बोले- मैं सिखों का सम्मान करता हूं
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है और 1000 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है. इसी बीच सिख लुक में सिगरेट सीन को लेकर विवाद हुआ, जिस पर डायरेक्टर आदित्य धर ने AI से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है.
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' (Dhurandhar: The Revenge) बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है. फिल्म ने वर्ल्डवाइड लगभग 1000 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन 700 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच चुका है. पैन इंडिया लेवल पर रिलीज हुई इस फिल्म को देशभर के दर्शकों ने बहुत पसंद किया है. लोगों ने फिल्म को लेकर काफी पॉजिटिव राय दी है और इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।हालांकि, फिल्म रिलीज होने के बाद एक विवाद भी खड़ा हो गया था.
इसमें रणवीर सिंह के किरदार को सारदार (पगड़ी वाला सिख लुक) में सिगरेट पीते हुए दिखाया गया था, जिसे लेकर काफी ट्रोलिंग हुई. कई लोगों ने इस सीन पर आपत्ति जताई और कुछ ने कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी. यह विवाद इसलिए ज्यादा बढ़ा क्योंकि रणवीर सिंह फिल्म में एक भारतीय एजेंट का रोल निभा रहे हैं, जो पंजाब के एक आर्मी परिवार से ताल्लुक रखता है. उनका किरदार हमजा अली मजारी बनकर पाकिस्तान में घुसपैठ करता है. सिख समुदाय के कई लोग इस सीन से नाराज हो गए थे.
क्या रहा आदित्य धर का बयान?
अब फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने इस विवाद पर अपना आधिकारिक बयान जारी किया है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया. आदित्य धर ने लिखा, 'मैं पूरे देश और दुनिया भर के दर्शकों का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने 'धुरंधर द रिवेंज' को इतना प्यार और सपोर्ट दिया है. मैं आप सबका बहुत आभारी और कर्जदार हूं. लेकिन मुझे यह जानकर अफसोस हुआ कि कुछ लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का गलत इस्तेमाल करके फिल्म के ऑफिशियल प्रमोशनल मटेरियल में बदलाव कर रहे हैं. वे मनमाने तरीके से तस्वीरें और विजुअल्स बदलकर गलत और भ्रामक बातें फैला रहे हैं.
झूठी ख़बरों का शिकार न बनें
उन्होंने आगे कहा, 'ऐसी ही एक फर्जी और बनाई हुई इमेज में जसकीरत के किरदार को पगड़ी पहनकर सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है. मैं साफ-साफ कहना चाहता हूं कि यह पूरी तरह से झूठ है. यह इमेज फिल्म का हिस्सा नहीं है और न ही हमारे द्वारा जारी किसी भी ऑफिशियल मटेरियल में यह था. इसे जानबूझकर गलत तरीके से बनाया और फैलाया गया है, जिसका मकसद लोगों को भड़काना और शरारत करना है. मैं यह बहुत स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मैं सिख समुदाय का बहुत सम्मान करता हूं. फिल्म में हर किरदार को बहुत संवेदनशीलता, सम्मान और जिम्मेदारी के साथ दिखाया गया है. किसी भी तरह से छेड़छाड़ करके गलत संदेश देने की कोशिश बिल्कुल गलत इरादे से की गई है और यह बेईमानी है. मैं सभी दर्शकों से हाथ जोड़कर गुजारिश करता हूं कि वे केवल ऑफिशियल कंटेंट पर ही भरोसा करें. फिल्म को ठीक उसी नजरिये से देखें जैसा इसका असली मकसद है. कृपया AI से बनाई गई इन गलत और भ्रामक खबरों का शिकार न बनें. ऐसे गलत कामों से हम सख्ती से निपटेंगे.'




