कौन हैं साउथ एक्ट्रेस Ramya? धुरंधर 2 को बताया घटिया, लोगों को दी पैसे न बर्बाद करने की सलाह
फिल्म ‘धुरंधर 2’ रिलीज होते ही विवादों में आ गई है, जहां राम्या ने इसे बोरिंग और हिंसक बताया. वहीं रणवीर सिंह की एक्टिंग को साउथ और बॉलीवुड सितारों ने सराहा है.
फिल्म 'धुरंधर 2' (Dhurandhar 2) बुधवार शाम को थिएटर्स में रिलीज हुई है. यह आदित्य धर की डायरेक्टेड फिल्म है, जिसमें लीड रोल में रणवीर सिंह हैं. रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इस फिल्म की काफी चर्चा शुरू हो गई. कई बड़े-बड़े सितारों ने इसकी खूब तारीफ की है, लेकिन एक तरफ एक्ट्रेस और पूर्व राजनेता राम्या जिन्हें दिव्या स्पंदना के नाम से भी जाना जाता है, ने इस फिल्म को लेकर बहुत निगेटिव रिव्यू दिया है. राम्या ने अपनी एक्स पोस्ट में फिल्म को देखने के बाद काफी गुस्से और निराशा के साथ अपनी राय रखी.
उन्होंने लिखा कि यह फिल्म किसी उम्मीद भरी कहानी को बिल्कुल बेकार और थकाऊ बना देती है. उनके शब्दों में कहें तो यह ऐसी उबाऊ किताब पढ़ने जैसा है, जिसके चैप्टर कभी खत्म ही नहीं होते. आप देखते-देखते इतना बोर हो जाते हैं कि दिमाग हार मान लेता है और फिर सामने हो रही बुराई देखकर हंसी आने लगती है. उन्होंने आगे कहा कि अगर आप सच में यह फिल्म देखना चाहते हैं, तो थिएटर में अपना पैसा और समय बर्बाद मत कीजिए. बेहतर होगा कि इसे किसी स्ट्रीमिंग ऐप पर देखें, जहां एक क्लिक में आप इससे छुटकारा पा सकते हैं.'
क्यों कहा फिल्म को घटिया?
राम्या ने फिल्म के हर हिस्से की आलोचना की डायरेक्शन, डायलॉग्स, एडिटिंग, बैकग्राउंड म्यूजिक, एक्टिंग सब कुछ उन्हें बहुत घटिया लगा. उन्होंने पहले पार्ट की तुलना करते हुए कहा कि ;धुरंधर 1' में दर्शक तालियां बजा रहे थे, जोश में थे, मजे ले रहे थे. पूरा थिएटर एनर्जी से भरा हुआ था. लेकिन इस दूसरे पार्ट में ऐसा कुछ भी नहीं था. पूरे थिएटर में सिर्फ निराशा का माहौल था. लोग बोर होकर बैठे थे. रणवीर सिंह के बारे में राम्या ने मजाकिया अंदाज में कहा कि लोग कहते हैं कि रणवीर ने पूरी फिल्म संभाली है, लेकिन उन्हें तो बस रणवीर के बाल ही दिखाई दिए. पहले पार्ट में उनके बालों में एक अलग स्टाइल और पर्सनैलिटी थी, लेकिन इस बार सब कुछ साधारण और बोरिंग लग रहा है. उनके बाल सीन्स में रुकावट डाल रहे हैं. शायद वे सपोर्टिव रोल के लिए अवॉर्ड के हकदार हैं.
निर्देशक खुद से कर रहा है कॉम्पिटिशन
फिल्म में हिंसा को लेकर भी राम्या ने बहुत कड़ी बात कही. उन्होंने कहा कि यह कोई फिल्म नहीं लगती, बल्कि एक ऐसी किताब है जिसमें दिखाया गया है कि आप आस-पास की किसी भी चीज से कितनी क्रिएटिव तरीके से हिंसा कर सकते हैं. सिरिंज, स्पैनर, चाकू, नुकीली गेंदें, माचेटी, चेन, बंदूक, बम, बाजूका हर चीज को हथियार बना दिया गया है. निर्देशक लगता है खुद से कॉम्पिटिशन कर रहे हैं कि अगला सीन पिछले से ज्यादा हिंसक या मजेदार कैसे बनाया जाए. लेकिन यह सब इतना ज्यादा हो जाता है कि डरावना होने की बजाय कॉमेडी लगने लगता है.
फिल्म को ऑस्कर ने नोबेल प्राइज दो
उन्होंने एक उदाहरण दिया कि फिल्म में किसी के दोनों पैर काट दिए जाते हैं, धड़ को केरोसिन में डुबोया जाता है, फिर भी वह आदमी ऐसे डायलॉग बोलता है जैसे कोई TED टॉक दे रहा हो. उन्होंने मजाक में कहा, 'मेडिकल साइंस जिंदाबाद! ऑस्कर भूल जाइए, नोबेल प्राइज मिलना चाहिए. अंत में राम्या ने लिखा कि कुल मिलाकर 'धुरंधर 2' बहुत बड़ी निराशा है. अगर पहले पार्ट ने आपको खुश किया था, तो यह देखकर आप सोचेंगे कि यह फिल्म बनाई ही क्यों गई.
क्या रहा रणवीर-आदित्य पर रिएक्शन?
उन्होंने रणवीर सिंह से कहा, 'आप इससे कहीं बेहतर कर सकते हैं और निर्देशक आदित्य धर से कहा देशभक्ति और प्रोपगैंडा का दौर अब खत्म हो चुका है, इसे भूल जाइए. दूसरी तरफ, फिल्म की काफी पॉजिटिव प्रतिक्रियाएं भी आई हैं. दक्षिण भारतीय सुपरस्टार्स जैसे महेश बाबू, अल्लू अर्जुन, विजय देवरकोंडा और जूनियर एनटीआर ने एक्स हैंडल पर फिल्म की जमकर तारीफ की. उन्होंने आदित्य धर की दूरदर्शिता और रणवीर सिंह के जबरदस्त एक्टिंग की तारीफ की. बॉलीवुड से अनन्या पांडे, कार्तिक आर्यन, सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे कलाकारों ने भी अच्छे कमेंट्स किए. निर्देशक मधुर भंडारकर ने तो कहा कि रणवीर सिंह अपने इस रोल के लिए नेशनल अवार्ड के हकदार हैं.
कौन हैं राम्या
43 साल की राम्या ने कन्नड़ फिल्मों से एक्ट्रेस के तौर पर काम शुरू किया. उन्हें "कन्नड़ सिनेमा की गोल्डन गर्ल" भी कहा जाता था. उन्होंने कई हिट फिल्में कीं, जैसे 'अब्बी','दंडपाल्य' जैसी फिल्में. वो कन्नड़ के अलावा तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं. 2000 के दशक में कन्नड़ इंडस्ट्री में वो टॉप एक्ट्रेस में से एक थी. उनकी फिल्में काफी चलती थीं और लोग उन्हें बहुत पसंद करते थे. 2012 में उन्होंने इंडियन नेशनल कांग्रेस जॉइन की. 2013 में उन्होंने मंड्या लोकसभा सीट से बाय-इलेक्शन जीता और लोकसभा की सदस्य बनी. वो कांग्रेस की सोशल मीडिया हेड भी रहीं, जहां उन्होंने पार्टी के लिए डिजिटल कैंपेन चलाए और काफी चर्चा में रही. बाद में उन्होंने राजनीति से कुछ दूरी बना ली, लेकिन वो अभी भी कभी-कभी राजनीतिक मुद्दों पर बोलती रहती हैं. वो फिल्म प्रोड्यूसर भी हैं और सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। उनकी पोस्ट्स अक्सर वायरल हो जाती हैं, खासकर जब वो किसी फिल्म या मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखती हैं.




