Dhurandhar 2: फैंस तो फैंस सेलेब्स पर चढ़ी 'धुरंधर 2' की दीवानगी, डब वर्जन ने बढ़ाई परेशानी
रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' रिलीज होते ही सिनेमाघरों में भारी भीड़ उमड़ी है और फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. हालांकि डब वर्जन की तकनीकी दिक्कतों के कारण कई जगह शो रद्द भी करने पड़े हैं.
Dhurandhar 2 Release: धुरंधर 2 (Dhurandhar: The Revenge) की रिलीज को लेकर आज पूरे देश में जबरदस्त एक्साइटमेंट और दीवानगी देखने को मिल रही है. तीन महीने से ज्यादा के लंबे इंतजार के बाद यह मचअवेटेड फिल्म आखिरकार सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है. रणवीर सिंह की यह एक्शन से भरपूर जासूसी थ्रिलर 19 मार्च 2026 को रिलीज हो गई है. जबकि 18 मार्च से ही पेड प्रीव्यू शुरू हो गए हैं. यह फिल्म पहली धुरंधर' का सीक्वल है, जो 2025 में बहुत बड़ी हिट साबित हुई थी. लेकिन इस बार यह सिर्फ हिंदी में ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में रिलीज हो रही है.
तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में डब किए गए वर्जन भी अवेलेबल है. जिससे यह पैन-इंडिया फिल्म बन गई है. कहानी में रणवीर सिंह दोबारा भारतीय जासूस जसकिरत सिंह रंगी के किरदार में नजर आ रहे हैं. वे गुप्त रूप से पाकिस्तान के ल्यारी शहर में हमजा अली मजारी बनकर काम करते हैं. ल्यारी शहर गैंगवार और अपराध के लिए कुख्यात है. पहले भाग में हमजा ने रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) को खत्म किया था, और अब सीक्वल में हमजा को 'ल्यारी का बादशाह' बनते हुए देखेंगे. यह स्पाई एक्शन थ्रिलर है, जिसे आदित्य धर ने निर्देशित किया है.
स्क्रीनिंग में पहुंचें यह स्टार्स
रिलीज से पहले कई सेलिब्रिटी स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल हुए और फिल्म की तारीफ की। मुंबई में शिल्पा शेट्टी ने अपनी बहन शमिता शेट्टी और मां के साथ फिल्म देखी. बाहर निकलते समय पैपराज़ी ने शमिता से पूछा तो उन्होंने कहा कि फिल्म 'शानदार' और 'सुपरब' है.
स्पेशल स्क्रीनिंग में प्रीति जिंटा, सेलिना जेटली, अर्जुन रामपाल, गैब्रिएला डेमेट्रियाडेस जैसे कई बड़े नाम शामिल हुए. हैदराबाद के अल्लू सिनेमा और भ्रमहरम्भा 70MM थिएटर में भी विजय देवराकोंडा जैसे स्टार्स फिल्म देखने पहुंचे. पूरे देश में थिएटर्स के बाहर भारी भीड़ लगी हुई है, लोग कतारों में खड़े हैं.
हर जगह फिल्म को लेकर क्रेज दिख रहा है. लेकिन कुछ दिक्कतें भी आई हैं. टीम द्वारा कंटेंट डिलीवरी में देरी के कारण कुछ प्रीव्यू शो प्रभावित हुए. खासकर तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम डब वर्जन की डिलीवरी में काफी देरी हुई, जिससे कई थिएटर्स में शाम के प्रीव्यू शो रद्द हो गए.
कुछ जगहों पर हिंदी वर्जन दिखाया गया. अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, तेलुगु डब वर्जन अभी भी पूरी तरह तैयार नहीं है, इसलिए आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सुबह-दोपहर के कई शो नहीं चल पाएंगे. तेलुगु दर्शकों को फिलहाल हिंदी वर्जन देखना पड़ेगा, जो समय पर रिलीज हो रहा है.
निर्देशक आदित्य धर ने शानदार थिएटर एक्सपीरियंस देने का वादा किया था और टीम दिन-रात कोशिश कर रही है, लेकिन पोस्ट-प्रोडक्शन और डिजिटल डिलीवरी में कुछ टेक्निकल मुद्दे आ गए.
तेलुगु फैंस हुए निराश
अब सुबह की स्थिति देखकर पता चलेगा कि डब्ड वर्जन कब से शुरू होंगे. इस बीच, कल रिलीज होने वाली पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' से भी थोड़ी टक्कर हो सकती है, खासकर तेलुगु बेल्ट में. लेकिन 'धुरंधर 2' का क्रेज इतना जबरदस्त है कि यह बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा सकती है. पहले ही एडवांस बुकिंग में बहुत अच्छे नंबर आए हैं, और लोग इसे 2026 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों में से एक मान रहे हैं. कुल मिलाकर, उत्साह चरम पर है, कुछ छोटी-मोटी दिक्कतों के बावजूद दर्शक थिएटर्स की ओर बढ़ रहे हैं. अगर आपने टिकट नहीं लिया तो जल्दी बुक कर लीजिए, क्योंकि भीड़ बहुत ज्यादा है.




