12 जून को रिलीज होगी असमिया फिल्म Chupa Chupi, रिलीज हुए पहले पोस्टर और गाने ने बढ़ाई एक्साइटमेंट
असमिया फिल्म ‘चुपा-चुपी’ 12 जून को रिलीज होने जा रही है. टीजर और पहले गाने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.
असम में एक के बाद एक नई असमिया फिल्मों के रिलीज का सिलसिला लगातार जारी है. इसी रोमांचक कड़ी में अब एक और नई फिल्म दर्शकों के सामने आने जा रही है. फिल्म का नाम है 'चुपा-चुपी'. यह फिल्म 12 जून को पूरे असम राज्य के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. रिलीज होने में अभी कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन फिल्म को लेकर पहले से ही पूरे राज्य में काफी चर्चा छिड़ गई है. खासकर सोशल मीडिया पर फिल्म का टीजर जारी होने के बाद दर्शक बहुत ज्यादा एक्साइटेड नजर आ रहे हैं. शनिवार को गुवाहाटी के बेलतोला इलाके में स्थित फूड माफिया रेस्टोरेंट में फिल्म 'चुपा-चुपी' का पोस्टर और पहला गाना लॉन्च किया गया.
इस इवेंट में फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही. असम के लोकप्रिय सिंगर विश्रुत शइकिया की मधुर आवाज़ में फिल्म का पहला गाना रिलीज किया गया, जिसे दर्शक और सुनने वाले लोग बहुत पसंद कर रहे हैं. यह फिल्म DJ Entertainment और Atlas Creation के बैनर तले बनी है. फिल्म के निर्देशन, स्क्रिप्ट और डायलॉग्स की जिम्मेदारी प्रणव भराली ने संभाली है. फिल्म में मुख्य रूप से नए कलाकारों को मौका दिया गया है, लेकिन साथ ही कुछ अनुभवी और लोकप्रिय चेहरे भी नजर आएंगे.
फिल्म के कलाकार
फिल्म में कमल लोचन, स्निग्धा गोगोई, कौशिक भारद्वाज, वैभवी गोस्वामी, किशोर तहबिलदार, सप्तर्षि गोगोई, जीत कलिता, हिमांशु प्रसाद दास, जिंटू कुमार कश्यप, बेदब्रत बोरा और मृणाल हलोई जैसे कलाकार शामिल हैं. इनके अलावा दीक्षु शर्मा, आचुर्य बरपात्र, विश्रुत शइकिया और नील आकाश ने फिल्म में अपनी आवाज़ दी है. फिल्म का म्यूजिक दिगंत भारती ने तैयार किया है, जो अपनी मधुर धुनों के लिए जाने जाते हैं, फिल्म का पूरा निर्माण हृषिकेश पाटगिरि ने किया है.
वेब सीरीज से फिल्म तक का सफर
दिलचस्प बात यह है कि 'चुपा-चुपी' 12 जून 2024 में पहले एक वेब सीरीज के रूप में रिलीज हुई थी. उस वेब सीरीज को असम के दर्शकों ने बहुत पसंद किया था. अब उसी कहानी को फिल्म के तौर पर बड़े पर्दे पर लाया जा रहा है. कलाकारों और निर्देशक का मानना है कि वेब सीरीज की तरह यह फिल्म भी दर्शकों के दिलों में जगह बना लेगी. फिल्म की कहानी काफी अनोखी और रोचक बताई जा रही है, जो दर्शकों को पूरे समय बांधे रखेगी. पोस्टर लॉन्च के मौके पर मैट्रिक्स मॉल के फूड माफिया में फिल्म की टीम ने बहुत एक्साइटमेंट दिखाया. कलाकारों ने कहा कि वे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद कर रहे हैं. निर्देशक प्रणव भराली और निर्माता हृषिकेश पाटगिरि ने भी फिल्म की पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया.
क्या कहना है एक्टर्स का
स्टेट मिरर के साथ बातचीत में एक्ट्रेस स्निग्धा गोगोई ने अपने किरदार के बारें में बताया. उन्होंने कहा, 'मेरी भूमिका उर्मिला बो की है, जो पहले से ही काफी फेमस हो चुकी है. पहले एक वेब सीरीज आई थी 'चुपा-चुपी' हम उस सीरीज से बहुत इमोशनली रूप से जुड़े हुए थे. डायरेक्टर के साथ भी हमारा गहरा लगाव था. वो सीरीज सपनों वाली कहानी थी. उसी सीरीज से शुरू करके आज ये फिल्म 12 जून को रिलीज होने जा रही है. इस पूरी यात्रा को देखकर बहुत अच्छा लग रहा है. मैं बहुत खुश भी हूं और घबराई हुई भी हूं. कहानी बहुत अच्छी है, मुझे लगता है लोगों को पसंद आएगी. सब लोग 12 जून को फिल्म जरूर आएँ, देखें और हमें बताएं कि कैसी लगी.' वहीं एक्टर कौशिक भारद्वाज ने भी दर्शकों से फिल्म देखने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा, 'कहानियों के जरिए बहुत सारे अच्छे मैसेज दिए गए हैं। सबको ये फिल्म जरूर देखनी चाहिए. हम बहुत पॉजिटिव हैं, इसलिए हमने ये फिल्म पॉजिटिव तरीके से बनाई. लेकिन हर फिल्म की तरह थोड़ा डर भी लगता है। ये सबके लिए टेस्ट होता है. प्रोडक्शन हाउस के लिए भी. फिर भी हम बहुत शुक्रगुजार हैं कि हम फिल्म पूरी कर पाए और लोगों के सामने पेश कर पा रहे हैं. असम में अब नया दौर शुरू हो रहा है. न्यू एज सिनेमा आ रहा है। पिछले 2-3 साल से सिनेमे में बदलाव दिख रहा है.'
क्या मैसेज देती है फिल्म
एक्ट्रेस स्निग्धा गोगोई ने फिल्म के बारें बताया कि 'चुपा-चुपी' समाज में किस तरह का मैसेज देती है. उन्होंने स्टेट मिरर को बताया, 'आजकल मोबाइल और फोन का बहुत ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है. जब छोटा वाला फोन पहली बार आया था, तब उसके अच्छे और बुरे दोनों पहलुओं को दिखाया गया था. इस फिल्म में फोन का इस्तेमाल तो कम है, लेकिन थोड़ा अलग तरीके से. आज के बच्चों के लिए जो मैसेज जरूरी है, वो इस फिल्म में कई रूप में हैं. फिल्म में थ्रिल और सस्पेंस भी है. कहानियों के जरिए बहुत सारे अच्छे मैसेज दिए गए हैं. सबको ये फिल्म जरूर देखनी चाहिए.'
दर्शकों में बढ़ी एक्साइटमेंट
टीजर और गाने रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म की चर्चा काफी तेज हो गई है. लोग पोस्ट कर रहे हैं, कमेंट्स कर रहे हैं और 12 जून का इंतजार कर रहे हैं. असमिया सिनेमा प्रेमी इस फिल्म को परिवार के साथ देखने की योजना बना रहे हैं. अगर आप भी असमिया फिल्मों के शौकीन हैं तो 12 जून को अपने नजदीकी सिनेमाघर में 'चुपा-चुपी' जरूर देखें. यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ एक ताज़ा और अलग अनुभव देने का वादा करती है.




