बेटे आर्थर के बर्थडे पर छलका Celina Jaitly का दर्द, बोलीं- काश तुम्हें गले लगा पाती, शमशेर की कब्र पर जरूर जाना
तलाक की कानूनी लड़ाई के बीच एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने अपने बेटे आर्थर हाग के 9वें बर्थडे पर इमोश्नल पोस्ट शेयर की है. सेलिना ने बेटे से दूर होने का दर्द जाहिर करते हुए कहा कि वह उसे गले लगाना और उसके लिए पसंदीदा पानी पूरी बनाना चाहती थीं. उन्होंने आर्थर को भाई शमशेर की कब्र पर जाने की भी बात कही.
एक्ट्रेससेलिना जेटली ने अपने बेटे आर्थर हाग के 9वें जन्मदिन पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की है. पति पीटर हाग के साथ चल रही तलाक की कानूनी लड़ाई के बीच सेलिना ने बेटे को दूर से जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने अपने पोस्ट में बच्चों से दूर रहने का दर्द जाहिर किया और बताया कि वह उनसे बात करने की लगातार कोशिश कर रही हैं.
सेलिना ने आर्थर को बर्थडे विश करते हुए लिखा कि वह उसे बहुत याद कर रही हैं. एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि बेटे के नौवें जन्मदिन पर उन्हें उससे दूर रहकर शुभकामनाएं देनी पड़ेंगी. उन्होंने पुराने पलों को याद करते हुए कहा कि वह आज अपने बेटे को गले लगाना, उसे किस करना और उसके लिए उसकी फेवरेट पानी पूरी बनाना चाहती थीं.
सेलिना ने यह भी कहा कि उनके तीनों बेटे उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी हैं. उनके लिए मां होना किसी भी पद या उपलब्धि से ज्यादा महत्वपूर्ण है.
आर्थर को भाई शमशेर की याद दिलाई
आर्थर अपने जुड़वां भाई शमशेर के साथ पैदा हुआ था. शमशेर की 2017 में जन्म के कुछ समय बाद दिल से जुड़ी बीमारी के चलते मौत हो गई थी. बेटे के जन्मदिन पर सेलिना ने आर्थर से अपने भाई शमशेर की कब्र पर जाने की अपील भी की.उन्होंने कहा कि शमशेर हमेशा अपने भाई पर नजर रख रहा है. सेलिना ने आर्थर के लिए मां बगलामुखी से आशीर्वाद की प्रार्थना भी की.
बच्चों से बात करने के लिए लिख रही हैं लेटर
अपनी पोस्ट में सेलिना ने दावा किया कि वह बच्चों से बात करने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने बताया कि वह पीटर हाग को रोज लेटर लिखती हैं और बच्चों से बात कराने की गुजारिश करती हैं, लेकिन उन्हें अब तक कोई जवाब नहीं मिला है.
सेलिना ने बच्चों से कहा कि उन्हें माता-पिता के बीच चल रही परेशानियों को ठीक करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने साफ कहा कि बच्चों को कभी भी मां और पिता में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए.
पीटर हाग के खिलाफ दर्ज हुई FIR
रिपोर्ट्स के अनुसार, पीटर हाग ने पिछले साल ऑस्ट्रिया की एक अदालत में तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी. वहीं, सेलिना की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने पीटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी. रिपोर्ट्स में उन पर शारीरिक हिंसा, क्रूरता, आपराधिक धमकी और उत्पीड़न जैसे आरोप लगाए गए हैं.फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों के बयान और दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं.
2010 में हुई थी सेलिना और पीटर की शादी
सेलिना जेटली ने 2010 में पीटर हाग से शादी की थी. दोनों के पहले जुड़वां बेटे विंस्टन और विराज का जन्म 2012 में हुआ. इसके बाद 2017 में सेलिना ने जुड़वां बच्चों आर्थर और शमशेर को जन्म दिया.
कौन है सेलिना के पति पीटर हाग
सेलिना जेटली के पति पीटर हाग एक ऑस्ट्रियाई बिजनेसमैन और होटल व्यवसायी हैं. उन्होंने सितंबर 2010 में अभिनेत्री सेलिना जेटली से शादी की थी. हाल ही में नवंबर 2025 में सेलिना ने पीटर हाग पर मुंबई की अदालत में घरेलू हिंसा, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है, जिसके बाद से दोनों के बीच तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर कानूनी विवाद चल रहा है.
क्या है तलाक को लेकर विवाद
सेलिना जेटली और उनके पति पीटर हाग के बीच तलाक और कानूनी विवाद का मुख्य कारण घरेलू हिंसा, गंभीर दुर्व्यवहार और पारिवारिक मतभेद हैं.सेलिना ने अपने पति पीटर हाग पर इमोश्नल, फिजिकल प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं.अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि उनके पति ने धोखाधड़ी से उनकी प्रॉपर्टी अपने नाम करने की कोशिश की और उनके वित्तीय संसाधन सीमित कर दिए.




