Begin typing your search...

पवन कल्याण पर जोक करना स्टैंडअप कॉमेडियन Sarat Uday Boddeda को पड़ा भारी, TDP समर्थकों ने बीच शो में किया बवाल

बेंगलुरु में कॉमेडियन शरत उदय के शो में TDP समर्थकों ने घुसकर हंगामा किया और पुरानी बातों पर माफी मंगवाई. यह विवाद पवन कल्याण जोक मामले के बाद और तेज हो गया है, जिससे कॉमेडी की आजादी पर सवाल उठ रहे हैं.

पवन कल्याण पर जोक करना स्टैंडअप कॉमेडियन Sarat Uday Boddeda को पड़ा भारी, TDP समर्थकों ने बीच शो में किया बवाल
X
( Image Source:  Instagram: thatguy_uday, X: @zoo_bear )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Published on: 27 April 2026 2:15 PM

आंध्र प्रदेश पुलिस द्वारा एक्टर और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण पर जोके बनाने के आरोप में दो स्टैंड-अप कॉमेडियनों की गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद, अब सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के समर्थकों ने भी एक स्टैंड-अप कॉमेडियन के शो में बाधा डाल दी. शनिवार 25 अप्रैल को बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में स्थित 'मिनिस्ट्री ऑफ कॉमेडी' नामक जगह पर हैदराबाद के मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन शरत उदय बोद्देदा अपना सोलो कॉमेडी शो कर रहे थे. अचानक शो के बीच में कुछ टीडीपी समर्थक स्टेज पर चढ़ गए और शो को पूरी तरह बाधित कर दिया.

इस घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि आगे की सीट पर बैठा एक व्यक्ति अचानक स्टेज पर आ जाता है. उसके बाद और भी कुछ लोग उसके साथ जुड़ जाते हैं. वे खुद बताते हैं कि वे करीब दस लोग हैं. यह घटना शाम लगभग 6:10 बजे की है. टीडीपी समर्थक जोर-जोर से चिल्लाते हुए शरत उदय से कहने लगे कि वे मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उनके बेटे, मंत्री नारा लोकेश पर दो साल पहले किए गए जोक्स के लिए माफी मांगें.

कॉमेडियन ने मांगी माफ़ी

शरत ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि उन्होंने उस समय पहले ही माफी मांग ली थी. लेकिन समर्थक नहीं माने और लगातार माफी मांगने का दबाव बनाते रहे. आखिरकार शरत उदय को मजबूरन दोबारा माफी मांगनी पड़ी. इसके बावजूद टीडीपी समर्थक उन पर 'अंतिम चेतावनी' देते हुए बोले कि आगे से कभी भी चंद्रबाबू नायडू, लोकेश या टीडीपी कार्यकर्ताओं पर कोई जोक्स न सुनाएं. वे शो के दौरान गाली-गलौज भी करते रहे. एक बार उन्होंने शरत पर तिरुपति लड्डू वाले मुद्दे पर भी मजाक करने का आरोप लगाया, जिस पर शरत ने साफ कहा कि उन्होंने ऐसा कोई जोके कभी नहीं सुनाया.

'जय तेलुगु देशम' के लगे नारे

समर्थकों ने एक मौके पर शरत से 'जय तेलुगु देशम', 'जय चंद्रबाबू नायडू' और 'जय लोकेश अन्ना' के नारे लगाने को भी कहा. लेकिन यहां शरत उदय ने अपना रुख साफ कर दिया और कहा कि अब वे माफी मांग चुके हैं, इसलिए समर्थक शो छोड़ दें. जब समर्थकों ने पूछा कि क्या शो के टिकट के पैसे वापस किए जाएंगे, तो शरत ने हां कर दिया. लेकिन जब उन्होंने टिकट दिखाने को कहा, तो समर्थक नाराज हो गए. वे कुर्सियों को लात मारने लगे और गुस्से में शो छोड़कर चले गए.

शरत उदय बोद्देदा ने क्या कहा?

दिसंबर 2024 में, जब आंध्र प्रदेश में टीडीपी-जन सेना-भाजपा गठबंधन की सरकार बनी थी, शरत उदय ने 'आंध्र राजनीति' नाम से एक वीडियो अपलोड किया था. उस वीडियो में उन्होंने युवजन श्रमिक रायथु कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी), तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और जन सेना पार्टी (जेएसपी) तीनों पर हल्के-फुल्के जोक सुनाए थे. उस समय काफी आलोचना और कानूनी कार्रवाई की धमकियां मिलने के बाद शरत ने माफी भी मांग ली थी. बेंगलुरु शो के बाद शरत उदय ने ‘द न्यूज मिनट’ को बताया कि उन्होंने आंध्र प्रदेश के राजनेताओं पर जोक्स सुनाना उस घटना के बाद पूरी तरह बंद कर दिया था. लेकिन हाल ही में पवन कल्याण पर जोक्स बनाने के आरोप में दो अन्य कॉमेडियनों अनुदीप कटिकाला और रफीक की आंध्र पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद टीडीपी और जन सेना के समर्थक फिर से एक्टिव हो गए.उन्होंने शरत के पुराने वीडियो दोबारा निकालकर उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया. शरत ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें पीटने की भी धमकी दी थी. कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने उनके आगामी शो की जानकारी पोस्ट करके आंध्र प्रदेश पुलिस से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की थी.

अगला लेख