4 हफ्तों से बॉक्स ऑफिस पर कायम है 'चुपा-चुपी' का जलवा, हाउसफुल शो के साथ असमिया सिनेमा को मिली नई उड़ान
असमिया फिल्म 'चुपा-चुपी' लगातार चौथे सप्ताह भी सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है. जानिए फिल्म की कमाई, स्टारकास्ट, कहानी और सफलता की वजह.
असमिया फिल्म 'चुपा-चुपी' लगातार चौथे सप्ताह भी सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है. 12 जून को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है. गुवाहाटी से लेकर असम के कई शहरों तक फिल्म के अधिकांश शो हाउसफुल चल रहे हैं, जिससे यह राज्य की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो गई है.
एक समय ऐसा था जब असमिया फिल्मों के लिए दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाना बड़ी चुनौती माना जाता था. उस दौर में जूबिन गर्ग की फिल्म 'कंचनजंघा' ने इंडस्ट्री में नई उम्मीद जगाई थी. अब 'चुपा-चुपी' उसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए सदिया से धुबरी तक दर्शकों का दिल जीत रही है और स्थानीय सिनेमा के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत कर रही है.
करोड़ों की कमाई के साथ फिल्म ने रचा नया रिकॉर्ड
रिलीज के चार सप्ताह बाद भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है. 'चुपा-चुपी' बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों रुपये का कारोबार कर चुकी है. फिल्म की सफलता इस बात का संकेत है कि दमदार कहानी, मजबूत अभिनय और बेहतरीन निर्देशन के दम पर असमिया सिनेमा भी व्यावसायिक रूप से बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है.
जानिए फिल्म की स्टारकास्ट और किसने किया निर्देशन
DJ Entertainment और Atlas Creation के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन, कहानी और संवाद प्रणव भराली ने लिखे हैं. फिल्म में कमल लोचन, स्निग्धा गोगोई, कौशिक भारद्वाज और वैभवी गोस्वामी समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं, जिनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा है.
वेब सीरीज से बड़े पर्दे तक का शानदार सफर
'चुपा-चुपी' की शुरुआत एक वेब सीरीज के रूप में हुई थी, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिली सफलता के बाद इसे फिल्म के रूप में सिनेमाघरों में रिलीज किया गया. बड़े पर्दे पर भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसे असमिया फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.




