लंदन से भारत लौटीं अनुष्का शर्मा, बच्चों से जुड़ी बातें कीं शेयर
अनुष्का ने कहा कि हम पर परफेक्ट पेरेंट बनने का बहुत दबाव होता है लेकिन हम परफेक्ट पेरेंट नहीं हैं।

बॉलीवुड ऐक्ट्रेस अनुष्का शर्मा कई महीनों बाद लंदन से वापस भारत आई हैं। वह 4 सितंबर की सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट हुईं। हालांकि, इस दौरान उनके साथ विराट और बच्चे नहीं दिखे। भारत लौटने के बाद उन्होंने मुंबई में एक इवेंट अटेंड किया जहां उन्होंने परिवार से जुड़ी कई बातों का खुलासा किया। उन्होंने विराट और खुद के पेरेंटिंग चैलेंज के बारे में खुलकर बात करते हुए कहा कि हम पर परफेक्ट पेरेंट बनने का बहुत दबाव होता है लेकिन हम परफेक्ट पेरेंट नहीं हैं।
बच्चों के सामने मान लेनी चाहिए गलती
इवेंट में अनुष्का ने कहा कि हमें बच्चों के सामने अपनी गलती मान लेनी चाहिए, इससे चीजें आसान हो जाती हैं। इसके अलावा ऐक्ट्रेस ने यह भी बताया कि मां बनने के बाद उन्होंने अपनी लाइफ में क्या-क्या बदलाव किए हैं। ऐक्ट्रेस ने कहा, 'मेरी बेटी बहुत छोटी है, इस वजह से कभी-कभी उसे कुछ सिखाना बहुत मुश्किल हो जाता है। ऐसे में हमें उसे कुछ सिखाने के लिए खुद भी वैसा ही करना होता है, जैसा हम सिखाना चाह रहे हैं।'
कैसे बनेगा बच्चा अच्छा इंसान?
अनुष्का ने इवेंट में अपनी बात को समझाते हुए कहा कि अगर आपको अपने बच्चे को कुछ सिखाना है तो आपको भी वैसा ही बनना पड़ेगा। बच्चा आपको ही देखकर सीखता है। ऐसे में बच्चों के लिए आप खुद को बदलिए और अपने बच्चे का बचपन जिएं, इससे वह एक अच्छा इंसान बन जाएगा। अनुष्का ने अपने बच्चों में अच्छे संस्कार डालने की कोशिश के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि वह और विराट बच्चों को सिखाने के बजाय उनके सामने खुद उदाहरण पेश करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बताया, 'बच्चों को कुछ भी प्यार से सिखाना चाहिए। अगर बच्चे किसी का सम्मान नहीं कर रहे हैं तो हमें उन्हें आराम से समझाना चाहिए क्योंकि वे सिर्फ बच्चे हैं।'
खुद बनाते हैं खाना
इवेंट में अनुष्का ने यह भी बताया कि वह और विराट अपने बच्चों के लिए खुद ही खाना बनाते हैं। ऐक्ट्रेस ने कहा, 'अगर हम अपनी मां के खाने की रेसिपी को घर पर नहीं बनाएंगे तो हमारे बच्चों को इसके बारे में कभी पता नहीं चल पाएगा। ऐसे में बच्चों को मां की रेसिपी बताने के लिए कभी मैं तो कभी मेरे पति खाना बनाते हैं।'