Cannes 2026: फ्रेंच रिवेरा में Alia Bhatt का प्रिंसेस लुक वायरल, फ्लोरल बॉल गाउन में दिखी खूबसूरत
कान्स 2026 के दौरान फ्रेंच रिवेरा में आलिया भट्ट का नया लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फ्लोरल बॉल गाउन, मिनिमल ज्वेलरी और नैचुरल मेकअप में एक्ट्रेस बेहद ग्रेसफुल नजर आईं.
12 मई को फ्रेंच रिवेरा की धूप में आलिया भट्ट (Alia Bhatt) एक बार फिर से अपनी स्टाइल और ग्रेस से सबका ध्यान खींचने में कामयाब रही. होटल मार्टिनेज में नजर आईं एक्ट्रेस इस बार एक बेहद कोमल, रोमांटिक और हल्के-फुल्के प्रिंटेड बॉल गाउन में दिखी. ड्रेस की चोली कॉर्सेट स्टाइल की थी, जिसमें पतली-पतली स्पैगेटी स्ट्रैप्स और अट्रैक्टिव स्वीटहार्ट नेकलाइन थी. ऊपर का हिस्सा शरीर को खूबसूरती से फिट बैठता था, जो नीचे की तरफ धीरे-धीरे लहराते हुए स्कर्ट में बदल जाता था.
लेकिन सबसे खास बात थी गाउन पर फैली वो वाटरकलर जैसी प्रिंटिंग. हल्के हरे, नीले, लैवेंडर और पीले रंगों का नाजुक मेल देखने वालों को एक पेंटिंग गार्डन की याद दिला रहा था. जैसे कोई कलाकार ब्रश घुमाकर फूलों, पत्तियों और आसमान की रंगों को कपड़े पर उतार गया हो. पूरी ड्रेस बहुत हल्की, आरामदायक और फेमिनिन लग रही थी. मेकअप भी ड्रेस के इसी नेचुरल और सहज अंदाज को मैच करता हुआ था. आलिया का यह जलरंग वाला बॉल गाउन न सिर्फ सुंदर है बल्कि यंग एक्ट्रेस को ये मैसेज भी देता है कि भारी-भरकम लुक की जरूरत नहीं, सादगी और सही रंगों का चुनाव भी आपको बेहद खास बना सकता है, कान्स की इस बार की जर्नी में आलिया का यह लुक पहले ही लोगों के दिलों में जगह बना चुका है.
आलिया का मेकअप
आलिया ने न्यूड-पिंक लिपस्टिक लगाई थी, आंखों पर हल्का-सा शिमरी आईशैडो और गालों पर ब्लश का नरम टच दिया था. भारी मेकअप से दूर, बिल्कुल फ्रेश और ग्लोइंग लुक था उनका. बालों को साइड पार्ट करके स्लीक बन में बांधा गया था, जो उनके चेहरे की खूबसूरती को और निखार रहा था. ज्वेलरी की बात करें तो उन्होंने हेवी ज्वेलरीसे परहेज किया. बस कुछ खूबसूरत रिंग्स और अट्रैक्टिव छोटे एयरिंग्स पहने थे, जो पूरे लुक को परफेक्टली कंप्लीट कर रहे थे. पिछले साल कान्स फिल्म फेस्टिवल में डेब्यू करने के बाद इस साल आलिया भट्ट फिर से फ्रेंच रिवेरा पहुंची हैं. शहर में उन्होंने ऑल-ब्लैक कैरोलिना हेरेरा आउटफिट में भी स्टाइलिश एंट्री की, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है.
कान्स 2026 में भारत की स्ट्रांग अपीयरेंस
इस साल आलिया लोरियल पेरिस की ग्लोबल एंबेसडर के रूप में 12 मई को कान फिल्म फेस्टिवल के ओपनिंग सेरेमनी में हिस्सा लेंगी. मेट गाला की तरह ही कान्स भी दुनिया का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित फिल्म इवेंट है. यहां भारत की प्रेजेंस हर साल मजबूत होती जा रही है. आलिया भट्ट के अलावा, बॉलीवुड स्टार ऐश्वर्या राय बच्चन भी इस बार रेड कार्पेट पर नजर आने वाली हैं. ऐश्वर्या कान्स की हमेशा से मेहमान रही हैं और हर बार अपनी यूनिक स्टाइल से सबको इम्प्रेस करती हैं.




