Begin typing your search...

Sasta-Mehanga: सितंबर में Creta से लेकर Venue तक, कई कारें होंगी महंगी; Hyundai ने एक साल के अंदर तीसरी बार बढ़ाए दाम

हुंडई सितंबर 2026 से अपनी कारों की कीमतों में करीब 1 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की तैयारी में है. क्रेटा, वैन्यू, एक्सटर, i20, ऑरा और अल्काजार जैसे लोकप्रिय मॉडल महंगे हो सकते हैं. कंपनी ने बढ़ती कच्चे माल, ऑपरेशनल लागत और आर्थिक अनिश्चितताओं को कीमत बढ़ाने की वजह बताया है.

Hyundai September 2026 Discount: Creta, i20, Exter, Nios & Aura Offers Up to Rs 1 Lakh
X
( Image Source:  ANI )

हुंडई मोटर इंडिया एक बार फिर अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की तैयारी में है. कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को दी जानकारी में बताया कि बढ़ती लागत के दबाव को देखते हुए सितंबर 2026 से उसके वाहनों की कीमतों में करीब 1 फीसदी तक की बढ़ोतरी की जा सकती है. हालांकि, सभी कारों की कीमत में एक जैसी बढ़ोतरी नहीं होगी। मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से अलग-अलग कीमतें बढ़ाई जाएंगी.

इस फैसले का असर हुंडई के कई लोकप्रिय मॉडल पर पड़ सकता है. इनमें क्रेटा, क्रेटा इलेक्ट्रिक, वैन्यू, एक्सटर, i20, वरना, ऑरा और अल्काजार जैसी गाड़ियां शामिल हैं. इसके अलावा कंपनी की एंट्री-लेवल कार ग्रैंड i10 निओस से लेकर प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी Ioniq 5 तक की कीमतों में भी बदलाव हो सकता है.


क्यों बढ़ रही हैं हुंडई की कारों की कीमतें?

कंपनी के मुताबिक, कारों की कीमत बढ़ाने के पीछे कई वजहें हैं. इनमें कच्चे माल और कमोडिटी की बढ़ती कीमतें, ऑपरेशनल लागत में इजाफा और लगातार बनी हुई भू-राजनीतिक एवं व्यापक आर्थिक अनिश्चितताएं प्रमुख हैं. हुंडई ने कहा है कि वह बढ़ी हुई लागत का ज्यादा से ज्यादा हिस्सा खुद वहन करने की कोशिश कर रही है, ताकि ग्राहकों पर इसका असर कम रखा जा सके. इसके बावजूद लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए कंपनी के लिए कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया है.

इस साल तीसरी बार महंगी होंगी हुंडई कारें

अगर सितंबर में यह बढ़ोतरी लागू होती है तो 2026 में हुंडई की कारों की कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी होगी. कंपनी ने इससे पहले 1 जनवरी 2026 से अपनी कारों की कीमतों में करीब 0.6 फीसदी की बढ़ोतरी की थी. इसके बाद मई में कंपनी ने घोषणा की थी कि जून से उसके अलग-अलग मॉडल की कीमतों में 12,800 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी. अब सितंबर से करीब 1 फीसदी तक की नई बढ़ोतरी के बाद हुंडई की कार खरीदने वाले ग्राहकों को पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.


हुंडई के पोर्टफोलियो में कई लोकप्रिय कारें

फिलहाल हुंडई इंडिया के पोर्टफोलियो में ग्रैंड i10 निओस, i20, ऑरा, एक्सटर, वैन्यू, क्रेटा, क्रेटा इलेक्ट्रिक, वरना और अल्काजार जैसे मॉडल शामिल हैं। कंपनी के इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में Ioniq 5 भी मौजूद है. कंपनी की कारों की कीमत करीब 5.6 लाख रुपये से लेकर 55.7 लाख रुपये तक है. ऐसे में कीमतों में 1 फीसदी तक की बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल पर अलग-अलग रकम के रूप में दिखाई देगी.

एक्सपोर्ट में भी आई गिरावट

हुंडई मोटर इंडिया के लिए वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही भी चुनौतीपूर्ण रही। इस दौरान कंपनी के एक्सपोर्ट में सालाना आधार पर करीब 20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. इसके पीछे पश्चिम एशिया में खराब होते हालात और कंपनी के एक प्रमुख सप्लायर Mobis की फैक्ट्री में आग लगने से उत्पादन पर पड़ा असर प्रमुख वजहों में शामिल रहा. उत्पादन कुछ समय के लिए प्रभावित होने से कंपनी के एक्सपोर्ट पर भी इसका असर पड़ा. अब बढ़ती इनपुट और ऑपरेशनल लागत के बीच हुंडई की सितंबर से प्रस्तावित कीमत बढ़ोतरी का सीधा असर नई कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों की जेब पर पड़ सकता है.

ऑटो न्यूज़
अगला लेख