Begin typing your search...

15 मई को 2 रुपये, 17 मई को कितने.... 48 घंटे के अंदर दूसरी बार बढ़े CNG के दाम; जानें ताजा रेट

बीते 2 दिन पहले पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिली थी. अभी तक जनता इसको भुला नहीं पाई थी कि 17 मई को फिर से सीएनजी के दाम बढ़ा दिए गए.

CNG Price Hike
X

CNG Price Hike

( Image Source:  ChatGPT )

देशभर में अब मिडिल ईस्ट जंग का असर सही तरीके से दिखना शुरू हो गया है, बीते 2 दिन पहले पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिली थी. अभी तक जनता इसको भुला नहीं पाई थी कि 17 मई को फिर से सीएनजी के दाम बढ़ा दिए गए. जिससे महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है. 2 दिन पहले सीएनजी के रेट में 2 रुपये प्रति किलो का इजाफा देखने को मिला था. अब एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है जब सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया गया है.

लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब सीधे आम आदमी की जेब पर पड़ता दिखाई दे रहा है. दिल्ली-एनसीआर में लाखों निजी वाहन चालक, टैक्सी और ऑटो ऑपरेटरों के साथ-साथ व्यावसायिक परिवहन से जुड़े लोग इस बढ़ोतरी से प्रभावित होंगे. रिपोर्ट के मुताबिक ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि आने वाले दिनों में रोजमर्रा की वस्तुओं और सेवाओं को भी महंगा कर सकती है.

अब कितने बढ़े CNG के दाम?

इस बार सीएनजी के दामों में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी देखने को मिली है. जिसके बाद राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमत बढ़कर 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. वहीं नोएडा और गाजियाबाद में अब 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सीएनजी खरीदनी पडे़गी.

जानकारी के मुताबिक नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं. इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई थी. ऐसे में केवल 48 घंटों के भीतर कुल 3 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

लगातार क्यों बढ़ रहे दाम?

ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखा जा रहा है. ईरान जंग और होर्मुज के आसपास बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है. होर्मुज को वैश्विक तेल शिपमेंट का बेहद महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है. क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बाद फरवरी के अंत से अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

पेट्रोल-डीजल भी हुए थे महंगे

सीएनजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी हाल ही में बड़ा इजाफा किया गया था. शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार साल से अधिक समय बाद 3 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई थी. इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है.

क्या बढ़ने वाली है महंगाई?

रिपोर्ट्स के मुताबिक मौजूदा बढ़ोतरी के बावजूद तेल विपणन कंपनियों को कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण हो रहे नुकसान की पूरी भरपाई नहीं हो पा रही है. ईंधन महंगा होने से माल ढुलाई की लागत बढ़ती है, जिसका असर खाद्य पदार्थों, दैनिक जरूरत की वस्तुओं और अन्य सेवाओं की कीमतों पर पड़ता है. ऐसे में आने वाले समय में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

अगला लेख