Iran War Ceasefire: सही में Iran पूरी तरह खोल देगा Strait of Hormuz? समझें पूरा खेल
ईरान-अमेरिका और इजरायल युद्ध के 39 दिन बाद घोषित सीजफायर के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा सवाल - क्या पूरी तरह खुलेगा रास्ता? जानें शर्तें, रणनीति और मिडिल ईस्ट में आगे क्या होगा.
मिडिल ईस्ट में जारी भीषण तनाव के बीच अब 14 दिन के सीजफायर ने हालात को एक नए मोड़ पर ला खड़ा किया है. इससे पहले मंगलवार को अमेरिका और ईरान के बीच टकराव चरम पर पहुंच गया था, वहीं अचानक कूटनीतिक हलचल के बाद युद्धविराम का ऐलान हुआ. इस फैसले के केंद्र में दुनिया का सबसे अहम तेल मार्ग (होर्मुज जलडमरूमध्य) है, जिसे लेकर सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. क्या ईरान वास्तव में इसे पूरी तरह खोल देगा या यह सिर्फ सीमित और शर्तों के साथ राहत है?
ईरान की ओर से साफ किया गया है कि यह कदम पूरी तरह परिस्थितियों और सैन्य संतुलन पर निर्भर करेगा. दूसरी तरफ अमेरिका की चेतावनियों और अंतरराष्ट्रीय दबाव ने इस अस्थायी शांति को जन्म दिया है. ऐसे में यह सीजफायर सिर्फ एक विराम नहीं, बल्कि आने वाले बड़े भू-राजनीतिक खेल की झलक भी माना जा रहा है. सात प्वाइंट में समझें युद्धविराम का पूरा खेल.
1. क्या है 2 हफ्ते के सीजफायर का पूरा फॉर्मूला?
मिडिल ईस्ट वॉर को रोकने को लेकर जिस आधार पर युद्धविराम की सहमति बनी है, उसके बारे में जानकारी ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने जानकारी दी है. उनके मुताबिक, ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने साफ किया है कि सशस्त्र बलों के समन्वय और तकनीकी सीमाओं के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवाजाही दो सप्ताह के लिए संभव होगी. इसका मतलब यह है कि पूरी तरह खुला रास्ता नहीं, बल्कि नियंत्रित और शर्तों के साथ जहाजों की आवाजाही होगी.
2. ईरान ने किन शर्तों पर मानी युद्धविराम की बात?
ईरान ने डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा घोषित 15 दिन के युद्धविराम को सशर्त स्वीकार किया है. अराघची ने स्पष्ट कहा कि यदि ईरान के खिलाफ हमले बंद होते हैं, तभी उसके सशस्त्र बल अपने खुद की रक्षा के लिए जारी अभियान पर रोक लगाएंगे. यानी यह सीजफायर पूरी तरह भरोसे और जवाबी कार्रवाई के संतुलन पर टिका है.
3. ट्रम्प ने अचानक हमला क्यों टाला?
यह फैसला उस वक्त आया जब डोनाल्ड ट्रम्प ने देर रात घोषणा की कि बातचीत में प्रगति और शहबाज शरीफ तथा आसिम मुनीर के हस्तक्षेप के बाद अमेरिका ने ईरान पर हमले दो सप्ताह के लिए रोक दिए हैं. ट्रम्प ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि पाकिस्तान के अनुरोध पर उन्होंने विनाशकारी सैन्य कार्रवाई को स्थगित करने का निर्णय लिया.
4. क्या ‘सभ्यता खत्म’ चेतावनी का पड़ा असर?
इस समझौते से कुछ घंटे पहले ही ट्रम्प ने चेतावनी दी थी कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुला तो एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है. इस बयान के बाद वैश्विक स्तर पर दबाव बढ़ा और कूटनीतिक गतिविधियां तेज हुईं, जिसके चलते यह अस्थायी युद्धविराम संभव हो सका.
5. क्या वाकई खुल जाएगा होर्मुज जलडमरूमध्य?
ईरान ने संकेत दिया है कि वह पूरी तरह नाकेबंदी नहीं हटाएगा, बल्कि नियंत्रित तरीके से जहाजों को गुजरने देगा. एक क्षेत्रीय अधिकारी के अनुसार, इस दौरान ईरान और ओमान जहाजों पर शुल्क भी लगा सकते हैं, जिसका उपयोग युद्ध में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में किया जाएगा.
6. ईरान की 10 शर्तों में क्या-क्या शामिल?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को 10-सूत्रीय प्रस्ताव सौंपा है. इसमें सुरक्षित समुद्री मार्ग के प्रोटोकॉल, प्रतिबंध हटाने, बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण, और क्षेत्रीय शत्रुता खत्म करने जैसी मांगें शामिल हैं. साथ ही, हर जहाज से लगभग 2 मिलियन डॉलर शुल्क लेने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिसे ओमान के साथ साझा किया जाएगा.
7. क्यों इतना अहम है होर्मुज, आगे क्या?
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है, जहां से करीब 20% वैश्विक तेल और LNG सप्लाई गुजरती है. ईरान, सऊदी अरब, इराक और यूएई जैसे देशों के लिए यह लाइफलाइन है. छह हफ्तों से जारी युद्ध, जिसमें अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद तनाव और बढ़ा, अब वैश्विक अर्थव्यवस्था को सीधे प्रभावित कर रहा है. ऐसे में यह सीज़फायर राहत तो देता है, लेकिन बड़ा सवाल यही है. क्या यह स्थायी शांति की शुरुआत है या बड़े संघर्ष से पहले की खामोशी?