'केबिन क्रू एक दिन आपकी जान...' क्यों वायरल हो रहा Flydubai वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार का 1 साल पुराना पॉडकास्ट, देखें वीडियो
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट को बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार का एक पुराना पॉडकास्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें वे केबिन क्रू को लेकर बातचीत कर रहे हैं.
Captain Smit Machchhar
(Image Source: X/ @Shubhamshuklamp, @pepel_klaasa )दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान बोइंग 737 मैक्स 8 विमान उत्तरी सऊदी अरब के ऊपर उड़ रहा था और करीब 30 सेकंड में 14,300 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गया था. विमान से अपहरण का अलर्ट जारी होने के बाद इसे सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की.
रिपोर्ट के मुताबिक ओमान के को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर अचानक हमला किया. हमले का उद्देश्य कैप्टन को विमान के संचालन से दूर करना था. हालांकि, घायल होने के बावजूद कैप्टन ने विमान का नियंत्रण पूरी तरह को-पायलट के हाथों में नहीं जाने दिया. विमान में मौजूद यात्रियों की मदद से को-पायलट को नियंत्रित किया गया और विमान को सुरक्षित उतारा गया. इस घटना के बाद अब कैप्टन स्मित मच्छार का एक साल पुराना पॉडकास्ट वायरल हो रहा है.
क्यों वायरल हो रहा स्मित मच्छार का वीडियो?
घटना के बाद स्मित मच्छार का करीब एक साल पुराना पॉडकास्ट वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया है. इस बातचीत में उन्होंने केबिन क्रू के साथ सम्मानजनक व्यवहार की अहमियत पर बात की थी. उन्होंने कहा था कि "जो लोग केबिन क्रू के साथ ठीक से व्यवहार नहीं करते हैं लेकिन वही केबिन क्रू एक दिन आपकी जान बचा सकते हैं." इसी पुराने बयान को मौजूदा घटना से जोड़कर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है.
कितना है स्मित मच्छार को एक्सपीरियंस?
जानकारी के मुताबिक, भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार के पास 13 साल से ज्यादा का कमर्शियल फ्लाइंग अनुभव है. उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, स्पाइसजेट के साथ काम करते हुए उन्होंने 9,500 से ज्यादा फ्लाइंग घंटे पूरे किए हैं. इनमें 6,400 घंटे से अधिक समय पायलट-इन-कमांड के तौर पर बताया गया है. उनके प्रोफाइल के अनुसार, बोइंग 737 विमानों पर भी उनका लंबा अनुभव है. उन्होंने बोइंग 737 विमानों पर 9,750 फ्लाइंग घंटे पूरे किए हैं. इसमें B737-800 के साथ-साथ B737 मैक्स 8 और मैक्स 9 जैसे विमान भी शामिल बताए गए हैं.
उनके प्रोफाइल के अनुसार, फ्लाइंग के अलावा उन्होंने लाइन ट्रेनिंग, पायलट चेक और मेंटरिंग से जुड़े काम भी किए हैं. उनकी विशेषज्ञता में क्रू रिसोर्स मैनेजमेंट, फ्लाइट स्टैंडर्ड्स, कॉम्प्लायंस और बोइंग 737 ऑपरेशंस का भी उल्लेख है. वहीं अब उनकी बाहदुरी के लिए पूरी दुनिया कैप्टन स्मित मच्छार की मुरीद हो गई है.