अमेरिका में फ्लू से 52 बच्चों की मौत! 90% लोगों को नहीं लगा टीका, CDC ने जारी की चेतावनी

फ्लू एक संक्रामक बीमारी है जो इन्फ्लूएंजा वायरस के कारण होती है. इसके आम लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी शामिल हैं. सर्दियों के मौसम में फ्लू ज्यादा फैलता है क्योंकि लोग बंद जगहों पर ज्यादा समय बिताते हैं. उत्तरी गोलार्ध में फ्लू सीजन अक्टूबर से मई तक रहता है, जिसमें दिसंबर से फरवरी सबसे ज्यादा मामले सामने आते हैं.;

( Image Source:  Create By AI Sora )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) की ताजा रिपोर्ट चिंताजनक है. इस फ्लू सीजन में अब तक कम से कम 52 बच्चों की मौत फ्लू से हो चुकी है. चौंकाने वाली बात ये है कि इनमें से 90 प्रतिशत से ज्यादा बच्चों को फ्लू का टीका नहीं लगा था. गैर-लाभकारी संगठन 'फैमिलीज फाइटिंग फ्लू' की कार्यकारी निदेशक मिशेल स्लाफकोस्की ने एनबीसी न्यूज से कहा, 'हम पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन चिंता ये है कि फ्लू का पीक अभी आया ही नहीं है.  अभी तो और बुरा समय आ सकता है.'

सीडीसी के मुताबिक, कई हफ्तों तक केस कम होने के बाद पिछले हफ्ते फ्लू के मामले फिर से बढ़ने लगे. इस मौसम में कुल 2 करोड़ से ज्यादा फ्लू के केस सामने आ चुके हैं. इससे 2 लाख 70 हजार लोग अस्पताल पहुंचे और 11 हजार की जान चली गई.  डॉक्टर बताते हैं कि एक ही सीजन में फ्लू की दो लहरें आना आम है, खासकर जब एक तरह का वायरस दूसरे की जगह ले लेता है.  

H3N2 का सबक्लेड K तेजी से फैल रहा, B स्ट्रेन भी जोर पकड़ रहा

डॉक्टरों का कहना है कि अभी ज्यादातर फ्लू फ्लू ए के H3N2 सबक्लेड K से हो रहा है. लेकिन अब फ्लू बी का स्ट्रेन भी तेजी से फैलने लगा है.  पिछले सीजन के आंकड़ों से पता चलता है कि दिसंबर के अंत में केस बढ़े, तो जनवरी-फरवरी में और तेजी आई.  

बच्चों में अस्पताल भर्ती की दर 15 सालों की सबसे ज्यादा

सीडीसी के अनुसार, इस सीजन में बच्चों को फ्लू से अस्पताल ले जाने की दर पिछले 15 सालों में सबसे ऊंची है. दिसंबर अंत तक, 18 साल से कम उम्र के बच्चों की साप्ताहिक भर्ती दर 2010-11 सीजन के बाद सबसे ज्यादा पहुंच गई. 24 जनवरी तक के हफ्ते में, इमरजेंसी में 5-17 साल के बच्चों में फ्लू पॉजिटिव मरीजों का प्रतिशत बढ़ा, जबकि बाकी उम्र वालों में ये स्थिर या कम हुआ. डॉक्टरों का मानना है कि इसका बड़ा कारण बच्चों में टीकाकरण की कम दर है. जनवरी में 6 महीने से 17 साल तक के सिर्फ 45.1 प्रतिशत बच्चों को ही फ्लू का टीका लगा. ये 2024-25 सीजन बच्चों के लिए अब तक का सबसे खतरनाक रहा, जिसमें 289 बच्चों की मौत हुई. पिछले साल इसी वक्त तक सिर्फ 47 मौतें थीं. 

टीकाकरण की पुरानी सिफारिशें

हाल ही में सरकार ने बचपन के टीकाकरण की पुरानी सिफारिशें बदल दी. पहले 6 महीने से सभी बच्चों को सालाना फ्लू टीका लगवाने को कहा जाता था, लेकिन अब माता-पिता को डॉक्टर से सलाह लेकर फैसला करने को कहा जा रहा है. हालांकि, अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स जैसे बड़े मेडिकल ग्रुप्स ने इसका विरोध किया है और सालाना टीके की सिफारिश जारी रखी है. 

फ्लू सीजन

फ्लू क्या है- फ्लू इन्फ्लूएंजा वायरस से होने वाली बीमारी है. इसके लक्षण जैसे सिरदर्द, शरीर दर्द, गले में खराश, तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत हो सकते हैं. ये गंभीर रूप ले सकता है खासकर सर्दियों में ये ज्यादा फैलता है, जब लोग ज्यादा इकट्ठे होते हैं. 

फ्लू सीजन कब आता है- उत्तरी गोलार्ध में फ्लू सीजन अक्टूबर से मई तक चलता है. केस दिसंबर से फरवरी के बीच सबसे ज्यादा होते हैं. 

फ्लू कितना आम है- ये दुनिया का सबसे आम संक्रमण है. हर सीजन में अमेरिका में 20 से 40 मिलियन लोग इससे प्रभावित होते हैं. 

फ्लू है या कोविड? कैसे पता चले- दोनों के लक्षण मिलते-जुलते हैं, इसलिए टेस्ट ही पक्का बताएगा. दोनों गंभीर हो सकते हैं, लेकिन अलग वायरस हैं और इलाज की दवाएं भी अलग हैं डॉक्टर से चेकअप जरूरी है. 

Similar News