'हर वीडियो कहता बीवी बनो, पुलिस स्टेशन खरीद लेने की धमकी', महिला के आरोपों पर यूट्यूबर ने कहा- मैं अपनी गर्दन काट लूंगा

‘10 वाला बिस्कुट’ डायलॉग से मशहूर शादाब जकाती पर महिला ने बंधक बनाकर शोषण का आरोप लगाया है. जवाब में शादाब ने वीडियो जारी कर सभी दावों को झूठा बताया.;

Shadab Jakati chandni controversy

(Image Source:  @priyarajputlive- X )
By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 6 Feb 2026 12:43 PM IST

'10 वाला बिस्कुट का पैकेट कितने का है जी' से सोशल मीडिया पर मशहूर हुए मेरठ के रहने वाले शादाब जकाती एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह कोई वायरल वीडियो नहीं, बल्कि एक महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप हैं, जिसने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है. महिला का दावा है कि शादाब ने उसे एक साल तक बंधक बनाकर रखा और उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी. अब इन आरोपों पर शादाब जकाती ने खुद सामने आकर वीडियो के जरिए सफाई दी है और सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है.

महिला ने शादाब जकाती पर क्या आरोप लगाए?

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में खुद को चांदनी उर्फ तबस्सुम बताने वाली महिला ने आरोप लगाया कि शादाब जकाती ने उसे करीब एक साल तक बंधक बनाकर रखा. महिला का कहना है कि उससे जबरन घर के काम करवाए गए और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी गई. इतना ही नहीं, महिला ने शादाब की पत्नी साजिया पर भी मारपीट के आरोप लगाए हैं. आरोप लगाते हुए महिला ने कहा कि मैंने कहा कि मैं पुलिस स्टेशन में जाकर FIR दर्ज करता दूंगी तो शादाब जकाती बोला कि जा करा दे मैं पुलिस स्टेशन खरीद लूंगा.  महिला का दावा है कि इन घटनाओं ने उसकी पूरी जिंदगी तबाह कर दी.

शादाब जकाती ने वीडियो जारी कर क्या कहा?

इन आरोपों के सामने आने के बाद शादाब जकाती ने एक भावुक वीडियो जारी किया. वीडियो में उन्होंने कहा कि 'मैं बहुत मेहनत से यहां तक पहुंचा हूं, लेकिन दुख इस बात का है कि लोग मुझे जीने नहीं दे रहे हैं. अगर कोई मेरे खिलाफ एक भी सबूत ले आए, तो मैं खुद अपनी गर्दन काट लूंगा.' शादाब ने आगे कहा कि जिस महिला ने उन पर आरोप लगाए हैं, वह मदद मांगने उनके पास आई थी. उन्होंने कहा कि वो बोली कि वह बहुत गरीब है, मजदूरी करती है और अपने बच्चे को पढ़ा नहीं पा रही. मैंने उसके बच्चे की छह महीने की फीस दी, कोर्स दिलवाया, किताबें दीं और कई बार राशन भरवाया. जब भी उसने पैसे मांगे. कभी दो हजार, कभी तीन, कभी पांच हजार- मैंने कभी मना नहीं किया.”

झारखंड की रहने वाली बताई जा रही है चांदनी

जानकारी के मुताबिक, चांदनी उर्फ तबस्सुम झारखंड की रहने वाली है. वह 2016-17 में मेरठ आई थी और बाद में मुजफ्फरनगर के सोनू से लव मैरिज की. इसके बाद वह इंचौली क्षेत्र में रहने लगी. महिला का पति बैटरी का काम करता था, जबकि वह खुद टाइल-पत्थर की मजदूरी करती थी. पति के बाहर रहने के दौरान ही उसने सोशल मीडिया पर रील बनाना शुरू किया.

वीडियो प्रमोशन के बहाने मिलने का आरोप

महिला का दावा है कि वह फरवरी 2025 में शादाब जकाती के पास वीडियो प्रमोशन के लिए गई थी और इस दौरान उसने कई वीडियो में काम भी किया. चांदनी का आरोप है कि इसी दौरान शादाब ने उसका शोषण किया, उससे देर रात तक झाड़ू-पोछा और बर्तन धुलवाए गए और शारीरिक शोषण भी किया गया.

पुलिस ने क्या कहा?

इस पूरे मामले पर इंचौली थाना प्रभारी ने साफ किया है कि फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस का कहना है कि अगर किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है, तो मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

'दोष साबित हुआ तो खुद सजा भुगतूंगा'- शादाब

वीडियो के अंत में शादाब जकाती ने दो टूक कहा कि वह किसी भी जांच से पीछे नहीं हटेंगे. उनका कहना है कि अगर आरोप साबित होते हैं, तो वह खुद को दोषी मानने को तैयार हैं, लेकिन बिना सबूत सोशल मीडिया ट्रायल उन्हें मानसिक रूप से तोड़ रहा है. फिलहाल मामला सोशल मीडिया के आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित है, लेकिन अगर पुलिस में शिकायत दर्ज होती है तो यह विवाद कानूनी मोड़ भी ले सकता है.

Similar News