इस्लाम पर विवादित बयानों के कारण बने निशाना! कौन हैं एक्स-मुस्लिम सलीम, जिनपर हुए ताबड़तोड़ चाकू से वार?

गाजियाबाद के लोनी इलाके में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब यूट्यूबर एक्स-मुस्लिम सलीम पर उनके ही घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया गया. हमलावरों ने गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए. सलीम की हालत गंभीर बताई जा रही है.

( Image Source:  X- @byAnandPandey )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 28 Feb 2026 8:22 AM IST

Who is Ex-Muslim Saleem: गाजियाबाद के कुछ इलाकों में शुक्रवार को उस समय तनाव फैल गया, जब एक चाकू हमले में यूट्यूबर और टीवी पैनलिस्ट सलीम वास्तिक गंभीर रूप से घायल हो गए. सलीम सोशल मीडिया पर खासा फेमस हैं, उनके मश्हूर होने की वजह वह एक एक्स मुस्लिम हैं और अकसर इस्लाम की आलोचना करते हुए वीडियो डालते रहते हैं. उनकी वीडियोज़ को सोशल मीडिया पर लाखों लोग देखते थे.

एक्स मुस्लिम सलीम पर हमला उत्तर प्रदेश के लोनी इलाके की अशोक विहार कॉलोनी स्थित उनके घर पर हुआ. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि डॉक्टर उनकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा है कि सलीम पर हमला उनके इस्लाम के खिलाफ आलोचक रुख की वजह से हुआ है.

कौन हैं सलीम वास्तिक?

सलीम वास्तिक गाजियाबाद के रहने वाले यूट्यूबर और टीवी पैनलिस्ट हैं. वे धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के लिए जाने जाते हैं. पिछले कुछ सालों में उन्होंने अपने मजबूत और कई बार विवादित विचारों के कारण ऑनलाइन अच्छी पहचान बनाई है. वह अकसर इस्लाम के खिलाफ बोलते हुए वीडियोज़ डालते हैं.

वे दो यूट्यूब चैनल चलाते हैं और अब तक करीब 179 वीडियो अपलोड कर चुके हैं. उनके मुख्य चैनल पर 28 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं. यूट्यूब के अलावा वे अक्सर टीवी न्यूज़ डिबेट में भी नजर आते हैं, जहां वे इस्लाम धर्म पर अपनी राय रखते दिख जाते हैं.

वास्तिक खुद को सार्वजनिक रूप से पूर्व मुस्लिम बताते हैं और इस्लाम के प्रति आलोचनात्मक विचार व्यक्त करने के लिए भी जाने जाते हैं. कुछ लोग उनके बेबाक अंदाज का समर्थन करते हैं, जबकि कई लोग उनके विचारों से कड़ा असहमति जताते हैं. उनके बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर तीखी बहस होती रही है.

कैसे हुआ सलीम पर हमला?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह हमला शुक्रवार सुबह हुआ. दो युवक मोटरसाइकिल पर सलीम वास्तिक के घर पहुंचे. दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनके चेहरे साफ नहीं दिख पाए. बताया जा रहा है कि हमलावर घर के अंदर घुसे और उन्होंने वास्तिक पर गर्दन और पेट में कई बार चाकू से वार किए. हमला करने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल रेफर कर दिया. अस्पताल सूत्रों ने उनकी स्थिति को 'बेहद गंभीर' बताया है.

पुलिस क्या कर रही है?

लोनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास की सड़कों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें भी बनाई गई हैं. अशोक विहार कॉलोनी में एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह का तनाव न फैले. पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है, क्योंकि हमले के कारण और मकसद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं.

कई लोगों और समूहों ने इस हमले को वास्तिक के सार्वजनिक विचारों और उनकी पहचान से जोड़कर देखा है. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा गया है. उन्होंने साफ किया है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

Similar News