UP में मुसलमान का हुआ एनकाउंटर तो पुलिस का भी होगा 'Encounter', कौन हैं धमकी देने वाले AIMIM नेता शौकत अली?
उत्तर प्रदेश में AIMIM नेता हाजी शौकत अली के एक बयान ने सियासी हलचल तेज कर दी है. उन्होंने जनसभा में कहा कि अगर उनकी पार्टी को ताकत मिलती है, तो मुस्लिमों के एनकाउंटर के जवाब में पुलिस पर भी वैसी ही कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया है.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब AIMIM नेता हाजी शौकत अली का एक बयान सामने आया. मेरठ में हुई एक जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी को पर्याप्त सीटें मिलती हैं, तो मुस्लिमों के एनकाउंटर करने वालों का भी एनकाउंटर किया जाएगा. उनके इस बयान के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया.
इस बयान को लेकर जहां एक तरफ समर्थक इसे सख्त रुख बता रहे हैं, वहीं विपक्षी दलों ने इसे बेहद विवादित और भड़काऊ करार दिया है. ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि आखिर यह धमकी देते वाले नेता हाजी शौकत अली हैं कौन?
मुसलमानों के एनकाउंटर के बदले एनकाउंटर
मेरठ में हुए ईद मिलन समारोह में नेता शौकत अली ने विवादित बयान दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा ' मुझे 111 नहीं, 11 जिताकर दे दो. मैं वादा करता हूं कि यूपी में अगर किसी मुसलमान का एनकाउंटर होगा तो एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा'. हालांकि, उनके इस बयान के चलते मेरठ पुलिस ने उन पर एफआईआर दर्ज कर दी है.
कौन हैं हाजी शौकत अली?
हाजी शौकत अली AIMIM के प्रमुख नेताओं में से एक हैं, जो उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वर्तमान में हाजी शौकत अली AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं. वह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और खासतौर पर मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाते रहे हैं.
राजनीतिक सफर
हाजी शौकत अली ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी पहचान बनाने के लिए कई चुनावों में भाग लिया है. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने गाजीपुर जिले की जहूराबाद सीट से किस्मत आजमाई थी. हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली, लेकिन उन्होंने अपने समर्थकों के बीच मजबूत पकड़ बनाई. इसके अलावा, वह स्थानीय निकाय चुनावों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं.