जेवर एयरपोर्ट के पास घर का सपना हुआ आसान, यमुना अथॉरिटी की 973 प्लॉट्स की नई स्कीम लॉन्च, ऐसे करें आवेदन
अगर आप भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के पास अपना घर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए सुनहरा मौका आ गया है. यमुना अथॉरिटी ने आज नई आवासीय योजना लॉन्च की है
yeida lucrative scheme
अगर आप भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के पास अपना घर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए सुनहरा मौका आ गया है. यमुना अथॉरिटी ने आज नई आवासीय योजना लॉन्च की है, जिसके तहत कुल 973 प्लॉट्स ऑफर किए जा रहे हैं. ये प्लॉट सेक्टर 15-C, 18 और 24 में स्थित हैं और इनकी कीमत 36,260 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है. खास बात यह है कि इन प्लॉट्स का आवंटन लॉटरी यानी ड्रा के जरिए किया जाएगा.
किनके लिए 17.5 प्रतिशत प्लॉट्स आरक्षित?
इस योजना में किसानों और स्थानीय व्यापारियों का भी ध्यान रखा गया है. जिन किसानों की जमीन एयरपोर्ट और यमुना क्षेत्र के विकास के लिए अधिग्रहित की गई थी, उनके लिए 17.5 प्रतिशत प्लॉट्स आरक्षित किए गए हैं, जबकि 5 प्रतिशत प्लॉट्स उन व्यापारियों के लिए रखे गए हैं जो यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अपनी औद्योगिक इकाइयां चला रहे हैं. प्लॉट्स के साइज भी अलग-अलग रखे गए हैं, जिनमें 162 और 200 वर्ग मीटर के सबसे ज्यादा प्लॉट्स उपलब्ध हैं, जबकि कुछ बड़े साइज के सीमित प्लॉट्स भी शामिल हैं.
कहां करे आवेदन?
अगर आप इस योजना में आवेदन करना चाहते हैं तो आप यमुना अथॉरिटी की आधिकारिक वेबसाइट https://yamunaexpresswayauthority.com/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 6 मई तय की गई है, जबकि ड्रा 18 जून को निकाला जाएगा. आवेदन के समय कुल कीमत का 10 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन अमाउंट जमा करना होगा, जो सफल आवेदकों के कुल भुगतान में एडजस्ट हो जाएगा और जिनका नाम ड्रा में नहीं आएगा, उन्हें यह राशि वापस कर दी जाएगी. वहीं, जिन लोगों को प्लॉट आवंटित होगा, उन्हें 60 दिनों के भीतर पूरा भुगतान करना होगा, हालांकि विशेष परिस्थितियों में 30 दिन की अतिरिक्त मोहलत भी दी जा सकती है.
किन प्लॉट्स पर देना होगा पांच प्रतिशत अतिरिक्त?
इस योजना के तहत पार्क या ग्रीन बेल्ट के सामने वाले प्लॉट्स और कॉर्नर प्लॉट्स पर 5 प्रतिशत अतिरिक्त प्रीमियम देना होगा. तेजी से विकसित हो रहे जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में यह योजना भविष्य के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है. एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यहां आवास की मांग बढ़ने की पूरी संभावना है, ऐसे में यह स्कीम न सिर्फ घर बनाने का मौका देती है बल्कि निवेश के लिहाज से भी एक मजबूत विकल्प साबित हो सकती है.
किस साइज के कितने प्लॉट होंगे
162 वर्ग मीटर (476 प्लॉट)
183 वर्ग मीटर (4 प्लॉट)
184 वर्ग मीटर (4 प्लॉट)
200 वर्ग मीटर (481 प्लॉट)
223 वर्ग मीटर (6 प्लॉट)
290 वर्ग मीटर (2 प्लॉट)