3 साल बाद एक हुए ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य, खत्म हुआ विवाद; इस वजह से लेना पड़ा फैसला
ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य ने लंबे समय से चल रहे विवाद को खत्म कर दोबारा साथ रहने का फैसला लिया है. दोनों ने यह कदम अपने बच्चों के भविष्य और परिवार की स्थिरता को ध्यान में रखते हुए उठाया.
ज्योति मौर्य और उनके पति आलोक मौर्य एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. इन दिनों उनकी जिंदगी में कुछ अच्छी और सकारात्मक खबरें आ रही हैं. पत्नी ज्योति मौर्य के साथ जो विवाद और मतभेद चल रहा था. वह अब पूरी तरह खत्म हो चुका है. दोनों पति-पत्नी ने आपसी सहमति से फैसला लिया है कि वे फिर से साथ रहेंगे. इस फैसले के बाद उनके पूरे परिवार में खुशी और शांति का माहौल बन गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने यह कदम मुख्य रूप से अपने बच्चों के भविष्य को देखते हुए उठाया है. बच्चों पर इस झगड़े का बुरा असर न पड़े, इसलिए उन्होंने अपने पुराने मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के साथ रहने का फैसला किया.
अब परिवार फिर से एकजुट और स्थिर हो गया है. फिलहाल ज्योति मौर्य को प्रमोशन मिल गया है और उनकी नई पोस्टिंग नोएडा में हो गई है. वहीं उनके पति आलोक मौर्य अब पूरी तरह से अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान दे रहे हैं. वे सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे हैं और यूपीएससी (UPSC) समेत कई अन्य बड़ी प्रतियोगी परीक्षाएं दे रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, एक राजनीतिक पार्टी ने आलोक मौर्य को चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था, लेकिन उन्होंने उसे ठुकरा दिया. उनका पूरा फोकस अब अपने करियर को बेहतर बनाने पर है. इसके अलावा आलोक मौर्य पुरुषों से जुड़े मुद्दों पर काफी सक्रिय रहते हैं. उन्होंने पुरुषों के हितों की रक्षा के लिए अलग से एक आयोग बनाने की मांग भी की है.
क्या आलोक मौर्य ने UPPSC परीक्षा पास कर ली?
हाल ही में आलोक मौर्य की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो गई थी. उस तस्वीर में वे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के बाहर खड़े नजर आ रहे थे. इस तस्वीर को देखकर कई लोगों ने सोचा कि आलोक मौर्य ने PCS परीक्षा पास कर ली है. लेकिन असलियत कुछ और ही निकली. जांच करने पर पता चला कि आलोक मौर्य अपने एक करीबी दोस्त के साथ आयोग गए थे. दरअसल, उनके दोस्त ने UPPSC 2024 की परीक्षा में सफलता हासिल की थी. आलोक मौर्य अपने दोस्त को बधाई देने और खुशी में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे थे यानी आलोक मौर्य ने परीक्षा पास नहीं की, बल्कि उनके दोस्त ने पास की है.
तीन साल पहले क्या हुआ था?
तीन साल पहले आलोक मौर्य ने अपनी पत्नी ज्योति मौर्य पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि शादी के समय वे पंचायत राज विभाग में चौथी श्रेणी के कर्मचारी (सफाई कर्मचारी) के रूप में काम करते थे. उन्होंने ज्योति को पढ़ाया-लिखाया और उनका सपोर्ट किया, जिसकी वजह से ज्योति UPPSC परीक्षा पास करके एसडीएम (SD M) बन गईं. लेकिन अफसर बनने के बाद ज्योति ने उनसे दूरी बना ली. आलोक ने ज्योति पर एक अन्य अधिकारी के साथ अवैध संबंध रखने के आरोप भी लगाए थे. अब दोनों ने पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने का फैसला लिया है. उम्मीद है कि उनका यह फैसला परिवार के लिए अच्छा साबित होगा.