मैं सही हूं बात खत्म! Sapna Choudhary को किस मामले में मिली जेल से राहत? अब भरना होगा इतना हर्जाना

मशहूर डांसर सपना चौधरी को लखनऊ कोर्ट से बड़ी राहत मिली है, जहां उनके खिलाफ जारी जमानती वारंट रद्द कर दिया गया. कोर्ट ने जुर्माना लगाते हुए अगली सुनवाई 28 अप्रैल तय की है.

लखनऊ मामले में सपना चौधरी को राहत(Image Source:  Instagram: itssapnachoudhary )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 5 April 2026 2:11 PM IST

सपना चौधरी (Sapna Choudhary) के खिलाफ जारी जमानती वारंट को रद्द कराने के लिए मशहूर डांसर सपना चौधरी शनिवार को लखनऊ की एक अदालत में पहुंचीं. अदालत ने उनके आवेदन पर सुनवाई की और उन्हें राहत देते हुए जमानती वारंट को वापस ले लिया. प्रभारी एसीजेएम अनुपम दुबे ने सपना चौधरी पर 1,400 रुपये का हर्जाना (जुर्माना) लगाया. साथ ही अदालत ने उन्हें 60 हजार रुपये का मुचलका दाखिल करने का आदेश दिया. अब इस मामले की अगली सुनवाई 28 अप्रैल को तय की गई है.

सपना चौधरी ने अदालत से बाहर निकलकर मीडिया से बात करते हुए कहा, 'पक्ष कुछ नहीं होता, सही है तो सही है. मैं सही हूं इसलिए बाहर हूं, बस बात खत्म. इसमें पक्ष क्या होगा? अगर मैं सच में दोषी होती, तो क्या आपको लगता है कि मैं आज बाहर घूम रही होती? इसलिए बहुत सिंपल सी बात है किसी पर आरोप लगना एक बात है और उसे दोषी साबित होना पूरी तरह अलग बात है. जब तक कोर्ट मुझे दोषी साबित नहीं कर देता, तब तक मैं कुछ नहीं कहूंगी. अभी तक कुछ भी साबित नहीं हुआ है. कोर्ट में सब कुछ अच्छा रहा, बढ़िया माहौल था और मुझे अच्छा लग रहा है.'

पूरा मामला क्या है?

यह घटना साल 2018 की है लखनऊ के आशियाना थाने की चौकी किला में तैनात उप-निरीक्षक फिरोज खान ने 13 अक्टूबर 2018 को सपना चौधरी समेत कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उस समय लखनऊ के स्मृति उपवन में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें सपना चौधरी सहित कई कलाकारों को परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था. आयोजकों ने प्रति व्यक्ति 300 रुपये के हिसाब से हजारों टिकट बेच दिए थे. लोग कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे थे. लेकिन रात 10 बजे तक जब सपना चौधरी कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचीं, तो दर्शक बहुत नाराज हो गए. भीड़ बेकाबू हो गई और लोगों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया.

कानूनी प्रक्रिया में कर रही है सहयोग  

नाराज लोगों ने तोड़फोड़ भी की. इस घटना के बाद थाने में सपना चौधरी और आयोजकों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया. पुलिस ने इस मामले की गहन जांच की और साल 2019 में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी. चार्जशीट में सपना चौधरी समेत रत्नाकर उपाध्याय, अमित पांडे, इबाद अली, नवीन शर्मा और जुनैद अहमद जैसे लोगों को आरोपी बनाया गया था. लंबे समय से इस मामले में सुनवाई चल रही थी. लेकिन सपना चौधरी लगातार अदालत में हाजिर नहीं हो रही थीं. जिसकी वजह से कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिया था. अब सपना चौधरी खुद कोर्ट में पेश होकर कानूनी प्रक्रिया में शामिल हुई हैं. उन्होंने कोर्ट को भरोसा दिलाया है कि आगे भी वह हर सुनवाई में हाजिर रहेंगी और जांच में पूरा सहयोग करेंगी. यह पूरा मामला टिकट बेचकर कार्यक्रम न करने के आरोप पर आधारित है। अब कोर्ट इसकी आगे की सुनवाई करेगा. 

Similar News