शारदीय नवरात्रि से पहले गौतमबुद्ध नगर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इटहेरा स्थित धर्मेश इंडस्ट्रीज की मसाला निर्माण इकाई पर छापा मारा, जहां मिलावटी मसाला बनाने का आरोप है. यहां से मिर्च, हल्दी, धनिया समेत मसाले बनाने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री बरामद की गई. इनमें पीला और लाल रंग के साथ भूसी भी शामिल है.

विभाग ने जांच के लिए 13 नमूने संग्रहित किए हैं, जबकि करीब 3759 किलोग्राम सामग्री को सीज कर दिया गया है. मामले में संबंधित के खिलाफ थाने में FIR दर्ज कराई गई है.


क्यों और कब की गई कार्रवाई?

  • जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है. इसी अभियान के तहत शुक्रवार देर शाम बिसरख थाना क्षेत्र के इटहेरा में स्थित धर्मेश इंडस्ट्रीज पर छापेमारी की गई.
  • सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के मुताबिक, मौके से बड़ी मात्रा में मसाले और उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई.
  • विभागीय कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से 125 किलोग्राम मिर्च के बीज, 1050 किलोग्राम हल्दी पाउडर, 315 किलोग्राम धनिया पाउडर और 525 किलोग्राम मिर्च पाउडर बरामद किया गया.
  • इसके अलावा 360 किलोग्राम धनिया के टुकड़े, 140 किलोग्राम साबुत हल्दी, 600 किलोग्राम धनिया की डंडी की भूसी और 180 किलोग्राम अन्य सामग्री में मिर्च के बीज मिले होने की जानकारी दी गई.
  • मौके से 100 किलोग्राम सोयाबीन की बड़ी, 300 किलोग्राम साबुत मिर्च, 2 किलोग्राम पीला रंग, 2 किलोग्राम लाल रंग और 60 किलोग्राम सरसों का तेल भी मिला. विभाग के अनुसार, इन सामग्रियों का इस्तेमाल मसाले बनाने में किया जा रहा था.
  • खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अपमिश्रक के तौर पर मिले पीले रंग, लाल रंग और भूसी समेत कुल 13 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए हैं. शेष करीब 3759 किलोग्राम सामग्री को सीज कर दिया गया.
  • अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित के खिलाफ बिसरख थाने में सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज कराई गई है। फैक्ट्री का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है.


सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा. विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है. इसके लिए खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.