'हैलो! कूड़ा यहां से उठाओ नहीं तो चालान हो जाएगा', कचरा फेंककर लौट रहा था युवक, CCTV से आई आवाज तो घबराकर वापस उठा ले गया; वीडियो वायरल
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में खुले में कूड़ा फेंकना एक युवक को भारी पड़ गया. CCTV कैमरे से निगरानी कर रहे व्यक्ति ने पब्लिक अनाउंसमेंट कर उसे चेतावनी दी. अचानक आवाज सुनकर युवक घबरा गया, लेकिन चालान की चेतावनी मिलने पर उसने फेंका हुआ कूड़ा उठाया और घर वापस ले गया.
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए RWA ने अनोखी पहल की है. सेक्टर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए गंदगी फैलाने वालों की निगरानी की जाती है. इसी बीच एक ऐसा मामला सामने आया, जिसमें दीवार के किनारे कूड़ा फेंककर जा रहे युवक को कैमरे के जरिए पब्लिक अनाउंसमेंट कर चेतावनी दी गई.
आवाज सुनकर युवक पहले घबरा गया, लेकिन जब उसे दोबारा कूड़ा उठाने और ऐसा नहीं करने पर चालान होने की चेतावनी दी गई तो वह कूड़ा उठाकर अपने घर ले गया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
RWA महासचिव हरेंद्र भाटी ने क्या बताया?
- सेक्टर बीटा-1 के RWA महासचिव हरेंद्र भाटी के मुताबिक, यह घटना 9 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे की है. सेक्टर में रहने वाला एक व्यक्ति बच्चे को गोद में लेकर अपने घर से कूड़ा उठाकर लाया था. वह कूड़े को दीवार के किनारे फेंककर वापस जाने लगा. इसी दौरान वह सेक्टर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया.
- कैमरे की निगरानी कर रहे व्यक्ति ने तुरंत पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए उसे कूड़ा उठाने के लिए कहा. अचानक आई आवाज सुनकर युवक पहले समझ नहीं पाया कि उसे कहां से टोका जा रहा है.
- इसके बाद दोबारा अनाउंसमेंट कर चेतावनी दी गई कि कूड़ा नहीं उठाने पर सुबह उसका चालान कराया जाएगा. चेतावनी मिलते ही युवक ने वहां फेंका गया कूड़ा उठाया और अपने घर वापस ले गया.
- RWA महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि सेक्टर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इसके बावजूद कुछ लोग घरों का कूड़ा खुले स्थानों या दीवारों के किनारे फेंककर चले जाते हैं. ऐसे लोगों की पहचान करने के लिए सेक्टर में अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी कराई जाती है.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस पहल की सराहना कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि शहर और अपने आसपास के इलाकों को साफ रखने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए. जो लोग समझाने के बावजूद खुले में कूड़ा फेंकते हैं, उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि सेक्टर में साफ-सफाई बनी रहे.




