नोएडा की सोसायटी में लूट का नया तरीका, मेड बनकर आई महिला ने इस ट्रिक से परिवार को बनाया निशाना

ग्रेटर नोएडा की आम्रपाली किंग्सवुड सोसाइटी में एक महिला ठग ने मेड बनकर घर में एंट्री ली और बुजुर्ग को नशीला पदार्थ देकर लूटपाट की. घटना के समय घर में 6 महीने की बच्ची मौजूद थी, जिससे परिवार और अधिक दहशत में है.

ग्रेटर नोएडा में बुजुर्ग से लूटपाट(Image Source:  State Mirror मोहम्मद रज़ा )
By :  मोहम्मद रज़ा
Updated On : 4 April 2026 1:17 PM IST

ग्रेटर नोएडा के आम्रपाली किंग्सवुड सोसाइटी में एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है. एक महिला ठग मेड का काम बताकर बुजुर्ग महिला के घर में घुसी और उन पर नशीला पदार्थ फेंककर बेहोश करने के बाद मंगलसूत्र व नकदी लूटकर फरार हो गई. पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना 3 अप्रैल 2026 कल दोपहर की है. इस समय घर में 6 महीने की नन्ही बच्ची के साथ सिर्फ बुजुर्ग अकेली थीं. परिवार के सदस्य धर्मींदर मिश्रा ने बताया, 'मैं उस समय उत्तराखंड में था. मेरी पत्नी ऑफिस गई हुई थी. हम दो-तीन दिन से नैनी और खाना बनाने वाली की तलाश कर रहे थे.

पत्नी ने सोसाइटी के नो ब्रोकरहुड ग्रुप में रजिस्टर्ड कुछ लोगों को फोन किया था और गेट नंबर-3 की सिक्योरिटी इंचार्ज महिला को भी बताया था. हमें उम्मीद थी कि 30 तारीख को दोपहर करीब 12 बजे कोई आने वाला है.' धर्मींदर मिश्रा ने आगे बताया, 'दोपहर में मम्मी से बात हुई थी, तब सब ठीक था. शाम चार बजे अचानक पत्नी का फोन आया कि घर में कुछ हो गया है. जब मैंने मम्मी को फोन किया तो वे रो रही थीं और कुछ बोल भी नहीं पा रही थीं. हमने तुरंत 112 पर कॉल किया. पुलिस मौके पर पहुंची और पत्नी भी ऑफिस से घर आई.' 

कैसे हुई चोरी?

पीड़ित बुजुर्ग महिला के अनुसार, वह महिला मेड का काम मांगते हुए आई. बुजुर्ग ने उसे कहा कि बहू आने पर बात करें, लेकिन ठग महिला ने घर के कमरे दिखाने का बहाना बनाया. बुजुर्ग ने दरवाजा खोल दिया. अंदर घुसते ही उस महिला ने बुजुर्ग पर नशीला पदार्थ फेंक दिया, जिससे वे बेहोश हो गईं. ठग महिला ने मंगलसूत्र, चार-पांच हजार रुपये की नकदी चुरा ली. घर के दूसरे बेडरूम को भी खंगाल लिया. मास्टर बेडरूम की अलमारी खोलने की कोशिश की लेकिन चाबी फंस जाने से अलमारी नहीं खुल सकी. सबसे बड़ी चिंता यह रही कि 6 महीने की बच्ची सो रही थी. परिवार डरता है कि अगर ठग महिला बच्ची को भी उठा ले जाती तो क्या होता.

सोसाइटी की सुरक्षा उठाया सवाल 

धर्मींदर मिश्रा ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां न तो कैमरे लगे हैं और न ही आने-जाने वालों की कोई पूछताछ होती है. उन्होंने मेंटेनेंस ऑफिस को फोन किया तो वहां से जवाब मिला- आप ऑफिस आ जाइए, तब देखेंगे.' पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है. शाम को एडिशनल डीसीपी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मेंटेनेंस एजेंसी का कॉन्ट्रैक्ट रद्द कराने का आश्वासन दिया है. हालांकि, परिवार को अभी तक FIR की कॉपी नहीं दी गई है. यह घटना दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही ऐसी लूटपाट की घटनाओं की एक और कड़ी है, जिसमें ठग मेड और घरेलू कामगारों के बहाने घरों में घुसकर लूट करते हैं. 

Similar News