'घूंघट उठाकर बनाना है संबंध तो पहले 90 लाख दो', सुहागरात पर आगरा की बहू ने दूल्हे से कर दी ये डिमांड; कोर्ट पहुंच गया मामला
आगरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के अगले ही दिन एक नवविवाहित जोड़े का रिश्ता विवाद में बदल गया. आरोप है कि दुल्हन ने सुहागरात पर ₹90 लाख नकद की मांग रख दी और शर्त रखी कि जब तक यह रकम नहीं मिलेगी, वह संबंध नहीं बनाएगी.
उत्तर प्रदेश के आगरा के जगदीशपुरा इलाके हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि नई नवेली शादी उस वक्त बड़े विवाद में बदल गई जब सुहागरात के दिन ही दुल्हन पर 90 लाख रुपये की कथित मांग का आरोप लग गया. यह मामला धीरे-धीरे इतना बढ़ा कि पुलिस केस और कोर्ट तक पहुंच गया.
दूल्हे पक्ष का आरोप है कि शादी की सभी रस्मों के बाद जब दुल्हन घर आई, तो पहली ही रात उसने पैसे की मांग कर दी और विवाद शुरू हो गया. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव और हिंसा के आरोप भी सामने आए हैं.
सुहागरात पर क्या हुआ विवाद?
परिजनों के अनुसार, दूल्हा जैसे ही कमरे में गया, दुल्हन ने कथित तौर पर 90 लाख रुपये नकद की मांग रख दी. आरोप है कि उसने यह भी कहा कि जब तक पैसे नहीं मिलेंगे, वह वैवाहिक संबंध नहीं बनाएगी. दूल्हे के इनकार के बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे घर का माहौल तनाव पूर्ण हो गया.
परिवारों के बीच बढ़ा विवाद और हंगामा
दूल्हे पक्ष का कहना है कि स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने दुल्हन को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने अपने मायके वालों को सूचना दे दी. कुछ ही समय बाद दुल्हन के परिजन कथित तौर पर घर पहुंचे और वहां हंगामा शुरू कर दिया. तोड़फोड़, गैस पाइपलाइन और आगजनी की कोशिश का आरोप. परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दुल्हन के परिजनों ने घर में तोड़फोड़ की और PNG गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया.
आरोप यह भी है कि घर में मौजूद लोगों को बंधक बनाकर बाहर से दरवाजा बंद करने की कोशिश की गई और गैस लीकेज के जरिए धमाके की स्थिति बनाने का प्रयास हुआ. स्थानीय लोगों की मदद से परिवार किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रहा.
दूल्हे पक्ष ने दावा किया है कि दुल्हन ने स्वीकार किया था कि वह शादी में सिर्फ आर्थिक लाभ के लिए आई थी. आरोप है कि विवाद के बाद वह घर से जेवर और कीमती सामान लेकर फरार हो गई, जिसमें सास के गहने भी शामिल थे.
पुलिस जांच और कोर्ट का रुख
परिवार का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट के आदेश के बाद जगदीशपुरा थाने में दुल्हन, उसके पिता और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है और उस बिचौलिए की भी तलाश जारी है जिसने यह रिश्ता तय कराया था. इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह मामला किसी फर्जी दहेज आरोप या पूर्व-नियोजित साजिश से जुड़ा हो सकता है.