नोएडा में बवाल का असर! घर से निकलने से पहले जान लें कौन से रूट हुए डायवर्ट? ट्रैफिक पुलिस ने शेयर की एडवायजरी

नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन का असर अब ट्रैफिक पर साफ दिखाई दे रहा है. लोगों घंटों से जाम में फंसे हुए हैं. अब ऐसे में नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कुछ रूट्स को डायवर्ट कर दिया है. साथ ही, हेल्पलाइन नंबर भी शेयर किया है.

( Image Source:  ANI )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 13 April 2026 12:21 PM IST

सोमवार सुबह नोएडा और आसपास के इलाकों में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मजदूरों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया. इस घटना का असर सीधे ट्रैफिक पर पड़ा और कई प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया. हालात ऐसे बन गए कि लोगों को घंटों तक सड़कों पर फंसे रहना पड़ा, जिससे ऑफिस जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा.

स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अलर्ट जारी किया है, जहां कुछ पुरी स्क्वायर मार्ग, संदीप पेपर मिल रोड और सेक्टर-62 गोलचक्कर से NIB पुलिस चौकी की ओर जाने वाले रूट पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है. इसके अलावा, हेल्पलाइन नंबर भी शेयर किया है. 

कई प्रमुख रूट्स पर ट्रैफिक डायवर्जन

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने जाम को कंट्रोल करने और ट्रैफिक को सही तरीके से बनाए रखने के लिए कई रास्तों पर डायवर्जन लागू किया है. इनमें पुरी स्क्वायर रूट, संदीप पेपर मिल रोड और सेक्टर-62 राउंडअबाउट से एनआईबी पुलिस पोस्ट की ओर जाने वाला रास्ता शामिल है. इसके अलावा, लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9971009001 भी जारी किया है, जिस पर कॉन्टैक्ट कर लोग ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी ले सकते हैं.

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर लगा लंबा जाम

सुबह से शुरू हुए इस प्रदर्शन ने दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर यातायात को लगभग ठप कर दिया. खासकर एनएच-9 जैसे प्रमुख मार्गों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. कई किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई, जिससे लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा. ऑफिस जाने के पीक आवर में यह जाम और भी गंभीर हो गया, जिससे दैनिक यात्रियों की परेशानी कई गुना बढ़ गई.

हिंसक प्रदर्शन से बढ़ा तनाव

पुलिस के मुताबिक, फेज-2 और अन्य औद्योगिक इलाकों में सैकड़ों मजदूर सड़कों पर उतर आए थे. प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र हो गया और सेक्टर-84 में स्थिति ज्यादा बिगड़ गई, जहां प्रदर्शनकारियों ने दो गाड़ियों में आग लगा दी. वहीं, सेक्टर-62 तक भी इस प्रदर्शन का असर देखने को मिला, जहां भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई.

Similar News