नोएडा फेज-2 में भारी बवाल! वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे कर्मचारियों ने लगाई गाड़ियों में आग, जमकर हुई पत्थरबाजी
नोएडा के फेज-2 इलाके में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया. गुस्साए मजदूरों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी और जमकर पत्थरबाजी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
नोएडा के फेज-2 इलाके में मजदूरों का प्रदर्शन एक बार फिर तेज हो गया है. सोमवार सुबह से ही बड़ी संख्या में कर्मचारी सड़कों पर उतर आए और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध जताने लगे. देखते ही देखते यह प्रदर्शन उग्र हो गया, जहां कुछ जगहों पर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आईं. हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है.
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि मौजूदा वेतन में परिवार का खर्च चलाना बेहद मुश्किल हो गया है. बढ़ती महंगाई ने उनकी आर्थिक स्थिति को और भी कमजोर कर दिया है, जिसके चलते वे लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं.
सुबह से सड़कों पर उतरे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, सुबह से ही बड़ी संख्या में मजदूर एक कंपनी के बाहर इकट्ठा हुए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू किया. धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई और प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया. मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की.
गाड़ियों में लगाई आग
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कई गाड़ियों में आग लगाई और संपत्तियों को निशाना बनाया. इलाके में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. इससे आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बन गया.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और मजदूरों को शांत कराने की कोशिश की. हल्का बल प्रयोग करते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
क्या हैं मजदूरों की मांगें?
मजदूरों का कहना है कि वे हरियाणा मॉडल की तर्ज पर न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग कर रहे हैं. उनकी मांगों में अकुशल श्रमिकों के लिए ₹15,220, अर्धकुशल के लिए ₹16,781, कुशल के लिए ₹18,501 और उच्च कुशल श्रमिकों के लिए ₹19,426 वेतन तय करने की बात शामिल है.
पुलिस ने की लोगों से ये अपील
गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के औद्योगिक इलाकों में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था कर दी गई है. हर संवेदनशील जगह पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अपनी टीम के साथ मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. अधिकारियों द्वारा मजदूरों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है और उन्हें समझाने की कोशिश जारी है. जरूरत पड़ने पर हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में रखा जा रहा है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें.